पाकिस्तान में एक 14 साल की हिन्दू बच्ची को किडनैप कर लिया गया. घर वालों ने शिकायत की. पुलिस चुप रही. आरोप है कि बच्ची को बचाने के लिए पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. बच्ची सिंध प्रांत की रहने वाली है. पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के मेंबर रमेश कुमार वांकवानी ने कहा, '10 अप्रैल को सिंध प्रांत के संघार में रहने वाली 14 साल की लीलाबाई नाम की बच्ची को किडनैप कर लिया गया. लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है. मामले में एक एफआईआर भी दर्ज की गई है.' द टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, रमेश कुमार ने इसके लिए बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के सांसद पीर अब्दुल हक उर्फ मियां मिट्ठू को भी जिम्मेदार बताया.
रमेश ने किडनैपिंग के लिए सिंध में रहने वाले दो और लोगों पर आरोप लगाया. रमेश ने कहा, 'ये लोग पाकिस्तान में हिंदू लड़कियों को किडनैप करते हैं . और लगभग हर रोज हिंदू लड़कियों को इस्लाम धर्म में जबरन कंवर्ट करवाया जा रहा है. इसी वजह से बीते दिनों में हिंदू लड़कियों को किडनैप करने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं.'
पाकिस्तानी पुलिस की बकलोली का एक एग्जाम्पल ये लीजिए. पुलिस को जब 14 साल की लीलाबाई को खोजने के लिए कहा. तो उन्होंने 40 साल की एक लीलाबाई नाम की औरत को पेश कर दिया. और कहा- ये रही लीलाबाई. बाद में बच्ची के परिवार की पहचान के बाद पुलिस की जांच फिर ठंडे बस्ते में चली गई.
रमेश के मुताबिक, 'ऐसा नहीं है कि सिर्फ कम उम्र की हिंदू लड़कियों को किडनैप किया जा रहा है. ज्यादा उम्र की हिंदू महिलाओं को भी किडनैप किया जा रहा है. कुछ रोज पहले 50 साल की एक हिंदू औरत का कराची से किडनैप किया गया था. हालांकि पाकिस्तान हिंदू काउंसिल ने महिला को जल्द ही छुड़ा लिया था.'