The Lallantop

दिल्ली : बाइकर को स्कॉर्पियो से उड़ाकर भागने वाला पकड़ा गया, कानून का छात्र निकला

दिल्ली के अर्जन गढ़ में हुई 'हिट एंड रन' की इस घटना का वीडियो रूह कंपा देगा!

Advertisement
post-main-image
दिल्ली के अर्जन गढ़ मेट्रो स्टेशन के पास हिट एंड रन केस का वीडियो डरा देगा (फोटो क्रेडिट: 'ट्विटर/@anuragiyer)

दिल्ली के अर्जन गढ़ (Arjan Garh) मेट्रो स्टेशन के पास रविवार, 5 जून की सुबह एक बाइकर को टक्कर मारकर भागने वाले (Hit and run case) आरोपी स्कॉर्पियो वाले को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक और स्कॉर्पियो चालक के बीच रफ्तार को लेकर बीच रास्ते कहा-सुनी हुई थी. फिर गुस्से में आए स्कॉर्पियो चालक ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और भाग गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दिल्ली के एडिशनल डीसीपी (साउथ) हर्ष वर्धन ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि 26 साल के आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी कार भी जब्त कर ली गई है. इस मामले में हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है. आजतक के तनसीम हैदर की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी स्कॉर्पियो ड्राइवर अनुज चौधरी एक प्राइवेट कॉलेज में एलएलबी फाइनल ईयर का छात्र है. 

Delhi hit and run case
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया
दिल्ली हिट एंड रन केस में हुआ क्या था?

दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना पुलिस के मुताबिक 5 जून की सुबह 7:21 बजे एक पीसीआर कॉल आई थी. कॉलर ने बताया कि अर्जन गढ़ मेट्रो स्टेशन के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी वाला टक्कर मार कर भाग गया है. मौके पर पुलिस पहुंची तो एक रॉयल इनफील्ड बुलेट क्लासिक 350 क्षतिग्रस्त हालत में मिली. घायल ने अपना नाम श्रेयांश बताया. पीड़ित इलाज के चलते कोई बयान नहीं दे पाया और घर चला गया. पुलिस के मुताबिक, 22 साल का श्रेयांश एक प्राइवेट कॉलेज में फर्स्ट ईयर स्टूडेंट है.

Advertisement

इसके बाद घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. अनुराग आर अय्यर नाम के शख्स ने सोशल मीडिया पर 45 सेकंड का एक वीडियो क्लिप शेयर किया. वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले स्कॉर्पियो चालक और बाइकर के बीच कहा-सुनी हुई. फिर स्कॉर्पियो चालक ने बाइकर को टक्कर मारी और भाग गया.

बाइक को जानबूझकर टक्कर मारी!

पुलिस ने शिकायतकर्ता को जल्द अपने बयान दर्ज कराने के लिए कहा. इस मामले की एफआईआर फतेहपुर बेरी पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई. पीड़ित श्रेयांश ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ अरावली के एक मंदिर गया था और रविवार की सुबह अपनी बुलेट से घर लौट रहा था. रास्ते में उसकी एक स्कॉर्पियो कार के चालक से तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने को लेकर बहस हो गई. इस दौरान स्कॉर्पियो चालक ने उसे गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दी थी.

Advertisement

पीड़ित के मुताबिक स्कॉर्पियो ड्राइवर की कुछ दूसरे बाइकर्स के साथ भी बहस हुई, जिसे एक यूट्यूबर ने कैमरे में कैद कर लिया, जो बाइकिंग ग्रुप का हिस्सा था. इसी बीच, श्रेयांश ने स्कॉर्पियो कार को क्रॉस किया और आगे बढ़ गया. गुस्से में आए चालक ने तेज रफ्तार से स्कॉर्पियो कार दौड़ाई और श्रेयांश की बाइक को जानबूझकर टक्कर मार दी. पीछे आ रहे दूसरे बाइक सवारों ने श्रेयांश की मदद की और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.

फतेहपुर बेरी थाने की पुलिस ने स्कॉर्पियो कार के चालक के खिलाफ धारा 307 के तहत केस दर्ज किया. वीडियो में स्कॉर्पियो का नंबर रिकॉर्ड था. इसलिए पुलिस को गाड़ी तलाशने में ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी. पुलिस थाना नेब सराय के अनुपम गार्डन क्षेत्र में स्थित कार मालिक के घर पहुंच गई. जांच में पता चला कि वाहन मालिक का बेटा अनुज चौधरी स्कॉर्पियो चला रहा था. पुलिस जब घर पहुंची थी, तब आरोपी नहीं मिला, जबकि उसकी स्कॉर्पियो घर में ही खड़ी थी. पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे गिरफ्तार कर लिया. 

वीडियो- लखीमपुर खीरी में बाइक सवार भाइयों की SUV से टक्कर, गाड़ी पर लिखा था ‘विधायक’

Advertisement