The Lallantop

भाषण बीच में टोकने से 'डिस्टर्ब' सांसद संघमित्रा मौर्या जाकर कुर्सी पर बैठ गईं!

सांसद की नाराजगी से उनके समर्थक भड़क गए, बाद में मामला शांत हुआ.

Advertisement
post-main-image
भाजपा सांसद संघमित्रा मौर्या भाषण पूरा ना कर पाने के कारण गुस्सा हो गई और अपनी कुर्सी पर जाकर बैठ गईं.

लखनऊ में रविवार, 14 नवंबर को बीजेपी का सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन था. लेकिन इस कार्यक्रम में उस समय थोड़ी अजीब स्थिति हो गई जब पार्टी की सांसद संघमित्रा मौर्य नाराज हो गईं और जाकर कुर्सी पर बैठ गईं. सांसद की नाराजगी से उनके समर्थक भड़क गए और नारेबाजी करने लगे. इस दौरान मंच पर सीएम योगी भी मौजूद थे.हालांकि, बाद में संघमित्रा मौर्य ने अपने समर्थकों को समझाया और नारेबाजी न करने और बैनर न दिखाने का अनुरोध किया.

Advertisement
हुआ क्या था? रविवार को मौर्य समाज का सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन हो रहा था. इसी कार्यक्रम में मंच पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, बदायूं से भाजपा की सांसद संघमित्रा मौर्य मौजूद थीं. संघमित्रा मौर्य को बोलने के लिए बुलाया गया, लेकिन उन्हें बोलने का समय नहीं दिया गया. भाषण के बीच में उन्हें कई बार टोका गया. इससे नाराज होकर संघमित्रा अपनी कुर्सी पर आकर बैठ गईं.इसके बाद कुछ देर तक तो एक दम सन्नाटा छाया रहा. संघमित्रा के बाद भाषण देने की बारी यूपी के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव की थी. आयोजकों ने स्वतंत्र देव को मंच पर भाषण देने के लिए बुलाया. लेकिन उससे पहले संघमित्रा के समर्थक नारेबाजी करने लगे. ये सब मुख्यमंत्री योगी के सामने ही हो रहा था. बढ़ते हंगामें को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने संघमित्रा की ओर देखा. इसके बाद सांसद ने अपने समर्थकों से नारेबाजी बंद करने के लिए कहा. संघमित्रा ने समर्थकों को कहा,
"आप लोग प्लीज अपनी जगह पर बैठ जाइए. हमारी नाराजगी समाज से या शीर्ष नेतृत्व से नहीं है. हमें डिस्टर्ब किया जा रहा था, इसलिए हम बैठे क्योंकि हम अपनी बात रखने में डिस्टर्ब बर्दाश्त नहीं करते हैं. हमारी नाराजगी शीर्ष नेतृत्व से नहीं है और न पार्टी से है. इसलिए आपसे निवेदन करती हूं, क्योंकि हमारे सामने प्रदेश के अध्यक्ष, प्रदेश के मुखिया हैं, इसलिए अनुशासन का परिचय दें. हमारा समाज अनुशासन में रहा है और अनुशासन में रहकर ही अपने हक के लिए लड़ा है, इसलिए अनुशासन का परिचय दें."  
संघमित्रा मौर्य स्वामी प्रसाद मौर्य की बेटी हैं. स्वामी प्रसाद वर्तमान में योगी सरकार में श्रम एवं सेवायोजन विभाग के मंत्री हैं. संघमित्रा पहली बार बदायूं से सांसद हैं. उन्होंने चुनाव में अखिलेश के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव को हराया था. सम्मेलन में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग पाकिस्तान के जिन्ना का समर्थन करते हैं, वो अप्रत्यक्ष रूप से तालिबान का समर्थन करते हैं. उत्तर प्रदेश में विपक्ष के पास मुद्दा नहीं है, वो सरदार पटेल का अपमान करना चाहते हैं. योगी ने कहा,
"सरदार पटेल सदैव भारत के राष्ट्र नायक हैं और जिन्ना हमेशा भारत के लिए खलनायक रहेंगे. जो लोग खलनायक का सम्मन कर रहें हैं क्या आप उनका समर्थन करेंगे. सरदार पटेल राष्ट्र नायक हैं. महात्मा बुद्ध दुनिया में करुणा, शांति, मैत्री के रूप में पूजे जाते रहेंगे" 
पिछले कुछ दिनों से जिन्ना को लेकर यूपी में सियासत तेज है. अखिलेश के एक बयान के बाद बीजेपी कई मौकों पर उन्हें घेर चुकी है.

Advertisement
Advertisement