The Lallantop

रामनवमी जुलूस में पिस्टल लहराने वाला लड़का BJP या TMC का, पता चल गया है

लड़के को अरेस्ट कर लिया गया है.

Advertisement
post-main-image
आरोपी का पिस्टल लहराते वीडियो हुआ था वायरल. (फोटो: Twitter/ANI)

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा (Ramnavami Violence) हुई. जिस दौरान एक युवक का पिस्टल लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ था. अब पश्चिम बंगाल पुलिस ने आरोपी सुमित शॉ को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी गिरफ्तारी 3 अप्रैल को बिहार के मुंगेर जिले के मकसूदपुर से हुई है. 19 साल का शॉ घटना के बाद से ही फरार चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पिस्टल रखने की बात कबूल की है. हावड़ा पुलिस कमिश्नर ने इस बारे में जानकारी दी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के मुताबिक हावड़ा पुलिस कमिश्नर प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी विश्व हिंदू परिषद की रैली का हिस्सा था. उन्होंने कहा, 

‘राज कुमार शॉ के बेटे सुमित शॉ को सोमवार रात मुंगेर से गिरफ्तार किया गया है. वो शिबपुर में विश्व हिंदू परिषद की रैली का हिस्सा था. हमने उससे पूछताछ की है. जिसमें उसने बताया कि किसी के द्वारा उसे हथियार दिया गया था. उसने हमें उस व्यक्ति का नाम बताया है.’

Advertisement
मां ने क्या कहा?

वहीं इंडिया टुडे से जुड़ीं दिपानीता दास की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की मां ने अपने बेटे को निर्दोष बताया है. उनके मुताबिक जिस हथियार की बात हो रही है, वो नकली है. आरोपी की मां ने कहा,

‘मेरा बेटा इससे पहले कभी ऐसी रैलियों में शामिल नहीं हुआ था, यह पहली बार था. हालांकि इससे पहले उसने TMC की कुछ रैलियों में हिस्सा लिया था. वह पहले तृणमूल का झंडा लगाया करता था.’

दरअसल, 30 मार्च को रामनवमी के मौके पर हावड़ा में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शोभा यात्रा निकाली थी. इसी दौरान शिबपुर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. जिसके बाद वहां स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी. वहां जमकर पत्थरबाजी हुई. साथ ही कई वाहनों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया. घटना के एक दिन बाद 31 मार्च को TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया था. इस वीडियो में एक व्यक्ति को बंदूक लहराते हुए दिखाया गया था. जिसके बाद हावड़ा सिटी की स्पेशल ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की और इनपुट के आधार पर आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया.

Advertisement
TMC और BJP में बयानबाजी

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है. इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, 

‘जिस व्यक्ति को हथियार के साथ देखा गया था और जिसको लेकर बीजेपी लगातार इनकार कर रही थी, अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. इससे यह साफ हो गया है कि राज्य में माहौल खराब करने के इरादे से बीजेपी गुंडों को बिहार से बंगाल में लेकर आ रही है.’

वहीं बीजेपी नेता सजल घोष ने पलटवार करते हुए कहा कि ये TMC की ओर से नियोजित हिंसा है. इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से घोष ने कहा,

‘इस बात की पुष्टि कौन कर सकता है कि राजनीति से उसका कोई संबंध था? इस बात की संभावना है कि टीएमसी ने बीजेपी को बदनाम करने के लिए इसे प्लांट किया हो. अगर पुलिस इतनी सक्षम है कि उसने मुंगेर से इस व्यक्ति की पहचान करके उसे गिरफ्तार कर लिया, तो उसे रैली में शामिल होने से रोकने में विफल क्यों रही? ये TMC की तरफ से प्लान की गई हिंसा है.’

बताते चलें कि इस घटना के बाद से BJP और TMC लगातार एक दूसरे पर हमलावर हैं. वहीं इस मामले की जांच CID द्वारा की जा रही है.

वीडियो: 'दंगा करने वाले ना हिंदू थे, ना मुसलमान' ममता बनर्जी ने इन्हें बताया हावड़ा हिंसा का जिम्मेदार

Advertisement