The Lallantop

Raipur: काम से वापस लौटी थी पत्नी, पति ने उठाकर छत से नीचे फेंक दिया, खाना देने से इंकार किया था

Chhattisgarh: पुलिस ने बताया कि महिला अपने काम से घर वापस लौटी थी. घर आने के बाद वो बैठकर फोन चलाने लगी. इसके बाद उसके पति ने खाना मांगना शुरू किया, जिसे महिला ने अनसुना कर दिया. इसे लेकर पति को गुस्सा आ गया और उसने अपनी पत्नी को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है (फोटो: आजतक)

छत्तीसगढ़ के रायपुर (Raipur, Chhattisgarh) में घरेलू हिंसा से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां एक पति ने अपनी पत्नी को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया. पति ने आरोप लगाया है कि पत्नी फोन चलाने में व्यस्त थी और उसने खाना देने से इंकार कर दिया था. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पीड़ित महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है. जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
काम से वापस लौटी थी महिला

आजतक की खबर के मुताबिक, ये मामला रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के विकास नगर इलाके का है. पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम सुनील जगबंधु है और उसकी पत्नी का नाम सपना है. जानकारी के मुताबिक, सपना अपने काम से घर वापस लौटी थी. घर आने के बाद वो बैठकर फोन चलाने लगी. इससे पहले तक सुनील अपनी बेटी को पीट रहा था. सपना के घर के आने के बाद उसने खाना मांगना शुरू किया, जिसे सपना ने अनसुना कर दिया. इस बात पर सुनील को गुस्सा आ गया और उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की. इसके बाद उसने अपनी पत्नी को दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया.

महिला की हालत गंभीर

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ित महिला को रायपुर के DKS मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर बताई है. डॉक्टर के मुताबिक, उसे गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल, आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: भाई-भाभी सहित घर के 8 लोगों को कुल्हाड़ी से मार डाला, हफ्ते भर पहले आई पत्नी को भी नहीं छोड़ा

पहले भी हो चुका ऐसा मामला

छत्तीसगढ़ में घरेलू हिंसा के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. इस घटना के से पहले भी छत्तीसगढ़ के कोरबा में इसी तरह का मामला सामने आया था. यहां रहने वाला योगेंद्र श्रीवास नाम का एक शख्स एक निजी क्लीनिक में कंपाउंडर का काम करता था. एक दिन ड्यूटी से वापस आकर उसने अपनी पत्नी मंजीता श्रीवास से खाना मांगा. आरोपी ने बताया कि उसने खाना देने से मना कर दिया और खुद से खाना निकालकर खाने के लिए कह दिया. जिसके बाद पति आगबबूला हो गया और उसने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी  की हत्या कर दी थी. आरोपी ने खुद ही घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने इसके बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया था. 

वीडियो: छत्तीसगढ़ में हेड कांस्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या, भड़की भीड़ ने SDM को दौड़ा लिया

Advertisement

Advertisement