The Lallantop

बिहार में नर्स ने जिस 'डॉक्टर' का प्राइवेट पार्ट काटा, उसकी तस्वीरें सोचने पर मजबूर कर देंगी

Bihar Doctor Rape Nurse: आरोपी डॉक्टर संजय कुमार की तस्वीरें सामने आई हैं. दावा किया जा रहा है कि वो असली डॉक्टर नहीं है, झोलाछाप है.

Advertisement
post-main-image
आरोपी डॉक्टर बेगूसराय के बछवारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. (फोटो- सोर्स)

बिहार के समस्तीपुर में कथित तौर पर एक कथित डॉक्टर ने दो साथियों के साथ मिलकर एक नर्स का रेप करने का प्रयास किया. बचाव में नर्स ने ‘डॉक्टर’ का प्राइवेट पार्ट काट दिया. घायल ‘डॉक्टर’ का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर आरोपी संजय कुमार संजू की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हैं, जो उसके डॉक्टर होने पर सवाल खड़ी करती हैं. कहा जा रहा है कि वो ‘हिंदू समाज पार्टी’ नाम के संगठन में ‘संगठन मंत्री’ है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

12 सितंबर की रात हुई घटना समस्तीपुर के आरबीएस हेल्थ केयर अस्पताल की है. जहां के संचालक संजय कुमार संजू ने अपने दो दोस्तों के साथ कथित तौर पर पहले शराब पी, इसके बाद वहां काम करने वाली एक नर्स के साथ जबरदस्ती करने लगे. आरोप है कि उन्होंने महिला का गैंगरेप करने की कोशिश की. इसी दौरान नर्स ने अपनी आत्मरक्षा में सर्जिकल ब्लेड से संजय का प्राइवेट पार्ट काट दिया. इसके बाद वो वहां से किसी तरह बच कर भाग निकली.

घटना सामने आई तो आऱोपी संजय कुमार संजू से जुड़ी कई अन्य जानकारियों का खुलासा हुआ. मामले को लेकर बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने सरकार को घेरते हुए X पर पोस्ट कर लिखा,

Advertisement

“समस्तीपुर के अस्पताल में एक डॉक्टर ने शराबबंदी के बावजूद आसानी से बाजार में उपलब्ध शराब के नशे में धुत होकर साथियों संग नर्स के साथ दुष्कर्म करने का दुस्साहस किया. बचाव के दौरान पीड़िता ऑपरेशन ब्लेड से डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट को काट किसी तरह जान बचाकर भाग निकली. गोदी मीडिया, 𝐁𝐉𝐏, 𝐉𝐃𝐔 और 𝐋𝐉𝐏 के वरिष्ठ नेता इस पर हो-हल्ला नहीं करेंगे क्योंकि यहां इनकी सरकार है. इतना तो बेचारे अनैतिक, 𝐒𝐞𝐥𝐞𝐜𝐭𝐢𝐯𝐞 और 𝐁𝐢𝐚𝐬𝐞𝐝 होंगे ही ना?”

इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर आऱोपी 'डॉक्टर' की कई अन्य तस्वीरें वायरल हैं जिनमें वो काफी धार्मिक नजर आ रहा है. इंडिया टुडे से जुड़े जहांगीर आलम ने आरोपी को लेकर जानकारियां जुटाने की कोशिश की. इस दौरान उन्होंने भाकपा माले (CPI-ML) की जिला स्थाई समिति के सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह से बात की. उनका दावा है,

“डॉक्टर संजय कुमार संजू एक झोलाछाप डॉक्टर हैं. वो बेगूसराय के रहने वाले हैं और हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी हैं. राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन समस्तीपुर के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं. इसके अलावा वो कई अन्य संगठनों से भी जुड़े रहे हैं. भाकपा माले मांग करती है कि आरोपी डॉक्टर पर कड़ी कार्रवाई की जाए.”

Advertisement

संजय ने ये भी बताया कि आरोपी डॉक्टर संजय कई तरह की ‘माफियागीरी’ के कामों में भी लिप्त है. उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने संजय के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो पार्टी आंदोलन पर उतरेगी.

जानकारी के मुताबिक आरोपी डॉक्टर बेगूसराय के बछवारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उसके साथ गिरफ्तार अन्य युवकों की पहचान वैशाली जिले के बालीगांव के सुनील कुमार गुप्ता और समस्तीपुर के बंगरा थाना क्षेत्र के अवधेश कुमार के रूप में हुई है. मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है.

ASP संजय पांडे ने बताया कि महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि घटना के वक्त अस्पताल का सीसीटीवी कैमरा बंद था. अस्पताल से खून से सने कपड़े, एक कार और शराब की बोतल के अलावा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

वीडियो: बिहार: नाबालिग को घर में घुस कर अगवा किया, अगले दिन दरिंदगी और हत्या कर शव फेंका?

Advertisement