अंजलि सिंह के एक्सीडेंट वाली रात के दो नए सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं. इनमें अंजलि की दोस्त निधि दिख रही है (Anjali Friend Nidhi CCTV Accident). वही दोस्त जो अंजलि के साथ स्कूटी पर थी और एक्सीडेंट के बाद डरकर वहां से भाग गई थी. फुटेज में निधि घटनास्थल छोड़कर जाती दिख रही है. पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक फुटेज में निधि एक्सीडेंट वाली जगह से करीब 150 मीटर की दूरी पर एक संकरी गली से गुजरती दिख रही है. एक और फुटेज में निधि अपने घर में घुसती दिख रही है.
कंझावला केस का नया Video: एक्सीडेंट के बाद अंजलि को छोड़कर जाती दिखी दोस्त
एक्सीडेंट वाली जगह से महज 150 मीटर दूर दिखी दोस्त!


रिपोर्ट के मुताबिक, उस रात एक्सीडेंट के बाद निधि मौके से चली गई थी. उसने किसी को घटना की कोई जानकारी नहीं दी. बाद में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि अंजलि के साथ एक और लड़की स्कूटी पर थी. निधि ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि एक्सीडेंट के बाद वो दहशत में थी और डर के मारे उसने किसी को कुछ नहीं बताया.
निधि के बयान के मुताबिक,
कार और स्कूटी के बीच टक्कर के बाद अंजलि कार के सामने गिर गई. तभी अंजलि का पैर कार के फ्रंट एक्सल में फंस गया. कार में बैठे लोगों को पता था कि अंजलि नीचे फंसी हुई है.
निधि ने बताया कि टक्कर के बाद वो दूसरी तरफ गिर गई और उसे कोई चोट नहीं आई. निधि ने अपने बयान में ये भी कहा कि अंजलि ने शराब पी हुई थी और वो नशे में धुत थी.
हालांकि अंजलि के परिवार वालों का कहना है कि उसने कभी शराब नहीं पी. अंजलि की मां ने निधि के दावे को झूठा बताया. परिवार वालों का कहना है कि अगर उसने शराब पी होती तो पोस्टमोर्टम रिपोर्ट में पता चल जाता.
अंजलि के मामा प्रेम ने कहा-
जब घटना हुई, तो क्या निधि में इतनी मानवता नहीं थी कि वो पुलिस या पीड़ित के परिवार को इसकी खबर दे? तब वो डर गई थी. क्या वो अब डरी हुई नहीं है? ये निधि की साजिश थी.
उन्होंने कहा है कि दिल्ली पुलिस को मामले की जांज CBI को सौंप देनी चाहिए. मांग है कि आरोपियों पर हत्या के आरोप में मुकदमा चलाया जाना चाहिए और निधि के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए.
बता दें कि 31 दिसंबर- 1 जनवरी की दरमियानी रात को अंजलि की सुल्तानपुरी के कंझावला इलाके में मौत हो गई थी. अंजिल को करीब 12 किलोमीटर तक कार से घसीटा गया था. कार में सवार पांच लोगों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. दो आरोपी अभी भी फरार हैं. इन सभी पर गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया गया है.
दिल्ली केस अपडेट: बीजेपी नेता समेत पांचों आरोपी उस रात क्या-क्या कर रहे थे?



















