इस वीडियो में नज़र आता है कि एक 8-9 साल की बच्ची रोड क्रॉस करना चाहती है. इधर-उधर का ध्यान दिए बगैर दौड़ पड़ती है. उधर से एक बड़ा वाला ऑटो-रिक्शा तेज़ रफ़्तार से आ रहा है. लड़की भागती हुई उसके बिल्कुल सामने पहुंच गई है. उसे बचाने के लिए ऑटो का ड्राईवर अगर ऑटो को मोड़ता नहीं, तो सीधी और भयानक टक्कर लगती बच्ची को. ड्राईवर ने हड़बड़ा कर गाड़ी पूरी तेज़ी से काटी. ऐसे में टक्कर तो बच गई, लेकिन ऑटो पलट गया.एकदम से मोड़ने पर ऑटो बच्ची के सर पर ही पलटता दिखाई देता है. बच्ची उसके नीचे गायब हो जाती है. पलक झपकते ही ये सब हो जाता है. आस-पास मौजूद लोग दौड़ लगाते हैं ऑटो की तरफ. 10-15 लोग मिलकर ऑटो को खड़ा करते हैं. नीचे से बच्ची को बरामद करते हैं. बच्ची सही-सलामत है. हल्की चोट तक नहीं आई उसे. कुछ ही सेकंड्स में ये बच्ची दो बार मर सकती थी. पहले टक्कर लगने से और दूसरी बार ऑटो के नीचे दबने से. दोनों बार उसने मौत को चकमा दे दिया. सच ही कहते हैं लोग कि संसार विचित्र घटनाओं का कोलाज है. देखिए मौत को मात देने का वीडियो:
ये भी पढ़ें:
ये वीडियो देख कर लगता है- मौत कभी भी, कहीं भी दबे पांव आ सकती है























