The Lallantop

बड़े सेक्सटॉर्शन रैकेट का मास्टरमाइंड धरा गया, ACP बन न्यूड वीडियो की धमकी देता था

मथुरा के तुमौला गांव के रहने वाले महेंद्र पर लोगों का न्यूड वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप है. पता चला है कि वो ACP बनकर लोगों से पैसे वसूलता था.

Advertisement
post-main-image
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महेंद्र. (फोटो: आजतक)
author-image
अरविंद ओझा

दिल्ली की साइबर पुलिस ने यूपी के मथुरा से एक शख्स को पकड़ा है, जिस पर लोगों के न्यूड वीडियो (Nude Video) बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप है. वह लोगों को धोखा देकर उनका न्यूड वीडियो रिकॉर्ड करता. फिर वो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता. वीडियो डिलीट करने के लिए उनसे पैसे वसूलता. वो कभी खुद को असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) बताकर पीड़ित के न्यूड वीडियो मिलने की बात करता, तो कभी जेल भेजने का डर दिखाकर मामला रफा-दफा करने के लिए पैसे मांगता.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये भी पढ़ें- UP STF ने अनूप चौधरी को अरेस्ट किया, खुद को रेल मंत्रालय का सदस्य बता ठगी का आरोप

न्यूड वीडियो पर ब्लैकमेल कर 24 लाख वसूले

दिल्ली की वेस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच तब शुरू की, जब एक शख्स ने इसकी शिकायत दर्ज कराई. पुलिस से शिकायत करने वाले ने बताया कि उसे कोई राम पांडे नाम का आदमी ब्लैकमेल कर रहा है. पुलिस को बताया गया कि राम पांडे के पास शिकायतकर्ता का न्यूड वीडियो है. शिकायतकर्ता के मुताबिक राम पांडे ने फोन कर 8 लाख 82 हजार रुपये भेजने को कहा. ऐसा नहीं करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी. 

Advertisement

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक शिकायत करने वाले ने पुलिस को बताया कि उसको एक महिला ने कॉल कर वीडियो बनवाया था. वीडियो को लेकर राम पांडे का कॉल आने के बाद उसने डरकर पैसे ट्रांसफर कर दिए. अगले दिन राम पांडे ने फिर उसे यह कहकर धमकाना शुरू कर दिया कि उसे और उसके परिवार को गंभीर नतीजे भुगतने होंगे. इस तरह धमका कर राम पांडे ने 15 लाख रुपये और वसूले. पीड़ित ने जब अपने एक दोस्त को पूरा मामला बताया, तब उसे पता चला कि इस तरह का फ्रॉड चल रहा है और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने बैंक अकाउंट और कॉल रिकॉर्ड से पकड़ा

पुलिस ने जांच शुरू की. आरोपी को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई. शिकायतकर्ता ने जिन बैंक अकाउंट में पैसे जमा किए थे, उनकी पड़ताल की गई. कॉल डिटेल जांची गई और उसके आधार पर यूपी के मथुरा जिले के कोसी कलां इलाके में रेड मारी गई. एक मुखबिर से पता चला था कि कोसी कलां के तुमौला गांव का रहने वाला महेंद्र इस तरह के फ्रॉड करता है. वह खुद को ACP राम पांडे और यूट्यूबर राहुल शर्मा बताता है. 

इसके बाद आरोपी के घर पर छापेमारी हुई. वो अपनी कार में  एक स्वाइप मशीन के साथ निकलने की तैयारी में था. उससे पहले ही टीम उसे गिरफ्तार कर दिल्ली लाई. पुलिस ने आरोपी के पास से एक स्वाइप मशीन, एक पेन ड्राइव, 16 GB का मेमोरी कार्ड और iPhone 12 Pro मोबाइल जब्त किया है. 

Advertisement

जांच में पता चला है कि आरोपी खुद को ACP राम पांडे के अलावा दूसरे नामों से भी कॉल कर पीड़ितों को गिरफ्तारी का डर दिखाता था. उनके न्यूड वीडियो को हटाने के लिए यूट्यूबर राहुल शर्मा से बात करने को कहता, फिर खुद ही राहुल शर्मा बनकर बात करता. इस तरह आरोपी ने कई लोगों से जबरन वसूली की.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महेंद्र एक बड़े सेक्सटॉर्शन रैकेट का 'मास्टरमाइंड' है. ये गिरोह देशभर में एक्टिव है और कई लोगों को ब्लैकमेल कर जबरन वसूली कर चुका है.

Advertisement