The Lallantop

बिहार और बंगाल में अब तक नहीं रुकी रामनवमी से शुरु हुई हिंसा, 10 पॉइंट में जानिए सारी बातें

राजनीतिक बयानबाजी भी हो रही है.

Advertisement
post-main-image
हिंसा के बाद कई इलाकों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है. (फोटो- PTI)

बिहार के बाद बंगाल में रामनवमी जुलूस के दौरान फिर से हिंसा (Ramnavami Violence) की खबरें आई हैं. हिंसा प्रभावित कुछ इलाकों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है. इधर, एक अप्रैल की शाम बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में ब्लास्ट हुआ. सासाराम से सोमवार, 3 अप्रैल को भी ब्लास्ट होने जैसी खबर सामने आई. इंडिया टुडे से जुड़े आदित्य वैभव की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्लास्ट की खबर टाउन थाने के मोची टोले से आई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

उधर रविवार, 2 अप्रैल को बंगाल के हुगली में निकाली जा रही शोभायात्रा पर कथित तौर पर पत्थरबाजी की गई. बिहार और बंगाल में हुई हिंसा के बाद से अब तक क्या-क्या हुआ, मामले में क्या अपडेट है. सारा कुछ 10 पॉइंट्स में जानते हैं.

1. एक अप्रैल को बिहार के रोहतास में हुए बम ब्लास्ट में 6 लोगों के घायल होने की खबर है, वहीं एक की मौत हुई है. ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में अबतक 77 लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, इस घटना को लेकर बिहार पुलिस पुलिस ने बताया कि ब्लास्ट का कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है. पुलिस ने ये भी कहा है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें.

Advertisement


2. हिंसा के बाद कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है. नालंदा जिले में 4 अप्रैल तक इंटरनेट सेवा बंद है. शहर में पहले से ही कर्फ्यू लगा हुआ है. इसके साथ ही रोहतास जिले में शिक्षा विभाग ने 4 अप्रैल तक सभी सरकारी स्कूल, मदरसों और कोचिंग सेंटर्स को बंद रखने का आदेश जारी किया है. बिहार शरीफ में भी कर्फ्यू लागू कर दिया गया है.

3. बिहार में हिंसा की खबरों के बाद सीएम नीतीश कुमार ने हाई लेवल मीटिंग की. वहीं, डीजीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य के हालात पर जानकारी दी. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, CM नीतीश ने बताया कि उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. सीएम ने आगे कहा कि अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है. बिहार के DGP आर एस भट्टी ने बताया है कि कानून व्यवस्था नियंत्रण में है.

Advertisement

4. बिहार हिंसा के बाद आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए. बिहार के नवादा में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, “40 में से 40 सीटें दीजिए, दंगा करने वालों को उल्टा लटका कर सीधा कर देंगे.” जिसपर निशाना साधते हुए आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि अमित शाह को बिहार की नहीं, बल्कि 40 लोकसभा सीटों की चिंता है. वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने सीएम नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की है.

5. इधर, 2 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के हुगली में फिर से हिंसा की खबरें आईं. हिंसा की खबरें तब आईं जब रिसरा इलाके में एक शोभायात्रा निकाली जा रही थी. यात्रा में बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष भी शामिल हुए थे. बताया जा रहा है कि दिलीप के जाने के बाद दो गुट आमने-सामने आ गए. जिसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई और आगजनी भी की गई.

6. बंगाल के रिसरा में हुई इस हिंसा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, बीजेपी का कहना है कि हिंसा में विधायक बिमन घोष घायल हुए हैं. साथ ही कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

7. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना उस वक्त हुई थी जब शोभायात्रा रिसरा के संध्या बाजार इलाके से निकल रही थी. हिंसा के बाद से रिशरा के कुछ इलाकों में धारा 144 लागू कर दी गई है. रिशरा में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी गई है.

8. बंगाल में हिंसा की घटनाओं के बाद राज्य के गवर्नर सीवी आनंद बोस का बयान सामने आया है. राज्यपाल ने कहा है कि प्रदेश में किसी भी कीमत पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वहीं सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि उनके आंख-कान सब खुले हैं, उन्हें सब दिख रहा है. 

9. सासाराम में हिंसा के बाद ऐसी भी खबरें आईं कि इलाके में रहने वाले हिंदू परिवार अपने घरों से भाग रहे हैं. ऐसी खबरों को बिहार पुलिस ने अफवाह बताया है. पुलिस ने कहा है कि किसी ने भी अपना घर नहीं छोड़ा है, ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है.

10. बिहार के हालात की समीक्षा करते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने 2 अप्रैल को बिहार के राज्यपाल से बातचीत की. जिसके बाद बिहार के कुछ संवेदनशील इलाकों में अर्धसैनिक बलों की तैनाती करने का फैसला लिया. अमित शाह ने कहा कि अर्धसैनिक बलों की तैनाती राज्य पुलिस को सहयोग करने के लिए और राज्य में शांति स्थापित करने के लिए है. इसके लिए पैरामिलिट्री की 10 कंपनियों को बिहार भेजा गया है.

वीडियो: 'दंगा करने वाले ना हिंदू थे, ना मुसलमान' ममता बनर्जी ने इन्हें बताया हावड़ा हिंसा का जिम्मेदार

Advertisement