दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बीजेपी सांसद मनोज तिवारी पर 21 हजार रूपये का चालान किया है. मनोज तिवारी बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहे थे. दरअसल, बुधवार 3 अगस्त को बीजेपी ने दिल्ली में ‘हर घर तिरंगा’ मोटरसाइकिल रैली निकाली थी. इसी दौरान मनोज तिवारी बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ लाल किले से निकाली गई एक रैली में देखे गए. वो बिना हेलमेट के एक बुलेट बाइक चला रहे थे. ट्रैफिक पुलिस ने उनका तो चालान किया ही, बाइक के मालिक पर भी जुर्माना लगाया है.
मनोज तिवारी बिना हेलमेट, पेपर, लाइसेंस और HSRP के बाइक दौड़ा रहे थे, तगड़ा चालान कटा
मनोज तिवारी ने खुद का तो चालान कटवाया ही, बाइक के मालिक का भी बट्टा बिठा दिया.


उधर मनोज तिवारी की बिना हेलमेट वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई. लोगों ने जमकर उनकी आलोचना की. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को टैग कर चालान की मांग करने लगे. इसके बाद मनोज तिवारी ने माफी मांगी. उन्होंने अपनी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,
"आज हेलमेट नहीं पहनने के लिए माफी मांगता हूं. मैं चालान भरूंगा. गाड़ी की नंबर प्लेट तस्वीर में साफ दिख रही है और जगह लाल किला थी. आप सब से निवेदन है कि बिना हेलमेट बाइक ना चलाएं. सुरक्षित ड्राइव करें. परिवार और दोस्तों को आपकी जरूरत है."
आजतक से जुड़े अरविंद ओझा से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मनोज तिवारी के घर जाकर चालान काटा. बिना हेलमेट बाइक चलाने पर 1000 रुपये, प्रदूषण के पेपर नहीं होने के कारण 10 हजार, बिना लाइसेंस बाइक चलाने पर 5 हजार रुपये का चालान किया गया. बाइक की हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) भी नहीं थी, इस पर भी 5 हजार जुर्माना लगा. इस तरह उन पर कुल 21 हजार रुपये का चालान काटा गया.
वहीं ट्रैफिक नियमों के मुताबिक, बाइक के मालिक पर भी 20 हजार रुपये का चालान किया गया. यानी ट्रैफिक पुलिस ने कुल 41 हजार का जुर्माना लगाया है.
इस तिरंगा रैली के दौरान बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे भी रैली में शामिल थे. दुबे और दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ दोनों एक ही बाइक पर बिना हेलमेट के दिखे. अभी तक ये जानकारी नहीं मिली है कि ट्रैफिक पुलिस ने इन दोनों सांसदों पर जुर्माना लगाया है या नहीं.
देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर सरकार ने 'हर घर तिरंगा' अभियान शुरू किया है. स्वतंत्रता के 75वें साल को 'आजादी का अमृत महोत्सव' के नाम से मनाया जा रहा है. इसी के तहत तिरंगा रैली निकाली गई थी.
वीडियो: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 'फ्लैग कोड ऑफ इंडिया' में क्या बदलाव किए?



















