अतीक अहमद की हत्या पर कई प्रतिक्रियाएं आईं. किसी ने कहा कि यूपी में जंगलराज चल रहा है, तो किसी ने कहा ये कानून की हत्या है. लेकिन कांग्रेस पार्टी के एक नेता ने इन तमाम प्रतिक्रियाओं को पछाड़ दिया है. नेता का नाम है राजकुमार सिंह. इन्होंने पहले अतीक अहमद के लिए भारतरत्न की मांग कर डाली. इसके बाद रज्जू अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की कब्र पर पहुंच गए और उस पर तिरंगा रखकर मृत माफिया को सलाम ठोका. 'अतीक अहमद अमर रहे' के नारे भी लगाए. कांग्रेस को ये पता चला तो राजकुमार को पार्टी से निकाल दिया.
'अतीक को भारत रत्न दो' डिमांड करता कांग्रेस नेता कौन जो कब्र पर तिरंगा चढ़ा आया?
कांग्रेस ने इस नेता को पार्षदी का टिकट दिया था, घटना के बाद क्या ऐक्शन हुआ?


कांग्रेस ने निकाला
राजकुमार सिंह 'रज्जू' कांग्रेस के टिकट पर निकाय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे. पार्टी ने उन्हें स्क्वायर वार्ड नंबर 43 से प्रत्याशी बनाया था. चुनाव की तैयारियों के बीच ही बुधवार, 19 अप्रैल को रज्जू का एक बयान आया. आजतक से जुड़े अरविंद ओझा से राजकुमार ने कहा,
“अतीक अहमद का जिस तरह से योगी सरकार ने मर्डर कराया, योगी जी को इस्तीफा देना चाहिए. मैं वार्ड नंबर 43 से कांग्रेस का प्रत्याशी हूं और मैं ये मांग करता हूं कि अतीक अहमद को भारत रत्न दिया जाए. चूंकि वो जन प्रतिनिधि थे, वो शहीद हुए हैं और उनको शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए. जब मुलायम सिंह को पद्म विभूषण मिल सकता है, तो अतीक अहमद को क्यों नहीं मिलता भारत रत्न? उनको क्यों राष्ट्रीय सम्मान नहीं दिया गया? क्यों नहीं उनको तिरंगा झंडा उढ़ाया गया उनकी कब्र पर?”
राजकुमार इतने पर ही नहीं रुके. यहां से वो सीधे अतीक की कब्र पर पहुंचे. उस पर तिरंगा डाला और सलामी दी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें रज्जू कह रहे हैं,
“अतीक भाई अमर रहे. देश का झंडा अमर रहे. (दोहराते हुए)... अतीक अहमद तुम अमर हो, अमर रहोगे. तुम्हें मैं भारत रत्न दिलाऊंगा. तुम्हें सम्मान दिलाऊंगा. शहीद का दर्जा दिलाऊंगा.”
इसके बाद राजकुमार 'अशरफ अमर रहे' के भी नारे लगाते हैं.
इसके ठीक बाद ही कांग्रेस ने राजकुमार को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया. कांग्रेस ने कहा कि बयान राजकुमार का निजी है और इससे पार्टी को कोई लेना-देना नहीं है.

इस मामले में पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है. आजतक के अरविंद ओझा से मिली जानकारी के मुताबिक राजकुमार को पुलिस ने कस्टडी में लिया हुआ है.
वीडियो: सांसद रहते हुए Atique Ahmed का ये इंटरव्यू नहीं देखा होगा, राजू पाल पर ये बोला था





















