The Lallantop

जो कंपनी कोरोना की वैक्सीन बना रही, उसकी बिल्डिंग में आग लगी; 5 की मौत

आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां लगीं. 4 लोग बचाए भी गए.

Advertisement
post-main-image
बाईं तरफ - सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की बिल्डिंग से उठता काला धुआं. दाईं तरफ - आग बुझाने की कोशिश में लगे फायर ब्रिगेड के कर्मचारी.
पुणे में स्थित है सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII), जहां कोरोना वायरस की वैक्सीन 'कोविशील्ड' को बनाने का काम चल रहा है. करीब 100 एकड़ में SII का कैंपस फैला है, जिसके एक हिस्से में 21 जनवरी की दोपहर आग लग गई. आग SII के टर्मिनल-1 गेट के पास लगी. आग इतनी भीषण था कि टर्मिनल-1 के गेट के पास जो बिल्डिंग है, उसके चौथे-पांचवें फ्लोर तक लपटें पहुंच रही थीं. फायर ब्रिगेड की करीब 15 गाड़ियां आग बुझाने के काम में लगानी पड़ीं. NDRF की एक टीम भी शाम 5 बजे तक ही पुणे के लिए निकल चुकी थी. हादसे में पांच लोगों की जलकर मौत हो गई. पुणे के मेयर मुरलीधर मोहल ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम ने बिल्डिंग के अंदर से चार लोगों का रेस्क्यू किया, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. लेकिन जब कुछ घंटों में आग पर काबू पाया गया, तो बिल्डिंग के भीतर पांच अन्य लोगों के शव मिले. मेयर मोहल ने बताया कि ये बिल्डिंग अभी निर्माणाधीन है. इसलिए संभव है कि मृतक इसी बिल्डिंग में काम कर रहे मजदूर रहे हों. आग लगने का कोई ठोस कारण तो अभी सामने नहीं आया है. लेकिन शुरुआती तौर पर नज़र आ रहा है कि बिल्डिंग में वेल्डिंग का काम चल रहा था. मुमकिन है कि इसी से आग भड़की हो. वैक्सीन सुरक्षित! SII में ही कोविड-19 की वैक्सीन कोविशील्ड का प्रोडक्शन हो रहा है. वही वैक्सीन, जो ऑक्सफर्ड और एस्ट्राजेनका ने मिलकर डेवलप की है. SII से ही इस वैक्सीन का प्रोडक्शन कर इसे देश-विदेश में सप्लाई किया जा रहा है. भारत में 16 जनवरी से कोविशील्ड से टीकाकरण शुरू हो चुका है. इस बीच SII में आग लगने की ख़बर ने चिंता पैदा कर दी. लेकिन फिलहाल थोड़ी राहत भरी बात ये है कि जिस हिस्से में आग लगी है, वो वैक्सीन प्रोडक्शन और स्टोरेज की जगह से दूर है. जिस हिस्से में आग लगी है, वो SII का एक नया बना हिस्सा है, जो अभी अंडर-कंस्ट्रक्शन है. वैक्सीन का काम दूसरे हिस्से में चल रहा है. SII के CEO अदार पूनावाला ने इंडिया टुडे से बात करते हुए कहा -
"अभी हमारा पूरा फोकस इस बात पर है कि बिल्डिंग में जो भी लोग फंसे हैं, उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जाए. इसके बाद ही सोचेंगे कि कितना-क्या नुकसान हुआ."
क्या वैक्सीन का काम प्रभावित होगा? जिस बिल्डिंग में आग लगी है, वहां से भीषण काला धुंआ निकल रहा है. आग की लपटें भी ऊंची हो रही थीं, जिस पर फायर ब्रिगेड काबू पाने की कोशिश कर रहा है. आग से कितना नुकसान हुआ इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है. फायर ब्रिगेड के कर्मचारी इस कोशिश में भी हैं कि बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. चीफ फायर ऑफिसर प्रशांत ने बताया कि बिल्डिंग से चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया. इंडिया टुडे की रिपोर्टर विद्या ने बताया कि सीरम इंस्टीट्यूट का कैंपस करीब 100 एकड़ में फैला है और ये आग कैंपस में मौजूद एक-दो बिल्डिंग में लगी है. इस नाते वैक्सीन प्रोडक्शन का काम अप्रभावित ही रहना चाहिए. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी लगातार घटना की जानकारी ले रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement