रामदीन के इस कदम से उसकी खूब आलोचना हुई. इस विकेटकीपर ने ये कागज़ अपने मुल्क के पूर्व कप्तान सर विव रिचर्ड्स के नाम लिखा था. पिछले कुछ वक्त से विव रामदीन के लचर प्रदर्शन की कई बार आलोचना कर चुके थे. इसी से आहत होकर रामदीन ने ये कागज बनाकर अपनी जेब में रख लिया था और जैसे ही सैंकड़ा जड़ा, तुरंत निकालकर अपने अंदाज में जवाब दे दिया. विकेटकीपर के इस कदम को आईसीसी ने गलत माना और मैच फीस का 20 फीसदी जुर्माना लगाया. वहीं खुद टीम के कप्तान डैरन समी ने भी कहा था कि आलोचनाओं को सकारात्मक तरीके से लेना चाहिए.

विव रिचर्ड्स ने जवाब में कहा- ये तो ठीक वैसे ही हुआ कि कोई फुटबॉल मैच में 5-0 से हार रहे हो और 90वें मिनट में गोल करने पर खुशी से पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाने लगे.
इस कैरीबियन खिलाड़ी की ये दूसरी टेस्ट सेंचुरी थी. इससे पहले भी जब साल 2009 में उसने अपने करियर की पहली टेस्ट सेंचुरी लगाई थी तो एक कागज निकालकर फहराया था. तब उसमें तीन नाम लिखे थे- ईयान बिशप (वेस्टइंडीज़ के पूर्व कप्तान), डेविड विलियम्स (टीम के तत्कालीन असिस्टेंट कोच) और रामनरेश सरवण (टीम मेंबर). ये रामदीन का अपने इन क्रिकेट आदर्शों का अभिवादन करने का तरीका था.
साल 2005 में अपना टेस्ट करियर शुरू करने वाले रामदीन ने अब तक 74 टेस्ट और 139 वनडे मैच खेले हैं. टेस्ट में 4 और वनडे में 2 शतक लगाए हैं. साथ ही 13 टेस्ट मैचों में अपने मुल्क की कप्तानी भी की है. रामदीन के बारे में एक बात और भी अलग है. वो ये कि रामदीन असल में तेज गेंदबाज हैं. वो बैटिंग और बॉलिंग के बाद विकेटकीपिंग करते थे मगर नेशनल टीम में कुछ ऐसी जरूरत बनी कि वो फुल टाइम विकेट कीपर ही बन कर रह गए.
क्रिकेट से जुड़ा लल्लनटॉप वीडियो देखिए:
























