The Lallantop

'मैंने बताया था वहां हमलावर है... ' ट्रंप पर हमले को लेकर इस शख्स ने जो बताया, पुलिस 'कठघरे' में आ गई

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump पर हुए Attack को लेकर चश्मदीद ग्रेग स्मिथ ने जो बोला है, उसने सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या-क्या बताया इस चश्मदीद ने?

Advertisement
post-main-image
चश्मदीद ने ट्रंप पर हुए अटैक पर दिया बयान (फोटो- BBC स्क्रीनशॉट/AP)

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले को लेकर रैली में मौजूद एक चश्मदीद का बयान सामने आया है (Donald Trump Attack Witness). ग्रेग स्मिथ नाम के शख्स ने दावा किया है कि उन्होंने पहले ही पास की बिल्डिंग की छत पर हमलावर को राइफल के साथ देख लिया था. ग्रेग ने कहा कि उन्होंने इस बारे में पुलिस और सीक्रेट सर्विस के लोगों को भी जानकारी दी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया. ये ऐसा दावा है जिससे पुलिस और डोनाल्ड ट्रंप की सिक्योरिटी से जुड़े लोगों पर सवाल उठने लगे हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

BBC से बात करते हुए ग्रेग स्मिथ ने कहा,

ट्रंप को भाषण देते हुए कुछ ही समय बीता था कि हमने एक शख्स को 50 फीट दूर मौजूद बिल्डिंग पर किसी को रेंगते हुए देखा. हमने साफ-साफ देखा कि उसके पास एक राइफल थी. हमने उसकी तरफ इशारा करते हुए पुलिस को बताया कि वहां कोई राइफल के साथ मौजूद हैं लेकिन पुलिस ने खास ध्यान नहीं दिया.

Advertisement

ग्रेग ने आगे कहा,

मैं मन ही मन सोच रहा था कि (मेरे बताने के बाद भी) ट्रंप अब तक भाषण क्यों दे रहे हैं. उन्हें स्टेज से क्यों नहीं हटाया जा रहा है. हमने सीक्रेट सर्विस वालों को भी दो-तीन मिनट तक इशारे से बताने की कोशिश की कि छत पर एक आदमी राइफल के साथ है. हो सकता है कि वो छत के स्लोप की वजह से उसे देख नहीं पा रहे थे. कुछ ही देर बाद गोलियां चलने लगीं.

ग्रेग ने ट्रंप की सिक्योरिटी पर सवाल उठाया और कहा,

Advertisement

आसपास की उन बिल्डिंगों की छतों पर सीक्रेट सर्विस क्यों नहीं थी. ये कोई बहुत बड़ी जगह नहीं है. ये 100%  सुरक्षा विफलता है. बाद में हमने देखा कि उस हमलावर को एजेंटों ने मार गिराया है. वहां बहुत सारे बच्चे थे जो डर गए थे. वो अभी भी डरे हुए हैं.

रैली में मौजूद एक अन्य शख्स ने बताया,

एक के बाद एक पांच गोलियां चलीं. हमने सीक्रेट सर्विस के लोगों को ट्रंप को बचाने के लिए उनके ऊपर कूदते देखा. वहां मौजूद सभी लोग नीचे झुक गए. ट्रंप जब उठे तो वो लहूलुहान थे. उनके कान से खून बह रहा था. वो जिंदा थे और सांस ले रहे थे.

रैली में इमरजेंसी विभाग के एक डॉक्टर ने CBS न्यूज को बताया कि उन्होंने भीड़ के एक सदस्य के सिर में गोली लगने से हुए घाव का इलाज किया. घटना के बारे में बोले,

मैंने गोलियों की आवाज सुनी. मुझे शुरुआत में लगा कि वो पटाखे थे. वहां कोई चिल्ला रहा था कि गोली मार दी गई है.

ये भी पढ़ें- डोनाल्ड ट्रंप पर चुनावी रैली में चलीं गोलियां, खून से सन गया चेहरा और हाथ, अब तक क्या पता चला?

सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिल्मी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. इस हमले के दौरान भीड़ में एक शख्स की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं. 

वीडियो: दुनियादारी: डॉनल्ड ट्रंप अपराधी करार, क्या सरकार जेल से चलाएंगे?

Advertisement