The Lallantop

दो पत्नियों की लड़ाई में फायरिंग हुई, पति को गोली लग गई, फिर...

घायल ताहिर खान की दो बीवियां हैं. पहली से तलाक का केस चल रहा है.

Advertisement
post-main-image
सांकेतिक फोटो. (फोटो: इंडिया टुडे)

मध्य प्रदेश के भोपाल जिले में एक शख्स को गोली लगने की घटना चर्चा में है. खबरों में बताया गया है कि घायल व्यक्ति को पत्नियों की लड़ाई के दौरान गोली लग गई. पीड़ित ताहिर खान की दो बीवियां हैं. दोनों किसी बात पर लड़ पड़ीं. लड़ाई-लड़ाई में ताहिर को गोली लग गई. उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. उसकी हालत के बारे में फिलहाल कोई अपडेट नहीं है. इस बात का पता भी नहीं चला है कि पीड़ित पर गोली किसने चलाई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
कैसे शुरू हुई लड़ाई?

न्यूज एजेंसी ANI के हवाले से आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भोपाल का रहने वाला ताहिर खान अपनी दूसरी बीवी हुमा के साथ रहता है. उसका पहली बीवी अंजुम से तलाक का मामला कोर्ट में पेंडिंग है. अंजुम ने ताहिर की जायदाद में हिस्से की मांग की हुई है. रविवार 19 फरवरी को अंजुम अपने बेटे समेत कुछ लोगों के साथ ताहिर के घर पहुंची थी. 

खबरों के मुताबिक घर में मौजूद हुमा ने जैसे ही दरवाजा खोला उसकी अंजुम से तीखी बहस शुरू हो गई. कुछ ही देर में दोनों की बहस हाथापाई में बदल गई. इसी दौरान ताहिर नहा कर वहां पहुंचा तो किसी ने गोली चला दी, जो ताहिर को लग गई. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. मामला पुलिस में दर्ज करा दिया गया है. जांच शुरू हो चुकी है. 

Advertisement
पुलिस ने क्या बताया?

ANI से बात करते हुए भोपाल के ACP वीरेंद्र मिश्रा ने बताया, 

'अपनी पहली बीवी अंजुम के साथ लड़ाई के दौरान ताहिर खान नाम के शख्स को गोली लग गई है. ताहिर पर अंजुम द्वारा दायर तलाक का केस चल रहा है. अंजुम दो-तीन लोगों के साथ ताहिर के घर पहुंची थी. तभी ताहिर की दूसरी पत्नी हुमा खान और अंजुम के बीच लड़ाई हो गई. लड़ाई के वक्त ताहिर नहा रहा था. आवाज सुन कर ताहिर बाथरूम से बाहर आया तभी किसी ने उसे गोली मार दी.'

वीरेंद्र मिश्रा ने आगे बताया कि लड़ाई के दौरान ताहिर की दूसरी पत्नी को भी चोट आई. उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. अधिकारी ने कहा कि गोली चलाने वाले का पता नहीं चल पाया है. मामले की जांच की जा रही है. पता चलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

वीडियो: भोपाल गैस त्रासदी की उस फोटो की कहानी जिसे देख पूरी दुनिया हिल गई!

Advertisement