The Lallantop

ब्राजील की संसद और राष्ट्रपति के घर में घुसे बोलसोनारो के समर्थक, खिड़की-दरवाजे सब तोड़ दिए

400 प्रदर्शनकारी अरेस्ट, राष्ट्रपति बोले- 'किसी को नहीं छोड़ेंगे'

Advertisement
post-main-image
ब्राजील में बवाल (फोटो-इंडिया टुडे/रायटर्स)

ब्राजील में बवाल मचा हुआ है. पिछले राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के हजारों समर्थकों ने रविवार, 8 जनवरी को कांग्रेस, राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट पर धावा बोल दिया (Bolsonaro supporters storm Presidential Palace). घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. इसमें ब्राजील के झंडे लेकर हजारों लोग राजधानी शहर ब्रासीलिया में कांग्रेस भवन की तरफ बढ़ते दिख रहे हैं. मामले पर भारत के पीएम नरेंद्र मोदी का बयान भी सामने आया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पहले बोलसोनारो के समर्थक सड़कों पर इकट्ठा हुए और फिर सुरक्षा घेरा तोड़कर संसद भवन, राष्ट्रपति भवन और सुप्रीम कोर्ट में घुस गए. उन लोगों ने जमकर उत्पात मचाया. खबर है कि प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, विरोध को शांत करने के लिए सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले छोड़े. साथ ही पुलिस ने सरकारी इमारतों में घुसे करीब 400 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद, ब्रासीलिया में संसद भवन के आसपास के क्षेत्र को अधिकारियों ने बंद कर दिया गया. अन्य सरकारी इमारतों को भी खाली करा दिया गया है.

राष्ट्रपति लूला ने एक प्रेस कॉन्फरेंस में कहा-

Advertisement

इन बदमाशों को कट्टर नाज़ी, कट्टर स्टालिनवादी और कट्टर फासीवादी कहा जा सकता है. ये जो कर रहे हैं ऐसा इस देश के इतिहास में कभी नहीं किया गया है. इन सभी लोगों को ढूंढ निकाला जाएगा और उन्हें दंडित किया जाएगा.

वहां के गवर्नर इवानिस रोचा ने बयान में कहा-

हम सभी प्रदर्शनकारियों की पहचान कर रहे हैं. जो भी लोग इस आतंकी कृत्य में शामिल हैं, उनको अपने अपराधों के लिए सजा भुगतनी पड़ेगी.

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने घटना की निंदा की है.

उन्होंने ट्वीट में लिखा-

मैं लोकतंत्र पर हमले और ब्राजील में सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण पर हमले की निंदा करता हूं. ब्राजील के लोकतांत्रिक संस्थानों को हमारा पूरा समर्थन है. मैं राष्ट्रपति लूला के साथ काम जारी रखने के लिए उत्सुक हूं.

पीएम मोदी ने मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा- 

ब्रासीलिया में सरकारी संस्थानों में दंगे और तोड़-फोड़ की खबरों से बेहद चिंतित हूं. लोकतांत्रिक परंपराओं का सभी को सम्मान करना चाहिए. हम ब्राजील के अधिकारियों को अपना पूरा समर्थन देते हैं.

बता दें पिछले साल अक्टूबर में ब्राजील में चुनाव हुए थे. इन चुनावों में बोलसोनारो हार गए थे. तब वामपंथी पार्टी से लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने जीत हासिल की थी. लेकिन, बोलसोनारो के समर्थकों ने चुनाव नतीजे मानने से इंकार कर दिया. तब से ही बोलसोनारो के समर्थक लूला के शपथ लेने के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

लूला ने 1 जनवरी 2023 को ब्राजील के राष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला. वो ब्राजील के 39वें राष्ट्रपति बने हैं.

दुनियादारी: ब्राज़ील को तीन विश्वकप जिताने वाले पेले, जिन्होंने हज़ारों लोगों को मरने से बचाया

Advertisement