The Lallantop

बिप्लब कुमार देव ने बाढ़ की 'असल' वजह बता दी, सुनकर माथा चकरिया जाएगा!

त्रिपुरा के पूर्व CM और BJP नेता बिप्लब देव ने बाढ़ का राहुल गांधी कनेक्शन बताया है

Advertisement
post-main-image
बिप्लब कुमार देव अपने एक बयान के लिए फिर चर्चा में हैं | फाइल फोटो: आजतक

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव. अपने एक बयान के लिए फिर चर्चा में हैं. अब उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को बाढ़ के लिए दोषी ठहरा दिया है. कहा है कि हरियाणा में बाढ़ राहुल गांधी के पाप की वजह से आई है. उनके मुताबिक राहुल गांधी ने हरियाणा की जमीन पर ऐसा एक काम किया है कि उसके कुछ घंटे बाद ही हरियाणा बाढ़ में डूब गया. बिप्लब कुमार देव इस समय हरियाणा के भाजपा प्रभारी हैं. रविवार, 23 जुलाई को हरियाणा के रोहतक में हुए भाजपा के पन्ना प्रमुख सम्मेलन में आए थे. इसी दौरान उन्होंने ये बात कही.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
बाढ़ का राहुल गांधी कनेक्शन निकाल दिया

बिप्लब कुमार देव ने हरियाणा में आई बाढ़ पर कहा,

‘राज पुत्र (राहुल गांधी) हरियाणा की जमीन पर आए, यहां आकर उन्होंने खेती (धान) लगाई. जिस दिन खेती लगाई उसी दिन हरियाणा की पूरी जमीन पानी में डूब गई. ये किसानों का राज्य है, यहां वो किसान बनकर नाटक करने आए. ईश्वर भी इस बात को सहन नहीं कर पाया. उसने पूरे हरियाणा को इस पाप से धो डाला, हरियाणा उनके (राहुल गांधी के) किए पाप के साथ नहीं जाने वाला है. हरियाणा पापियों का साथ नहीं देगा क्योंकि हरियाणा की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है.’

Advertisement
बिप्लब ने पंजाबी और जाटों पर की थी टिप्पणी

बिप्लब कुमार देव इससे पहले भी कई विवादित बयान दे चुके हैं. जुलाई 2020 में उन्होंने पंजाब और हरियाणा के लोगों पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.

त्रिपुरा के अगरतला में उन्होंने कहा था,

'अगर हम पंजाब के लोगों की बात करें तो हम कहते हैं, वह एक पंजाबी हैं, एक सरदार हैं! सरदार किसी से नहीं डरता. वे बहुत मजबूत होते हैं लेकिन दिमाग कम होता है. कोई भी उन्हें ताकत से नहीं बल्कि प्यार और स्नेह के साथ जीत सकता है... मैं आपको हरियाणा के जाटों के बारे में बताता हूं. तो लोग जाटों के बारे में कैसे बात करते हैं... वे कहते हैं... जाट कम बुद्धिमान हैं, लेकिन शारीरिक रूप से स्वस्थ हैं. यदि आप एक जाट को चुनौती देते हैं, तो वो अपनी बंदूक अपने घर से बाहर ले आएगा.'

Advertisement

पंजाबी और जाट समुदाय पर ये विवादित बयान देने के बाद बिप्लब कुमार देब ने माफ़ी भी मांगी थी. बाद में उन्होंने कहा था कि वो बस पंजाबी और जाट भाइयों के बारे मे कुछ लोगों की सोच का जिक्र कर रहे थे. उनकी धारणा किसी भी समाज को ठेस पहुंचाने की नहीं थी. बिप्लब कुमार देब के मुताबिक उन्हें पंजाबी और जाट दोनों ही समुदायों पर गर्व है.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: राहुल, ममता के साथ के बावजूद BJP से क्यों नहीं जीत पाएंगे केजरीवाल?

Advertisement