The Lallantop

पाकिस्तान में हिंदू, ईसाई लड़कियों से ज्यादती, तेजाब फेंक आंख की रौशनी छीनी, जबरन अगवा किया

दोनों मामलों में आरोप मुस्लिम समुदाय के युवकों पर लगा है, लेकिन...

Advertisement
post-main-image
पाकिस्तान में हिंदू लड़कियों के खिलाफ अपराध के दो मामले (सांकेतिक फोटो-आजतक)

पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय की लड़कियों के साथ हिंसा और अपहरण की घटनाएं थम नहीं रही हैं. कुछ दिन पहले यहां दो अल्पसंख्यक लड़कियों से ज्यादती की खबरें आईं. एक मामला पाकिस्तन के सिंध प्रांत का और दूसरा कराची शहर के मीरपुरखास इलाके का. एक लड़की के चेहरे पर तेजाब से हमला हुआ, जबकि दूसरी को अगवा कर लिया गया. एक पीड़िता हिंदू और दूसरी ईसाई समुदाय से आती है. ये साफ नहीं है कि तेजाब और अपहरण की अलग-अलग घटना दोनों में से किसके साथ हुई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रिपोर्टों के मुताबिक दोनों ही मामलों के आरोपी मुस्लिम समुदाय से आते हैं जो मामलों के तूल पकड़ने की बड़ी वजह है. पाकिस्तान में जबरन धर्मांतरण कर शादी करने के कई केस आ चुके हैं. हालांकि इन दोनों मामलों में अब तक ये लिंक होने की जानकारी नहीं है.

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक तेजाब फेंके जाने की घटना सिंध में हुई. मामले के आरोपी कामरान पर आरोप है कि वो पीड़ित लड़की से जबरदस्ती करता था. बताया गया कि इससे परेशान होकर लड़की ने कामरान के परिवार से शिकायत कर दी थी. आरोप है कि इससे तमतमाए कामरान ने लड़की के चेहरे पर तेजाब से हमला कर दिया. इससे पीड़िता का चेहरा झुलस गया. कुछ रिपोर्टों के मुताबिक हमले के चलते पीड़िता ने अपनी एक आंख की रौशनी खो दी है.

Advertisement

आजतक से जुड़े सतेंद्र चौहान की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता का नाम सुनीता मुनव्वर है. उसने मीरपुरखास के एरिया मजिस्ट्रेट फ्रायर खान को दिए बयान में कहा कि आरोपी कामरान उसे परेशान करता था. अभद्रता से पेश आता और जबरदस्ती करता था. सुनीता ने कहा कि उसने इसकी शिकायत कामरान के परिवार से कर दी थी. इसके बाद एक दिन नौकरी से घर लौटते हुए कराची के कैंट बस स्टैंड पर उस पर तेजाब फेंक दिया गया.

हमले के बाद सुनीता को अस्पताल में दाखिल करवाया गया. उसकी जान तो बच गई, लेकिन दाईं आंख की रौशनी चली गई है. चेहरे के साथ उसके दोनों हाथ भी जल गए हैं. उधर कामरान के खिलाफ स्थानीय पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आरोपी फिलहाल फरार है. पीड़िता का परिवार पुलिस के रवैये से भी नाराज है. उसका कहना है कि वो ठीक से कार्रवाई नहीं कर रही.

वहीं अपहरण का मामला मीरपुरखास का है. यहां कुछ मुस्लिम युवकों पर 16 साल की लड़की को अगवा करने का आरोप लगा है. पीड़िता का नाम सपना बताया गया है. घटना के समय वो मीरपुरखास डाकखाने से लौट रही थी, तभी उसे किडनैप कर लिया गया. पुलिस को मामले की सूचना दी गई है. अब तक सपना का कोई सुराग नहीं लग सका है.

Advertisement

वीडियो: पाकिस्तानी सीरीज़ 'बरज़ख', में फवाद खान और सनम सईद 8 साल बाद आए साथ

Advertisement