The Lallantop

बिहार के बाद झारखंड और अरुणाचल में भी गिरने लगे पुल, पहली बारिश तक नहीं झेल पा रहे

Bridge Collapsed: बारिश की वजह से अरगा नदी का जलस्तर बढ़ गया था. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात को जोरदार आवाज आई. पता चला कि निर्माणाधीन पुल का गाडर टूट कर नदी में गिर गया है.

Advertisement
post-main-image
दाएं तरफ की तस्वीर झारखंड की है, दूसरी अरुणाचल प्रदेश की (फोटो- आजतक)

पिछले दिनों बिहार में भारी बारिश के चलते एक के बाद एक तीन पुलों के ढहने की खबर सामने आई थी. अब पता चला है कि झारखंड (Jharkhand) में अरगा नदी पर बना एक निर्माणाधीन पुल भी पहली बारिश में ही ढेर हो गया है (Bridge Collapsed). इसके अलावा अरुणाचल (Arunachal Pradesh) से भी पुल टूटने की तस्वीरें सामने आई हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े सत्यजीत कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, झारखंड में गिरिडीह में 29 जून की शाम को मॉनसून की पहली बारिश हुई थी. इस दौरान डुमरीटोला और कारीपहरी गांव के बीच अरगा नदी पर बना पुल टूट गया. खबर है कि बारिश की वजह से अरगा नदी का जलस्तर बढ़ गया था. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात तकरीबन आठ बजे जोरदार आवाज आई. पता चला कि निर्माणाधीन पुल का गाडर टूट कर नदी में गिर गया है. सामने आई फोटो में दिख रहा है कि पुल को सपोर्ट करने वाला एक पिलर भी टेढ़ा हो गया है.

जानकारी के मुताबिक, इस पुल को पथ निर्माण विभाग साढ़े पांच करोड़ की लागत से बनवा रहा था. पुल का काम ओम नमः शिवाय कंस्ट्रक्शन नाम की एजेंसी को सौंपा गया था.

Advertisement

मामले को लेकर झारखंड BJP के प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि पहली बारिश तक नहीं झेल पाने पर इस निर्माणाधीन पुल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होते हैं. प्रतुल ने कहा कि राज्य सरकार का हाथ भ्रष्टाचार के साथ है. उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार पर FIR दर्ज करने की मांग की है.

अरुणाचल में भी यही हाल

अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमेय जिले में कुरुंग नदी पर बना पुल बह गया है. ये पुल जिला मुख्यालय को निकटतम शहर संग्राम से जोड़ता है. आगे चलकर ये पॉलिन, याचुली, याज़ाली और ईटानगर से जुड़ता है. पुल कुरुंग बह जाने से अरुणाचल का कुरुंग कुमेय जिला देश के बाकी हिस्सों से कट गया है.

ये भी पढ़ें- बिहार में मानसून आया झूम के, एक और पुल गिरा झूल के, इस बार मधुबनी में

Advertisement

वहां पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद नामसाई जिले और लोहित जिले के वाकरो सर्कल की सभी नदियां उफान पर हैं. लगभग 34 गांव तबाह हो गए हैं.

वीडियो: बिहार में मानसून आने के साथ ही एक और पुल गिर गया, इस बार मधुबनी में

Advertisement