देश भर में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं. हर दिन लाखों में नए मामले सामने आ रहे हैं और हज़ारों लोगों की मौत हो रही है. 20 अप्रैल को कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोरोना से संक्रमित हो गए. राहुल के अलावा मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा, इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार, केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जिंतेंद्र सिंह और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर आदि भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं.
राहुल गांधी कोरोना पॉजिटिव
वायनाड से सांसद और कांग्रेस नेता राहुल गांधी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी है. जिसमें उन्होंने लिखा, हल्के लक्षण पाए जाने के बाद मेरा कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है. जो कोई भी हाल में मेरे संपर्क में आए हैं, वो सेफ्टी प्रोटोकॉल को फॉलो करें और सुरक्षित रहें.
राहुल गांधी के कोरोना संक्रमित होने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा कि लोकसभा सांसद राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.
उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त मंत्री हनुमान प्रसाद की मौत कोरोना वायरस से उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त मंत्री हनुमान प्रसाद मिश्र की मौत हो गई है. उनका इलाज़ लखनऊ के संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज, लखनऊ में चल रहां था. पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. न्यूज़ एजेंसी ANI का ट्वीट देखिए.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ वह कैंसर से भी पीड़ित थे.
कवि वाहिद अली वाहिद की कोरोना से मौत
मूल रूप से कुशीनगर के रहने वाले कवि वाहिद लखनऊ में रह रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ उन्हें पिछले तीन दिनों से बुखार था लेकिन इलाज़ के लिए उन्हें हॉस्पिटल में जगह नहीं मिली. वाहिद हृदय रोग से भी पीड़ित थे. वाहिद अपनी इन पंक्तियों के लिए ख़ासे लोकप्रिय रहे-
दर्द कहां तक पाला जाए,
युद्ध कहां तक टाला जाए,
तू भी है राणा का वंशज,
फेंक जहां तक भाला जाए...
पूर्व सांसद जगदीश राणा की मौत
उत्तर प्रदेश की सहारनपुर सीट से सांसद रहे जगदीश राणा की मौत कोरोना वायरस की वजह से हो गई है. 19 मार्च की देर रात उनका निधन हुआ है. वह 67 बरस के थे. जगदीश पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. हाल की में उनकी कोविड रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी. जगदीश 2009 में सहारनपुर सीट से बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते थे. 2014 का चुनाव वह सहारनपुर से ही हारे थे. 2017 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले जगदीश बीजेपी से जुड़े थे.
हिंदी उर्दू साहित्य के बड़े नाम मुशर्रफ आलम जौकी नहीं रहे
मूल रूप से भोजपुर, बिहार के रहने वाले मुशर्रफ आलम जौकी का निधन कोविड की वजह से हो गया है. 19 मार्च को निधन की रिपोर्ट आई. हिंदी उर्दू के कई साहित्यकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है. उनकी चर्चित रचनाओं में उपन्यास 'मुसलमान', 'उकाब की आंखें', 'नीलामघर', 'बयान', 'शहर चुप है' आदि प्रमुख हैं.
भोजपुरी गीतकार श्याम देहाती की मौत
कोरोना वायरस से भोजपुरी गीतकार श्याम देहाती की भी मौत हो गई है. खेसारी लाल यादव सहित कई भोजपुरी कलाकारों ने श्याम को श्रद्धांजलि दी है. श्याम 2007 से लगातार भोजपुरी फिल्मों के लिए गीत लिख रहे थे. 'निरहुआ रिक्शावाला' फ़िल्म में उनके द्वारा लिखे गए गीत भोजपुरी भाषी लोगों के बीच लोकप्रिय रहे.
सुशील चंद्रा और राजीव कुमार कोरोना संक्रमित
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा और इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं. चुनाव आयोग के दो टॉप अधिकारियों के कोरोना संक्रमित होने से हड़कंप मच गया है. इंडिया टुडे से जुड़ी पत्रकार चैती नरूला का ट्वीट देखिए.
सुशील चंद्रा हाल ही में नए मुख्य चुनाव आयुक्त बनाए गए हैं. इससे पहले सुनील अरोड़ा मुख्य चुनाव आयुक्त थे. सुशील का कार्यकाल 14 मई 2022 तक रहेगा. इस दौरान वो गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड, पंजाब और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का कामकाज देखेंगे.
केंद्रीय मंत्री जिंतेंद्र सिंह कोरोना संक्रमित
केंद्रीय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जिंतेंद्र सिंह ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं. उन्होंने लिखा है कि अगर हाल में आप मेरे संपर्क में आए हैं तो स्क्रीनिंग करवा लें और अपना ध्यान रखें.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने जितेंद्र सिंह के जल्द से जल्द ठीक होने की कामना की है.
सांसद सुरेंद्र सिंह कोरोना पॉजिटिव
राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी. उन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है. सुरेंद्र अगस्त 2019 से बीजेपी के साथ हैं. इससे पहले वह समाजवादी पार्टी और बहुजन समाजवादी पार्टी के साथ भी रहे हैं. मूलतः बुलंदशहर से आने वाले सुरेंद्र 1998 में पहली बार विधान परिषद् पहुंचे थे. इसके बाद 2009 में सांसदी जीतकर नई दिल्ली पहुंचे थे.
सीएम केजरीवाल ने खुद को आइसोलेट किया
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने खुद को आइसोलेट कर लिया है क्योंकि उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई हैं. सुनीता ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है.
सुनीता 1993 बैच की आईआरएस अधिकारी रहीं हैं. 2016 में उन्होंने स्वेच्छा से रिटायरमेंट लिया था. करीब 22 सालों तक वह इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के साथ काम कर चुकी हैं. केरल की स्वास्थ्य मंत्री के के शैलजा ने भी खुद को क्वारांटाइन कर लिया है. शैलजा के बेटे और उनकी बहू कोरोना से संक्रमित पाई गईं हैं.
कितने लोगों को वैक्सीन लगी?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ अब तक 10 करोड़ 96 लाख से अधिक आबादी को वैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है. वैक्सीन की दूसरी डोज़ अब तक करीब 1.74 करोड़ लोगों को लगी है. ये डेटा 20 अप्रैल की सुबह 7 बजे तक की है.