The Lallantop

एजाज लकड़ावाला: डी कंपनी का शार्प शूटर जिसपर छोटा राजन ने हमला करवाया था

जिसका अपना ही भाई बना उसके पतन की वजह.

Advertisement
post-main-image
पि्छले 6 महीने से पुलिस एजाज लकड़ावाला को पकड़ने के लिए लगातार कोशिश कर रही थी. बायीं तरफ उसकी नयी तस्वीर है. दायीं तरफ पुरानी. फोटो: India Today
अंडरवर्ल्ड. एक दौर में मुंबई में जिसका ख़ौफ तैरता था. दाऊद इब्राहिम की डी कंपनी. उसका कभी दाहिना हाथ था छोटा राजन. और छोटा राजन का करीबी था एजाज लकड़ावाला. डी कंपनी का शार्प शूटर. अब लकड़ावाला को बिहार के पटना से गिरफ्तार कर लिया गया है. मुंबई पुलिस ने बिहार की पुलिस की मदद से उसे पकड़ा. कहा जा रहा है कि वो नेपाल के रास्ते पटना पहुंचा था. कई साल से पुलिस को तलाश थी. उसके खिलाफ 27 मामले चल रहे हैं, जिसमें हत्या और फिरौती के कई मामले हैं. उसे 21 जनवरी तक हिरासत में भेज दिया गया है. लकड़ावाला की बेटी से लिंक मिला लकड़ावाला को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसकी बेटी सोनिया को ट्रैक किया. सोनिया लकड़ावाला का नाम उसके दस्तावेजों से मेल नहीं खाता. शादी के पहले पासपोर्ट पर सोनिया का नाम शिफा शेख है. बाद में मुंबई के शाहिद शेख से उसकी शादी हुई और उसका नाम बदल गया. पासपोर्ट पर उसके जन्म की तारीख 1997 की है, जब लकड़ावाला दाऊद गैंग के ही फरीद रज्जी की हत्या के आरोप में जेल में था. लकड़ावाला ने सोनिया की पहचान छुपाने के लिए ये योजना बनाई थी. लकड़ावाला ने खुद कई नाम और कई पहचान का इस्तेमाल करके कथित तौर पर पासपोर्ट का जुगाड़ किया था जिसके सहारे वह पहचान छुपाकर एक देश से दूसरे देश में जाता था. पुलिस से बचने के लिए लकड़ावाला यूएस, मलेशिया, यूके, नेपाल में रह चुका है. लकड़ावाला के भाई ने जानकारी दी ​सोनिया के बारे में पुलिस को एजाज के भाई अकील लकड़ावाला ने बताया कि पासपोर्ट पर उसका नाम अलग है. पुलिस ने करीब दो महीने पहले लुटआउट सर्कुलर जारी किया कि इस नाम से देश में या देश के बाहर जो भी यात्रा कर रहा हो, उसे हिरासत में ले लिया जाए. पुलिस को सफलता तब मिली, जब सोनिया 28 दिसंबर को अपने पिता और परिवार से मिलने नेपाल जा रही थी. लकड़ावाला का बेटा सात साल का है जो 2012 में नेपाल में पैदा हुआ था. उसकी पत्नी बेटे के साथ ही नेपाल के काठमांडू में रहती है. अकील ने लिया बदला दो साल पहले मुंबई के अंधेरी में सोनिया की शादी का समारोह हुआ था. उसकी मां भी शादी में शामिल हुई थी लेकिन पुलिस को ये मालूम नहीं है कि लकड़ावाला खुद भी आया था या नहीं. आरोप है कि सोनिया अपने बाप का उगाही का कारोबार देखती थी. यही बात दोनों भाइयों में विवाद का कारण बनी. इस विवाद के चलते लकड़ावाला ने अकील से दूरी बना ली और अपना पूरा कारोबार सोनिया को सौंप दिया. इस बात से नाराज अकील जब अप्रैल में गिरफ्तार हुआ तो उसने पुलिस के सामने लकड़ावाला के बारे में जानकारी दी. छोटा राजन ने अपने ही आदमी पर करवाया हमला लकड़ावाला कभी दाऊद के साथ था लेकिन 1993 के मुंबई बम धमाकों के बाद जब छोटा राजन दाऊद से अलग हो गया तब लकड़ावाला राजन के साथ चला गया. 2008 में लकड़ावाला छोटा राजन से भी अलग हो गया. उसने अपना गैंग बना लिया. लेकिन कहा जाता है कि वो फिर भी छोटा राजन से जुड़ा था. 2008 के बाद से लकड़ावाला के बारे में पुलिस को भी कोई जानकारी नहीं थी. कभी जोगेश्वरी इलाके में रहने वाले लकड़ावाला ने बांद्रा के सेंट स्टेनीस्लूस स्कूल से पढ़ाई की है. साल 2004 में छोटा शकील से मिला होने के आरोप में राजन ने एजाज पर बैंकॉक में हमला करवाया था. मुंबई एयरपोर्ट पर लकड़ावाला की बेटी को फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागने के प्रयास के लिए पकड़ लिया गया था. एक अधिकारी ने बताया कि सोनिया लकड़ावाला यानी सोनिया शेख नेपाल जाने वाली एक फ्लाइट में सवार होने वाली थी. उसके दस्तावेजों की जांच करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पता चला कि जनवरी में लकड़ावाला नेपाल से पटना आने वाला है. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लकड़वाला यहां कितने दिनों से रह रहा था.
अजीत डोभाल जब IB चीफ थे तो दाऊद इब्राहिम को क्यों नहीं पकड़ पाए थे?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement