The Lallantop

ED का दावा- 'महादेव ऐप के प्रोमोटर्स ने CM भूपेश बघेल को 500 करोड़ दिए'

ED का कहना है कि उसे छत्तीसगढ़ में चुनाव के लिए महादेव बेटिंग ऐप की ओर से कैश सर्कुलेट किए जाने का इनपुट मिला था.

Advertisement
post-main-image
छत्तीसगढ़ के CM भूपेल बघेल पर लगाए गए आरोपों की आगे जांच होनी है. (फाइल फोटो: इंडिया टुडे)
author-image
दिव्येश सिंह

‘महादेव सट्टेबाजी ऐप घोटाले’ में अब तक प्रवर्तन निदेशालय (ED) छत्तीसगढ़ CM ऑफिस से जुड़े अधिकारियों का नाम ले रही थी. लेकिन अब ED ने Mahadev App मामले में सीधे छत्तीसगढ़ के CM Bhupesh Baghel का नाम लिया है. ED के मुताबिक ‘छत्तीसगढ़ के CM भूपेल बघेल को महादेव सट्टेबाजी ऐप प्रमोटरों ने अब तक 508 करोड़ रुपये दिए’ हैं. जांच एजेंसी का दावा है कि ‘ऐप के प्रमोटरों से CM बघेल को नियमित भुगतान हुए, जिसकी कुल राशि 508 करोड़ रुपये’ है. ये दावे असीम दास नाम के व्यक्ति के बयान के आधार पर किए गए हैं, जिसे ED ने पकड़ा है. हालांकि, असीम दास के दिए बयान की ED को आगे जांच करनी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये भी पढ़ें- महादेव ऐप ने लाखों लोगों को चूना कैसे लगा दिया?

वहीं इस पूरे मामले को लेकर X पर CM भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने इसे अपनी छवि धूमिल करने का प्रयास बताया है. उन्होंने कहा कि ED के जरिए कांग्रेस की सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि एक अनजान व्यक्ति के बयान को आधार बनाकर उन पर 508 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया गया है.

Advertisement
छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM बोले- 'हम कैसे भरोसा करें?'

छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM टीएस सिंह देव ने भी इस मामले में मोदी सरकार पर निशाना साधा है. टीएस सिंह देव ने कहा है कि मोदी सरकार ED को राजनीतिक दलों के खिलाफ इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने कहा,

"ED को एक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है... हम उन पर कैसे भरोसा कर सकते हैं? ये सभी आरोप हैं. मनी ट्रेल में नाम लेना सबसे आसान काम है."

टीएस सिंह देव ने कहा कि चुनाव से पहले यही अपेक्षित था. उन्होंने सवाल किया कि ED जो आरोप लगा रही है, वो 500 करोड़ रुपये कहां है.

Advertisement
चुनाव के लिए महादेव ऐप वालों ने पैसे भेजे? 

ED के अधिकारियों ने कहा कि गुरुवार, 2 नवंबर को उन्हें एक इनपुट मिला था. इसमें कहा गया था कि 7 और 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के सिलसिले में महादेव ऐप के प्रमोटर छत्तीसगढ़ में भारी मात्रा में कैश सर्कुलेट कर रहे हैं. ED के मुताबिक महादेव बेटिंग ऐप के शुभम सोनी और असीम दास नाम के दो व्यक्ति आगामी चुनावी फंडिंग के लिए 2 नवंबर को कैश डिलीवर करने वाले थे. 

इनपुट के आधार पर ED ने होटल ट्राइटन और भिलाई में एक अन्य स्थान पर तलाशी ली और असीम दास नाम के व्यक्ति को पकड़ा. ED के मुताबिक असीम दास को UAE से कांग्रेस पार्टी के चुनावी खर्चों के लिए कैश पहुंचाने भेजा था. ED ने असीम की कार और घर से 5.39 करोड़ रुपये कैश बरामद किए.

असीम दास के पास से बरामद कैश 
CM बघेल पर किए गए दावों की जांच होगी 

ED के मुताबिक असीम दास ने कहा है कि महादेव ऐप के प्रमोटरों ने आने वाले ‘चुनाव में खर्चे के लिए एक राजनेता, बघेल को’ कैश पहुंचाने का इंतजाम किया.

ED के मुताबिक उसने असीम दास से पूछताछ की. असीम दास के पास से बरामद फोन की फॉरेंसिक जांच की. शुभम सोनी के भेजे गए ईमेल को जांचा. इन सबके आधार पर ED का कहना है कि ‘बघेल को पहले भी नियम से भुगतान’ किया गया. ED के मुताबिक अब तक मुख्यमंत्री ‘भूपेश बघेल को लगभग 508 करोड़ रुपये का भुगतान किया’ गया है. हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इसकी अभी जांच होनी बाकी है.

ये भी पढ़ें- ‘महादेव’ नाम से सट्टेबाजी, विदेश में शादी कर फूंके 2 अरब, छत्तीसगढ़ के लड़कों की कहानी दंग कर देगी

Advertisement