The Lallantop

मां की राख बोतल में डालकर समंदर की सैर पर भेजी, 12 घंटे बाद उसी किनारे लौट आई

मां का सपना था कि वह पूरी दुनिया घूमें. लेकिन बच्चों की जिम्मेदारी की वजह से यह सपना, सपना ही रहा. लेकिन उनकी मौत के बाद बेटी ने फैसला किया कि वो अपनी मां की राख को दुनिया की सैर कराएगी. हालांकि कुदरत को कुछ और ही मंजूर था.

Advertisement
post-main-image
बेटी ने मां का सपना पूरा करने के लिए अस्थियों को समुद्र में सैर पर भेज दिया. (तस्वीर-सोशल मीडिया ग्रैब)

मां के अधूरे ख्वाब अक्सर बच्चों की आंखों में पलने लगते हैं. कभी-कभी ये ख्वाब मां की मौत के बाद भी जिंदा रहते हैं. ब्रिटेन की रहने वाली वेंडी चैडविक का सपना था कि वह पूरी दुनिया घूमें. लेकिन वेंडी पर पांच बच्चों की जिम्मेदारी थी. उनका यह सपना वक्त और जिम्मेदारियों के बोझ तले दब गया. उन्होंने पूरी जिंदगी सिर्फ अपने बच्चों के लिए जी. इसलिए दुनिया घूमने का ख्वाब, हमेशा ख्वाब ही रहा. लेकिन उनकी मौत के बाद उनकी बेटी ने फैसला किया कि वो अपनी मां की राख को दुनिया की सैर कराएगी. उसने उनकी अस्थियां एक बोतल में समेट दीं और उनको समंदर में डालकर रवाना कर दिया. हालांकि कुदरत को कुछ और ही मंजूर था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला ब्रिटेन के स्केगनेस (Skegness) का है. 24 साल की कारा मेलिया ने अपनी मां की अस्थियों को एक कांच की बोतल में रखा. साथ ही एक प्यारी और भावुक चिट्ठी भी डाली. इसमें लिखा था, ‘ये मेरी मां हैं. इन्हें वापस समंदर में डाल दो. ये अब दुनिया घूम रही हैं.’ इसके बाद वह बोतल समंदर में छोड़ दी.

सोशल मीडिया ग्रैब
महिला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है

रिपोर्ट के मुताबिक कारा को उम्मीद थी कि समंदर की लहरें उनकी मां की राख को दूर-दराज देशों तक ले जाएंगी. शायद किसी खूबसूरत देश के किनारे तक पहुंचा दें. लेकिन 12 घंटे बाद वही बोतल उसी बीच पर वापस आ गई. जहां से उसे छोड़ा गया था. यह चिट्ठी एक महिला को मिली. उसने उस नोट को पढ़ा और उसकी फोटो खींचकर उससे जुड़ी कहानी के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कर दी. फिर बोतल को दोबारा समंदर में फेंक दिया.

Advertisement

सोशल मीडिया पर यह बात फैल गई और कैरा तक भी पहुंच गई. फिर BBC ने इस बारे में कैरा से बातचीत की. तब कैरा मेलिया ने पूरी कहानी बताई. उन्होंने कहा कि अपनी मां वेंडी चैडविक की अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए उन्होंने उनकी अस्थियों को बोतल में बंद कर समुद्र में फेंका था. उसके साथ वह नोट भी छोड़ा था. उन्होंने बातचीत में आगे कहा कि उनकी मां को समुद्र तट और सूरज से बहुत प्यार था. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अस्थियां उसी जगह वापस आ जाएंगी जहां से उन्हें छोड़ा गया था. मेलिया ने आगे कहा कि वह अब यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि अगली बार उनकी मां की अस्थियां कहां मिलेंगी.

वीडियो: सोनम की गिरफ्तारी के बाद क्या बोलीं राजा रघुवंशी की मां?

Advertisement
Advertisement