The Lallantop

मोमोज की दुकान में मां की मौत हुई थी, 15 साल के बेटे ने मालिक को चाकू से गोद कर मार डाला

Delhi के Preet Vihar Metro station के पास की घटना है. नाबालिग ने जिस व्यक्ति की हत्या की, उसकी दुकान में काम करते हुए आरोपी की मां की करंट लगने से मौत हो गई थी.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने बताया कि राहगीरों ने उनके कंट्रोल रूम को हत्या के बारे में ख़बर दी. (प्रतीकात्मक तस्वीर - PTI)

दिल्ली के प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन के पास एक 15 साल के लड़के ने कथित तौर पर एक दुकानदार की हत्या कर दी. बताया गया है कि लड़के की मां दुकान में काम करती थी. पुलिस के मुताबिक उसने अपनी मां की मौत का बदला लेने के लिए ये हत्या की है. घटना के बाद वो अपने घर वापस चला गया. पुलिस ने घटना के चार घंटे के भीतर उसे पकड़ लिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
महिला की मौत

दरअसल, दुकान में काम करते हुए नाबालिग आरोपी की मां की कथित तौर पर करंट लगने से मौत हो गई थी. पुलिस ने बताया कि कपिल नाम के व्यक्ति की जगतपुरी में मोमोज की दुकान थी. आरोपी वहां अपनी मां के साथ काम करता था. हत्या की घटना के बाद बताया गया कि वो दुकानदार कपिल से मां की मौत ‘बदला’ लेना चाहता था. वो अपने पिता और दो भाई-बहनों के साथ जगतपुरी में रह रहा था.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, अगस्त महीने में कपिल के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (लापरवाही के कारण मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया था. लेकिन बाद में उसे ज़मानत पर रिहा कर दिया गया. मामले में डिप्टी पुलिस कमिशनर (ईस्ट) अपूर्व गुप्ता ने बताया,

Advertisement

"नाबालिग ने कपिल को अपनी मां की मौत के लिए ज़िम्मेदार ठहराया. उसने और उसके परिवार ने पहले मृतक कपिल से झगड़ा किया था. वो परेशान थे. हमें लगता है कि लड़का कुछ दिनों से मृतक का पीछा कर रहा था. वो रात में अपने घर से निकला, मृतक का पीछा किया और मेट्रो स्टेशन के पास उस पर चाकू से हमला कर दिया... फिर वो घर वापस चला गया."

पुलिस को मिली ख़बर

पुलिस ने बताया कि राहगीरों ने उनके कंट्रोल रूम को इसके बारे में ख़बर दी. बताया कि प्रीत विहार मेट्रो स्टेशन के पास एक व्यक्ति ख़ून से लथपथ पड़ा है. कपिल को हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की MLC (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) से पता चला कि उस पर चाकू से कई बार वार किया गया था.

दूसरी तरफ़, घटना के तुरंत बाद जब स्थानीय लोग इकट्ठा होने लगे, तो लड़का मौक़े से भाग गया. हालांकि, आसपास के CCTV कैमरों की फ़ुटेज से उसकी पहचान कर ली गई. बाद में, उसे उसके घर से गिरफ़्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि कपिल घर में अकेला रहता था, क्योंकि उसकी पत्नी हाल ही में उसे छोड़कर नेपाल में अपने पैतृक गांव लौट गई थी.

Advertisement

ये भी पढ़ें - फर्जी सिपाही बन 10 महिला कॉन्स्टेबल से किया रेप, लाखों रुपये ठगे, ऐसे खुली पोल

आरोपी ने क्या बताया?

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़के को पकड़ने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया. उसने हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस को सौंप दिया है. लड़के ने मृतक पर रसोई के चाकू से वार किया था. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मां मोमोज की दुकान में अकेली काम कर रही थी. एक रोज वो दुकान की सफाई कर रही थी, तभी उसे बिजली का झटका लगा. पुलिस ने कहा कि झटका ‘बिजली की ख़राबी’ के कारण लगा था और कपिल के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया था.

वीडियो: गोमांस खाने के आरोप में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, 5 आरोपी गिरफ़्तार

Advertisement