The Lallantop

बिहार: उपेंद्र कुशवाहा का दावा- 'काफिले पर पत्थरबाजी हुई', पुलिस ने कुछ और ही बताया

लेकिन तेजस्वी यादव ने क्या कहा?

Advertisement
post-main-image
कुशवाहा और उनका काफिला (फोटो- ट्विटर)

JDU अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का दावा है कि बिहार के भोजपुर में उन पर हमला किया गया. घटना सोमवार, 30 जनवरी की शाम की है. कुशवाहा ने ट्विटर पर बताया कि उनके काफिले पर पत्थरबाजी हुई. हालांकि हमले में कुशवाहा को चोट नहीं आई है. वहीं पुलिस पत्थरबाजी के दावे को खारिज कर रही है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने ट्विटर पर लिखा,

“भोजपुर जिले के जगदीशपुर में नयका टोला मोड़ के पास से गुजर रहे काफिले में शामिल मेरी गाड़ी पर कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया, पत्थर भी फेंके. सुरक्षाकर्मियों के दौड़ाने पर सभी भाग निकले.”

Advertisement

आजतक से जुड़े शशि की रिपोर्ट के मुताबिक घटना के समय उपेंद्र कुशवाहा बक्सर से लौट रहे थे. रास्ते में भोजपुर स्थित नयका टोला के पास कुछ लोगों ने उनके काफिले को काले झंडे दिखाए. कुशवाहा का कहना है कि उसी दौरान उनके काफिले पर पथराव भी किया गया.

पुलिस बोली कोई भी पत्थर नहीं चला

उपेंद्र कुशवाहा के ट्वीट के बाद बिहार में सियासी खेल शुरू हो गया है. वजह ये कि बिहार पुलिस ने कुशवाहा के काफिले पर पत्थरबाजी किए जाने के दावे को खारिज कर दिया है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कहा है कि काफिले पर कोई भी पत्थर नहीं फेंका गया. इस बीच बिहार सरकार में JDU की सहयोगी RJD का भी बयान आया. पार्टी के विधायक और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि इस घटना के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन अगर ऐसा कुछ हुआ है तो प्रशासन कड़ा कदम उठाएगा.

पार्टी के खिलाफ बोलते रहे हैं कुशवाहा

उपेंद्र कुशवाहा काफी समय से सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ खुलकर बोल रहे हैं. इसे लेकर JDU नेता उनसे नाराज हैं. बक्सर में भी उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर पार्टी की व्यवस्था पर कई सवाल उठाए थे. यही नहीं, जब उपेंद्र से ये कहा गया कि आप जिस तरह से बोल रहे हैं, ऐसे में पार्टी आप पर कार्रवाई कर सकती है, तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि वो कोई गाजर-मूली नहीं है जो कोई भी उखाड़ कर फेंक देगा.

Advertisement

बहरहाल, कुछ दिन पहले बिहार में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के काफिले पर हमला किया गया था. चौबे बक्सर में एक कार्यक्रम के लिए जा रहे थे. तभी उनके काफिले पर पत्थर फेंके गए थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक बक्सर में किसान अपनी जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. केंद्रीय मंत्री के पहुंचते ही किसानों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने पत्थर चलाने शुरू कर दिए.

वीडियो: लखनऊ पहुंचे अखिलेश यादव, बोले 'मुझे रोकने के लिए गुंडे भेजे'

Advertisement