The Lallantop

पन्नू-निज्जर का नाम ले भारतीय राजदूत से बदसलूकी, अमेरिकी गुरुद्वारे का VIDEO वायरल

वहां मौजूद भीड़ ने आरोप लगाए कि भारतीय दूत तरणजीत सिंह संधू निज्जर की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं. मामले पर BJP ने प्रतिक्रिया दी है.

Advertisement
post-main-image
US में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू (फोटो-X)

अमेरिका के एक गुरुद्वारे में भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है (India Envoy Heckled US). घटना के पीछे खालिस्तान समर्थकों का हाथ बताया जा रहा है. मामला न्यू यॉर्क के हिक्सविले गुरुद्वारे का है. संधू, 26 नंवबर को गुरुपर्व के मौके पर वहां प्रार्थना करने गए थे. तभी उन्हें खालिस्तान समर्थकों ने घेर लिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. BJP प्रवक्ता RP सिंह ने वायरल वीडियो शेयर कर लिखा,

खालिस्तानियों ने भारतीय राजदूत तरणजीत सिंह संधू के साथ धक्का-मुक्की की कोशिश की. उनसे गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की असफल साजिश में भूमिका को लेकर निराधार सवाल किए गए. न्यूयॉर्क के हिक्सविले गुरुद्वारे में खालिस्तान समर्थकों का नेतृत्व करने वाले हिम्मत सिंह ने हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत की भूमिका के लिए राजदूत संधू पर भी आरोप लगाया.

Advertisement

वीडियो में दिख रहा है कि वहां मौजूद लोग हरदीप सिंह निज्जर और गुरपतवंत सिंह पन्नू का नाम ले रहे हैं. वे कह रहे हैं,

निज्जर की हत्या के लिए आप जिम्मेदार हैं. आपने पन्नू को मारने की साजिश रची.

कुछ देर बाद राजदूत संधू अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से चले गए. खबर है कि वहां खालिस्तानी झंडा भी फहराया गया.

Advertisement
ऐसा पहली बार नहीं हुआ

इस साल जुलाई में अमेरिका से इस तरह की एक और घटना सामने आई थी. सैन फ्रैंसिस्को में खालिस्तान चरमपंथियों ने भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमला किया था. फिर सितंबर में UK के स्कॉटलैंड में खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय अधिकारी के साथ बदतमीजी की थी. UK में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोरईस्वामी को स्कॉटलैंड में एक गुरुद्वारे में जाने से रोका गया. मामले को UK के विदेश कार्यालय में उठाया गया. 

बता दें, कनाडा के PM जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंसियों का हाथ होने का आरोप लगाया था. वो कई बार अपने इस दावे को दोहरा चुके हैं. उन्होंने ये भी कहा कि वो इससे जुड़ी खुफिया जानकारियां भारत के साथ साझा कर चुके हैं. इधर, भारत ने कनाडा के आरोपों को सिरे से खारिज किया है.

ये भी पढ़ें- कनाडा के बाद खालिस्तानियों ने अब इस देश में बवाल किया, उच्चायुक्त को गुरुद्वारा जाने से रोका

इस पूरे घटनाक्रम पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा था कि कनाडा में भारत विरोधी गतिविधियों को जो छूट मिली हुई है, उस पर ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया था कि कनाडा में भारतीय राजनयिक सुरक्षित नहीं हैं.

वीडियो: खालिस्तानी आतंकी पन्नू हमले से बचा, 'साजिश' पर अमेरिका ने भारत को क्या सुना दिया?

Advertisement