गुजरात के कच्छ में 17 मार्च की सुबह अचानक से 15 परिवारों की झोपड़ी में आग लग गई. बताया जा रहा है कि ये सभी झोपड़ियां मजदूरों की थीं. आरोप है कि वहां रहने वाला एक ठेकेदार मजदूरों से काम करवाता था, फ्री में. मजदूरों ने इसका विरोध किया. काम पर आने से इनकार कर दिया. इस बात से नाराज़ होकर ठेकेदार ने कथित तौर पर उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की. इसी कोशिश में मजदूरों के घर खाक हो गए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है.
गुजरात में काम से इनकार करने पर मजदूरों को जिंदा जलाने की कोशिश, सबके झोपड़े हुए खाक
आरोपी मोहम्मद रफीक कुंभार अपने आसपास रहने वाले लोगों को मजदूरी करवाने के लिए लेकर जाता है. लेकिन मजदूरी के पैसे नहीं देता. बाद में मजदूरों ने उसके साथ काम करने से इनकार कर दिया. इस बात से रफीक भड़क गया. उसने धमकी दी कि मजदूरों को और उनकी झोपड़ियों को जला देगा.

आजतक से जुड़े कौशिक कांठेचा की रिपोर्ट के मुताबिक़ घटना कच्छ के अंजार में हुई है. यहां खत्री चौक पर झोपड़ियों में आग लगी थी. हादसे में मजदूरों का सारा सामान जल गया. एक मजदूर गंगाराम यादव ने पुलिस शिकायत दर्ज करवाई. उन्होंने शिकायत में बताया कि अंजार में रहने वाला आरोपी मोहम्मद रफीक कुंभार अपने आसपास रहने वाले लोगों को मजदूरी करवाने के लिए लेकर जाता है. लेकिन मजदूरी के पैसे नहीं देता था. बाद में मजदूरों ने उसके साथ काम करने से इनकार कर दिया.
रिपोर्ट के मुताबिक 16 मार्च की रात रफीक इस बात से भड़क गया. उसने सबको धमकी दी कि वो मजदूरों को और उनकी झोपड़ियों को जला देगा. 17 मार्च की सुबह जब मजदूर और उनके बच्चे सो रहे थे, उस समय आरोपी मोहम्मद रफीक ने पेट्रोल छिड़ककर उनकी झोपड़ियों में आग लगा दी.
ये भी पढ़ें: हरियाणा के रेवाड़ी में दर्दनाक हादसा, फैक्ट्री में बॉयलर फटा, 35 से ज्यादा मजदूर झुलसे
रिपोर्ट के मुताबिक़ आग देखकर वहां के आसपास के लोग इकट्ठा हुए और दमकल टीम को इसकी जानकारी दी. मजदूरों की किस्मत अच्छी की उनमें से किसी की जान नहीं गई. लेकिन उनकी झोपड़ियां और उनके अंदर का सारा सामान जल गया. इस घटना में सभी लोग आग से बाहर आ गए थे. लेकिन मजदूरों के बीच रहने वाली एक बिल्ली और उसके सात बच्चों की आग में जलने से मौत हो गई.
घटना के बाद सभी मजदूर पुलिस के पास पहुंचे और आरोपी मोहम्मद रफीक के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: कहानी उन रैट माइनर्स की जिन्होंने पहाड़ खोदकर 41 मजदूरों की जान बचाई










