ये पंक्तियां है फैजाबाद के मरहूम हास्य कवि रफीक सादानी चचा की. ये उतनी ही अटल सत्य हैं जितना सूरज का पूरब में उगना. अब हम कहेंगे तो हमको ट्रोलिया दोगे. इसलिए रफीक चचा की बात उधार ले लिए. हम उनकी बात सिर्फ आंकड़ों से साबित करने की कोशिश करेंगे. पूछो कइसे. तो अइसे कि हिमांचल में चुनाव की डेट आ गई है. 9 नवंबर. गुजरात में तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. सियासी पंडित मुस्की छांट रहे हैं. कह रहे हैं कि वहां 16 अक्टूबर को पीएम मोदी का दौरा है. वहां जाते ही वो वादों और योजनाओं की बोरी खोल देंगे. "कितना कर दूं? सौ कर दूं? कि डेढ़ सौ कर दूं?" जैसी आवाजों से गुजरात की धरती और आकाश गुंजायमान हो उठेंगे. इसलिए चुनाव आयोग शांत बैठ गया है. हालांकि इस बात का कोई प्रूफ नहीं है तो बकैती ही मानो.जब नगीचे चुनाव आवत है भात मांगौ पुलाव आवत है
फिर भी अगर हिमांचल और गुजरात में पिछले महीने भर में सरकार द्वारा लॉन्च की गई योजनाओं और स्टेट को दिए गए 'तोहफों' की गिनती की जाए तो मामला एकदम साफ है. कि चुनाव हर महीने होना चाहिए. अगर हर महीने चुनाव हो तो ये योजनाएं अमल में भी आ जाएंगी. अभी तो वादे करके भूल जाते हैं. चलो जूते की डोरी बांध लो, सीधे चलते हैं आंकड़ों की ओर. दोनों स्टेट्स की सरकारों ने कितने लड्डू दिए हैं.
हिमांचल प्रदेश सरकार द्वारा लॉन्च की गई योजनाएं

Image: Twitter
एक सितंबर से लेकर चुनाव आयोग द्वारा तारीख दिए जाने तक हिमांचल प्रदेश सरकार ने 10 सरकारी कॉलेज, 2 बांध, 100 से ज्यादा गांव में सड़कें, दर्जन भर से ज्यादा पुल, पानी की व्यवस्था, बेघरों को घर, एक सिटी म्यूजियम, शिमला में एक हेलीपैड और ढेर सारी स्कीम्स की घोषणा कर चुकी है. अगर ये सारी स्कीम्स चालू होती हैं तो लमसम 3 हजार करोड़ का बजट काम आ जाएगा. और इसमें केंद्र सरकार की एकन्नी खर्च नहीं हो रही है, ये भी 13 तारीख के इंडियन एक्सप्रेस अखबार में लिखा हुआ है. इसके अलावा आचार संहिता लागू होने से आधा घंटा पहले 11 योजनाएं ऑनलाइन लॉन्च कर दीं. जिनमें से खास ये हैं-
* मंडी में एक मेडिकल कॉलेज
* पंगना में एक सरकारी अस्पताल
* करसोग, मंडी में 40 करोड़ के बजट वाला सरकारी पॉलीटेकनिक कॉलेज
* साढ़े नौ करोड़ बजट वाला एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल
* एक करोड़ के बजट का शिमला प्रेस क्लब
* लाहौल में 22 करोड़ का टांडी संगम
* 27 लाख के तीन डेवेलपमेंट प्रोजेक्ट
* खील मंडी में एक जंगल में रहने लायक घर यानी फॉरेस्ट रेस्ट हाउस, जिसका बजट 68 लाख रहेगा.
1 सितंबर से चुनाव की तारीख आने तक किए ऐलान
* सिरमौर, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर, मंडी, शिमला, सोलन, ऊना जिलों में सीएम वीरभद्र सिंह घूमे, इनॉगरेशन करने के लिए.
* 80 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स शिमला में ऑनलाइन लॉन्च किए.
* शिल्लई और रेणुका में 10 सरकारी कॉलेजों की नींव रखी और 2 बनने चालू भी हो गए.
* किन्नौर जिले में 651 करोड़ और 195 मेगावाट का पनबिजली प्रोजेक्ट चालू किया. दूसरा कुल्लू जिले में, 1 हजार 108 करोड़ का और 110 मेगावाट का सैंज पनबिजली प्रोजेक्ट. इनकी नैया पार हिमांचल प्रदेश पावर कारपोरेशन लगाएगा. इसके साथ लगे हाथ 163 करोड़ के और भी प्रोजेक्ट प्रदेश को अर्पित किए.
* वीरभद्र सिंह ने कुल्लू में एक दिन में 39 योजनाओं का शिलान्यास किया. रेणुका और शिल्लई में एक दिन में 25-26 प्रोग्राम अटेंड किए. यहां स्पीच के बीच में दो डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन भी कर दिया.
गुजरात सरकार की योजनाएं

Image: Twitter
गुजरात सरकार की लिस्ट थोड़ी लंबी है इसलिए सांस रोक के पढ़ना शुरू करो.
* गुजरात सरकार ने पावर कंपनियों के 7049 एम्लॉइज की तनख्वाह बढ़ाने का ऐलान किया है, 22 करोड़ रुपए महीने का खर्च आएगा.
* पाटीदार आंदोलन के 235 मुकदमे वापस लिए जाएंगे. 136 केसों पर तो काम शुरू भी हो चुका है.
* राज्य सरकार के 8.20 लाख कर्मचारियों को महंगाई भत्ता 1 परसेंट बढ़कर मिलेगा. पिंसिन वालों को भी मिलेगा, फिकर न करें.
* 4th क्लास कर्मचारियों को दिवाली का बोनस मिलेगा. सफाई कर्मचारियों को स्पेशल फायदे.
* अहमदाबाद अर्बन डेवेलपमेंट अथॉरिटी रिंग रोड पर चलने वाले रिक्शा और कारों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा. बल्कि इनकी तरफ से सरकार टोल देगी.
* 16 नई टाउनशिप का ऐलान किया, कपड़ों पर नई पॉलिसी लागू की. ये तो पता ही होगा कि हीरे के अलावा गुजरात की रोटी कपड़ा उद्योग से चलती है.
* 16 अक्टूबर से गुजरात सरकार किसानों से धान, बाजरा, मक्का सीधे खरीदेगी. सही रेट पर.
* 10 अक्टूबर (जो बीत गया) की रात से गुजरात में पेट्रोल डीजल 3 रुपए तक सस्ते मिलेंगे. वैट घटा दिया जाएगा.
* बनासकांठा के नडाबेट बॉर्डर टूरिज्म बढ़ाने के लिए 45 करोड़ रुपए मिलेंगे.
* मूंगफली की ऊंचे रेट पर किसानों से सीधे खरीद के लिए 107 अफसर काम पर लगाए गए.
* वडनगर को नया मेडिकल कॉलेज, बड़ा सा धांसू बस स्टैंड, एयर कंडीशन वाला बैंक्वेट हॉल, हॉस्पिटल देने का ऐलान किया.
* ग्राम रक्षक और सागर रक्षक दल के जवानों की दिहाड़ी में 100 परसेंट की बढ़ोत्तरी का ऐलान किया.
* सीएम विजय रूपानी ने ऐलान किया कि कपास का रेट अगर न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे जाता है तो सरकार खुद खरीद लेगी. 20 अक्टूबर से 8 की जगह 10 घंटे बिजली.
* 16 से ज्यादा बोर्ड और कारपोरेशन कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग का फायदा मिलेगा, ऐसा हम नहीं सरकार ऐलान की है.
* गुजरात सीएम ने नवबंदर, मधवाड़, पोरबंदर, वीरावल पर मछली पकड़ प्रोजेक्ट्स के लिए 1137 करोड़ रुपए का ऐलान किया.
अहमदाबाद-मेहसाणा हाईवे पर फ्लाईओवर बनाने के लिए 90 करोड़ रुपए का ऐलान किया.
फ़ूहहहहहह..भाई मेरी तो सांस फूल गई लिखते लिखते. लेकिन इस कहानी से हमें यह शिक्षा मिलती है कि चुनाव बहुत अच्छी चीज है, हर महीने होने चाहिए.
अब देखो यूपी के सीएम योगी का लल्लनटॉप वीडियो:
ये भी पढ़ें:
कहा जा रहा है वडनगर में स्टेशन ही नहीं था, तो मोदी ने चाय कहां बेची, जवाब यहां है










