कोरोना वायरस दुनिया भर के मैप में पावर प्ले कर रहा है. लेकिन इरेंगल, मिरामार, सैनहॉक और विकेंडी के मैप में कोई लॉकडाउन नहीं है. क्योंकि ये मैप हैं PUBG गेम के. और इन्हीं नक्शों में गोला बारूद लेकर टहलने वाली भारत भर की बेस्ट टीमों को जलवा दिखाने का निमंत्रण मिला है इंडिया टुडे लीग ई-स्पोर्ट टूर्नामेंट में. 23 अप्रैल, 2020 से 26 अप्रैल, 2020 तक PUBG के इन्हीं तगड़े खेलाड़ लोगों का खेल होगा. देश की सबसे बेहतरीन प्रफेशनल और सेमी-प्रफेशनल टीमें हिस्सा लेंगी इस लीग चैम्पियनशिप में.
लॉकडाउन की बोरियत को नॉकआउट करने वाली इंडिया टुडे PUBG लीग 2020 आ गई
PUBG खेलने वाली सबसे बेहतरीन 20 टीम और ढाई लाख रुपए के प्राइज़.


खेल के भीतर गाड़ी-घोड़ा सब मिलता है और बीच बीच में आसमानी मदद भी आती है
# कुछ इनाम ओनाम है?
हां है न. दम साध के दुनिया भर की रणनीति लगाकर जो टीमें फ़तह हासिल करेंगी उनके लिए टोटल ढाई लाख रुपए तक के जाबड़ इनाम भी हैं. ढाई लाख रुपए के इनाम के लिए ये खूंखार टीमें एक दूसरे के कल पुर्जे खोलेंगी. खेल उन्हीं चार नक्शों में होगा. इरैंगल, मिरामार, सैनहॉक और विकेंडी.
# कै बजे से चलेंगी गोलियां?
इन खिलाड़ियों को देखने दिखाने का इंतज़ाम इंडिया टुडे लाइव स्ट्रीम पर होगा. 23 अप्रैल शाम को 4 बजे से खेल लाइव स्ट्रीम होगा. ताकि शौकिया खेलने वाले देख समझ सकें कि जहां जाकर वो नॉक आउट हो जाते हैं वहां से ये जाबड़ खिलाड़ी कैसे बाहर निकलते हैं.
लाइव स्ट्रीम देखने के लिए undefined
के पते पर पहुंचिए.

आसमान से उतरते ही जनता एक दूसरे की जान के पीछे जान छोड़ के दौड़ती है
# कित्ती टीमें रहेंगी वैसे?
देश दुनिया में अपनी गोलियों का लोहा मनवा चुकीं 20 टीमें रहेंगी इस पूरे टूर्नामेंट में. इन 20 टीमों को टोटल 16 मुकाबले खेलने होंगे. भारत की जानी मानी पबजी टीम fnatic, TSM ENTTY, Orangerock, 8bit, SouL, Mayhem, SynerGE, VSG CRAWLERS, UME, Marcos Gaming, TeamIND, Megastars, Team Tamilas, Celtz, HYDRAOFFICIAL, GodLike, Element esports और Powerhous एक दूसरे का सामना पबजी मोबाइल टूर्नामेंट में करेंगी.

जिसका जित्ता तगड़ा निशाना रहता है वो उतना ही देर तक जिंदा रह पाता है इस खेल में
# क्या कहा? जानते नहीं ये पबजी क्या बला है?
कोई बात नहीं. इसमें जज करने कराने वाली बात नहीं है. दुनिया में अभी भी लोग हैं जिन्होंने गेम ऑफ़ थ्रोन्स नहीं देखा और न ही उन्हें PUBG के बारे में मालूम है. असल में इसका पूरा नाम है PLAYER UNKNOWN'S BATTLEGROUNDS. इसी को शॉर्ट में कहते हैं PUBG. अलग-अलग कुछ नक़्शे होते हैं. उसमें हवाई जहाज़ आपको छोड़ के जाता है. आप जैसे और भी लोग होते हैं. हथियार और दुश्मन दोनों नीचे मिलते हैं. झट से पहुंचकर उनका काम तमाम करके आख़िर तक बचे रहना होता है. गाड़ी-स्कूटर दवा दुआ सब मिलती है. अपने जैसी बाक़ी टीमें जहां मिल जाएं वहां लोग आपस में निपट लेते हैं. बीच-बीच में हवाई जहाज़ से स्पेशल सामान वगैरह भी आता रहता है.
ट्रेलर देखिए कित्ता जोरदार है -












