इजरायल में एक भारतीय की मौत हुई है और 2 घायल हुए हैं. ये सब हुआ लेबनान के मिसाइल हमले से. सोमवार, 4 मार्च को इजरायल के उत्तर में स्थित एक बगीचे में लेबनान की एंटी-टैंक मिसाइल से हमला किया गया. जिसकी चपेट में आकर एक भारतीय की मौत हो गई. जबकि 2 अन्य इस हमले में घायल हो गए. इजरायली मीडिया के मुताबिक ये भारतीय मूल रूप से भारत के केरल के रहने वाले हैं.
इजरायल में एक भारतीय की मौत, लेबनान से आई मिसाइल ने बगीचे में ले ली जान, 2 घायल
Israel के उत्तरी इलाके की घटना है, Lebanon की एंटी-टैंक Missile अचानक बगीचे में आ गिरी. हमले को लेकर क्या पता चला है?

PTI से बात करते हुए इजरायली बचाव सर्विस के प्रवक्ता जकी हेलर ने हमले को लेकर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि मिसाइल ने स्थानीय समयानुसार सोमवार सुबह 11 बजे इजरायल के उत्तर में स्थित गैलीली इलाके के मार्गालियट गांव को हिट किया. इसके निशाने पर कृषि से जुड़ी एक फर्म आई.
तीनों भारतीयों को लेकर क्या पता लगा?इजरायल की सरकार से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि हमले में मरने वाले व्यक्ति की पहचान केरल के कोल्लम के पटनीबिन मैक्सवेल के रूप में हुई है. घायलों की पहचान बुश जोसेफ जॉर्ज और पॉल मेल्विन के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. इलाज जारी है और दोनों खतरे से बाहर हैं.
एक अधिकारी ने बताया,
"चेहरे और शरीर पर चोट लगने के बाद बुश जोसेफ जॉर्ज को बेलिन्सन अस्पताल ले जाया गया है. उनका ऑपरेशन किया गया है, उनकी हालत में सुधार हो रहा है और उन्हें निगरानी में रखा गया है. वो अब भारत में अपने परिवार से बात कर सकते हैं."
इस अधिकारी ने आगे बताया कि तीसरे भारतीय पॉल मेल्विन मिसाइल हमले में मामूली रूप से घायल हुए और उन्हें उत्तरी इजराइल के साफेद शहर के ज़िव अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वो केरल के इडुक्की जिले से हैं.
भारत में स्थित इजरायल के दूतावास ने भी घटना को लेकर ट्वीट किया है. इसमें बताया गया है,
एक बगीचे में खेती कर रहे लोगों पर शिया आतंकवादी संगठन हिजबुल्लाह ने कायरतापूर्ण आतंकी हमला किया. उत्तरी इजरायल का मार्गालियट गांव, खेती से जुड़ा एक शांतिपूर्ण इलाका है. इस हमले के कारण एक भारतीय नागरिक की मौत और दो अन्य के घायल होने पर हमें गहरा दुख है. इजरायली अस्पताल पूरी तरह से घायलों की सेवा में लगे हैं, इनका इलाज हमारे सबसे अच्छे डॉक्टर्स द्वारा किया जा रहा है.

वहीं लेबनान के इस हमले के बाद इजरायल की आर्मी ने बताया कि उन्होंने भी रॉकेट दागकर लेबनानी हमले का जवाब दिया है. हिजबुल्लाह से जुड़े कई ठिकानों पर हमले किए गए हैं.
ये भी पढ़ें:-क्या Israel ने आटे के इंतज़ार में खड़े लोगों का नरसंहार किया?
बता दें कि बीते 8 अक्टूबर से लेबनान का हिजबुल्लाह गुट उत्तरी इजरायल में रोजाना रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन से हमला कर रहा है. गाजा में चल रहे युद्ध में हिजबुल्लाह, हमास के समर्थन में ये अटैक कर रहा है.
वीडियो: दुनियादारी: इज़रायल-हमास जंग 2024 में खत्म होगी, भारत को कहां ध्यान देना होगा?









