The Lallantop

RCB ने मजाक उड़ाया तो अशोक डिंडा भी बोल पड़े- ये देखो और मुंह बंद रखो

लोग डिंडा के नाम से सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले बॉलरों की अकेडमी चला रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
35 साल के अशोक डिंडा ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग से तंग आकर ये कहा है.
अशोक डिंडा. नाम तो सुना ही होगा. बंगाल से निकला वो तेज तर्रार गेंदबाज जिसने टीम इंडिया के लिए 13 वनडे इंटरनेशनल और 9 टी20 इंटरनेशनल खेले. वनडे में 12 विकेट और टी20 में 17 विकेट लिए हैं. 2008 से 2017 तक कई टीमों के लिए आईपीएल भी खेले. स्पीड लगातार 145 kph की रही. इतने जोशीले बॉलर कि अपनी हर गेंद पर जान झोंकते हैं. 2009 में पहली पारी श्रीलंका के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया और फिर वनडे टीम में भी जगह बनाई. डोमेस्टिक में 9 साल से वो लगातार सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन रहे हैं. 400 से ज्यादा फर्स्ट क्लास विकेट ले चुके हैं.
मगर सोशल मीडिया है कि अशोक डिंडा के पूरे संघर्ष और टैलंट की मजाक उड़ाने पर तुला है. दुनिया में कोई भी खिलाड़ी खराब परफॉर्म करता है तो उसे डिंडा अकेडमी का स्टूडेंट पता दिया जाता है. फेसबुक पर तमाम ऐसे पेज हैं जो डिंडा पेस अकेडमी और डिंडा पेस अकेडमी 2.0 के नाम से चल रहे हैं और यहां अशोक डिंडा की खूब मजाक बनाई जाती है. उमेश यादव से लेकर इशांत शर्मा, संदीप शर्मा और वरुण एरॉन तक की खराब परफॉर्मेंस को अशोक डिंडा से जोड़ दिया जाता है.
Untitled design (30)

अब हद तो तब हो गई जब इस ट्रोलिंग में आरसीबी भी उतर आई. 24 अप्रैल की रात को आरसीबी और पंजाब के मैच में उमेश यादव ने 4 ओवरों में 36 रन देकर 3 विकेट लिए और फ्रैंचाइज के ऑफिशयल हैंडल से ट्वीट किया गया. इसमें लिखा- डिंडा अकेडमी? ये क्या है? साथ में उमेश यादव का तीन विकेट वाला फोटो भी डाला. आरसीबी ने ये इसलिए किया क्योंकि उमेश यादव को भी डिंडा अकेडमी की स्टूडेंट कहा जा रहा था. मगर जैसे ही उमेश ने विकेट ले लिए तो आरसीबी भी ट्रोलर्स को ट्रोल करने के लिए डिंडा के नाम का सहारा लिया. बाद में आरसीबी की सोशल मीडिया टीम को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने ट्वीट डिलीट करके नई ट्वीट की.
Untitled design (29)

अब इन सबसे परेशान होकर आखिरकार अशोक डिंडा सामने आए हैं. 35 साल के इस क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी है और कहा है- मुझसे नफरत करने वालों को समझने की सहूलियत हो इसके लिए कुछ आंकड़े दे रहा हूं. अपने विचारों पर जरा गौर करो, ये सच्चाई नहीं हैं." यहां डिंडा ने अपने पिछले 9 घरेलू सीजन के आंकडे़ दिखाए हैं जिनमें से 8 में वो सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं. इसके बाद डिंडा ने लिखा," अपने नफरत फैलाते मुंह बंद रखो और मुझे इससे दूर रखो." डिंडा ने अपना आखिरी आईपीएल सीजन 2017 में पुणे राइजिंग के लिए खेला था.
साल 2013 में अशोक डिंडा ने पुणे वॉरियर्स के लिए खेलते हुए मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अपने 4 ओवरों में 63 रन दे दिए थे. उसी परफॉर्मेंस को आधार बनाकर सोशल मीडिया पर लोग डिंडा से मजे लेते हैं. मगर उनके बाद कई और बॉलरों जैसे इशांत शर्मा ने 66 रन, उमेश यादव और संदीप शर्मा ने 65-65 रन और वरुण एरॉन ने 63 रन लुटाए हैं. जो भी हो अशोक डिंडा को इस तरह सोशल मीडिया में मीम्स और मजाक का हिस्सा बनाना सही नहीं है. एक खिलाड़ी अपनी पूरी लाइफ मैदान पर मेहनत करते हुए बिताता है. जी जान लगाता है. उसकी एक खराब परफॉर्मेंस को इस तरह से मजाक का उदाहरण बनाना सही नहीं है. दूसरा तब तो बिल्कुल भी नहीं जब उस खिलाड़ी को इस मजाक से आपत्ति हो रही हो. सोशल मीडिया तब काम की जगह है जब यहां जिम्मेदारी से चीजें लिखी और कही जाएं.


लल्लनटॉप वीडियो भी देखें- 

Advertisement
Advertisement