अगर किसी शहरी इलाके में एक साथ सैकड़ों मगरमच्छ दिख जाएं तो भगदड़ मचना तय है. ऐसा मंजर देख आप सकते में पड़ सकते हैं. लेकिन ये कोई कपोल कल्पना नहीं बल्कि हकीकत में घटित हुआ है. मेक्सिको में. जहां इस घटना के बाद मगरमच्छों की जनसंख्या नियंत्रण की बात भी उठाने लगी है. दरअसल, तूफान के बाद आई भारी बारिश से तटीय क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ गया. इस वजह से तक़रीबन 200 मगरमच्छ शहरी इलाकों में रेंगते हुए घुस गए हैं. इसके बाद कम से कम 165 मगरमच्छों को पकड़ कर को दूसरी जगह भेजा गया है.
मेक्सिको: भारी बारिश के बाद शहरी इलाके में घुस आए 200 मगरमच्छ, खलबली मच गई
मगरमच्छ दिखने की ये घटनाएं उत्तरी मेक्सिको में स्थित तमाउलिपास राज्य के शहरी इलाकों की हैं. जहां हाल में आए तूफान 'बेरिल' और उष्णकटिबंधीय तूफान 'अल्बर्टो' के बाद हुई भारी बारिश के चलते सैकड़ों की तादाद में मगरमच्छ दिखाई देने लगे हैं.


अमेरिकी समाचार संस्थान CBS न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, मगरमच्छ दिखने की ये घटनाएं उत्तरी मेक्सिको में स्थित तमाउलिपास राज्य के शहरी इलाकों की हैं. जहां हाल में आए तूफान 'बेरिल' और उष्णकटिबंधीय तूफान 'अल्बर्टो' के बाद हुई भारी बारिश के चलते सैकड़ों की तादाद में मगरमच्छ दिखाई देने लगे हैं. अधिकारियों का कहना है कि जून में आए तूफान के बाद हुई भारी बारिश के बाद से उन्होंने लगभग 200 बड़े सरीसृपों को पकड़ा है. और इन्हें स्थानांतरित किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- डेंगू के मामले बारिश आते ही क्यों बढ़ने लगते हैं? बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए?
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण तटीय लैगून में जल स्तर बढ़ गया, जिससे जानवर रेंगते हुए टैम्पिको और पास के शहर स्यूदाद माडेरो और अल्तामिरा में चले गए. यहां कम से कम 165 मगरमच्छों को पकड़ कर दूसरी जगह भेजा गया है.
तमाउलिपास राज्य पर्यावरण विभाग की प्रमुख करीना लिजेथ सालदिवार ने एक बयान में कहा,
‘हाल में हुई बारिश ने लैगून सिस्टम में जल स्तर बढ़ा दिया है, जिससे मगरमच्छों की साइटिंग (दिखाई देने) में वृद्धि हुई है.’
तमाउलिपास राज्य पर्यावरण विभाग द्वारा सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया गया है. इसमें मगरमच्छों की कई तस्वीरों के साथ विभाग ने ‘मगरमच्छों की जनसंख्या नियंत्रण’ पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता पर जोर दिया है. विभाग के मुताबिक, प्रजातियों के संरक्षण के लिए देखभाल और सम्मान सुनिश्चित करते हुए लोगों की सुरक्षा का भी ख्याल रखना अहम है.
घटना पर पर्यावरण संरक्षण से संबंधित फेडरल अटॉर्नी जनरल के कार्यालय ने बताया कि जून में इस क्षेत्र में लगभग 40 और मगरमच्छों को पकड़ा गया और उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों के बाहर उचित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था. हालांकि कार्यालय द्वारा ये भी बताया गया कि मगरमच्छों के दिखाई पड़ने की समस्या अभी जारी रह सकती है. क्योंकि सड़कों और ड्रेनेज कनाल जैसे स्थानों पर जहां बाढ़ का पानी भर गया था, वहां जैसे-जैसे पानी का स्तर नीचे जाएगा, मगरमच्छों का दिखना बना रहेगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, यह समस्या इस सप्ताह तब सामने आई जब सोशल मीडिया पर लोगों ने शहरी क्षेत्रों में दिखाई दे रहे मगरमच्छों के वीडियो पोस्ट किए. जिससे इलाके में हंगामा मच गया. हंगामे के बाद विभाग ने एक बयान जारी कर कहा,
‘अधिकारी जनता की मांग पर प्रतिक्रिया देने की कोशिश कर रहे हैं. क्योंकि कई तटीय लैगून नालों से जुड़े हुए हैं, जिससे भोजन की तलाश में या अपने प्राकृतिक आवास से विस्थापन के कारण मगरमच्छों को बाहर निकलने में आसानी होती है. लेकिन इससे लोगों के लिए खतरा बढ़ जाता है.’
रिपोर्ट के मुताबिक, मेक्सिको में मगरमच्छ एक संरक्षित प्रजाति मानी जाती है.
वीडियो: IAS अधिकारी पूजा खेडकर की बढ़ी मुश्किलें, विकलांग सर्टिफिकेट पर बैठी जांच






















