# सलमान ने सुरभि और रोहित को लताड़ा # जसलीन और मेघा हो गईं घर से बेघर # बिग बॉस ने घरवालों को उनके घरवालों से मिलाया
रोहित और सुरभि को मिला उनकी गलतियों का सबक
इस बार शनिवार के बदले होस्ट सलमान खान शुक्रवार को ही अवतरित हो गए. आने के बाद उन्होंने घर के सभी सदस्यों के पिछले 12 हफ्तों का लेखा-जोखा किया. सबसे पहले बात शुरू हुई जेल जाने वालों की. इस हफ्ते जेल पहुंचे थे रोमिल, श्रीसंत और दीपक. उन्हें जेल भेजने का फैसला पूरी तरह से कप्तान सुरभि का था. जिसे सलमान ने सिरे से खारिज़ कर दिया. जहां तक बात रही बद्तमीज़ी की, तो उन्होंने इस मामले में सुरभि और रोहित को बताया कि बद्तमीज़ी के में वो दोनों श्रीसंत से कहीं आगे हैं. उन्होंने ये सब वीडियो क्लिप्स की मदद से साबित भी किया.

रोहित ने जहां अपनी गलती के लिए माफी मांगी, वहीं सुरभि ने सलमान पर ही भेदभाव करने का आरोप लगा दिया.
इसके बाद बात छिड़ गई अंडरगार्मेंट्स वाली कॉमेडी की. ये तकरीबन दो हफ्ते पुरानी बात है. रोहित, करणवीर और सुरभि गार्डन एरिया में कुछ गप लड़ा रहे थे. इसी दौरान वहां घर की महिलाओं के कुछ अंडरगार्मेंट्स पड़े थे. इन तीनों ने उसे एक-दूसरे के ऊपर उछालना शुरू कर दिया. और इस सब के बाद करणवीर उसे अपने माथे पर लटकाकर पोज़ देने लगे. ये चीज़ टीवी पर तो नहीं दिखाई गई थी लेकिन सोशल मीडिया पर ये क्लिप (वायकॉम 18 के ऑफिशियल ऐप और वेब से होती हुई) खूब वायरल हो गई. इसके बाद करणवीर बोहरा की चहुंओर आलोचना हुई. इस बात सलमान ने उन्हें बताया कि वो तीनों जो करने की कोशिश कर रहे थे, वो एक भद्दी कॉमेडी थी.

माथे पर अंडरगारमेंट लटकाए करणवीर बोहरा और उनके साथ रोहित और सुरभि.
जसलीन ने अनूप के साथ अपने रिश्ते को बताया मजाक
पिछले हफ्तों कोई घर से बेघर नहीं हुआ था. और इस हफ्ते कोई नॉमिनेट भी नहीं हुआ था. मतलब सेम लोग इस हफ्ते भी घर से बेघर होने के लिए नॉमिनेटेड थे. ये लोग थे- दीपिका, दीपक, जसलीन, मेघा और रोमिल. इस हफ्ते सबकुछ एक दिन पहले चल रहा था. इसलिए रविवार के बदले शनिवार को ही सलमान ने मेघा और जसलीन को घर से बाहर होने की खबर सुना दी. घर से बाहर निकलते ही बिग बॉस के कंटेस्टेंट सेलेब्रिटी बन जाते हैं और उनके इंटरव्यू वगैरह होने लगते हैं. जसलीन से हुए इंटरव्यू में अधिकतर अनूप जलोटा से ही जुड़े सवाल पूछे गए. इसका जवाब जसलीन ने ये कह कर दिया कि उनका और अनूप का रिश्ता महज एक मजाक भर था. उन दोनों की जोड़ी बिग बॉस में बतौर गुरु-शिष्य आने वाली थी. लेकिन स्टेज पर सलमान ने जसलीन को उनकी गर्लफ्रेंड के रूप में बुला दिया, जिसके बाद वो दोनों यही रोल प्ले करने लगे. जसलीन ने शो पर ये भी बताया था कि वो और अनूप पिछले तीन साल से साथ थे. इस बात के जवाब में जसलीन ने कहा कि वो एक मजाक था, जो थोड़ा ज़्यादा लंबा खिंच गया. अनूप जलोटा हालांकि इस चीज़ को लेकर घर में कॉन्शस थे लेकिन उन्होंने इस बारे में घर से बाहर निकलते ही सारी बातें क्लीयर कर दीं.

जसलीन ने अनूप जलोटा के साथ अपने फेक रिलेशनशिप का ठीकरा सलमान खान पर फोड़ दिया.
श्रीसंत से मिलने आईं उनकी पत्नी ने सुरभि को उनकी गलतियों के लिए लगाई फटकार
रविवार का एपिसोड फैमिली स्पेशल था. इसमें सभी कंटेस्टेंट्स के घरवाले उनसे मिलने आ रहे थे. सबके घरवाले आ चुके हैं, सिर्फ रोमिल, सोमी और दीपिका को छोड़कर. सबसे पहले आए सुरभि के भाई, जिन्होंने अपनी बहन को मोटिवेट किया और सभी घरवालों को उनकी खूबियां-खामियां बताकर चले गए. इसके बाद घर में घुसीं श्रीसंत की पत्नी भुवनेश्वरी. भुवनेश्वरी सबसे तो मिली लेकिन रोहित को उन्होंने इग्नोर कर दिया. सुरभि को श्रीसंत के साथ झगड़ने के लिए उन्होंने बहुत सुनाया. उन्होंने सुरभि को थैंकलेस इंसान कहा क्योंकि श्रीसंत ने उन्हें कप्तान बनाने के लिए हरभजन वाले किस्से का ज़िक्र किया था. इसके बाद उन्होंने खुद को नॉमिनेट कर सुरभि को सेफ किया था. सुरभि ये सब भूलकर श्रीसंत से लड़ने पहुंच पड़ती हैं. और उन्हें उकसाने लगती हैं. इसके बाद दीपक के पिताजी आए, जिन्होंने सभी घरवालों से दीपक को उनका छोटा भाई समझने की गुज़ारिश की. उन्होंने दीपक से कहा कि ये वो लोग हैं, जिन्हें देखकर वो बड़े हुए हैं, इसलिए उनसे लड़ाई न करें बल्कि उनकी इज़्जत करें. साथ उन्होंने सोमी को ये भी कह दिया कि दीपक से उनकी शादी तो वो करवा नहीं पाएंगे इसलिए वो उसे अपना प्यारा दोस्त ही समझें. सोमवार को बाकी बचे घरवालों से मिलने उनके घरवाले आएंगे. इसके अलावा इस हफ्ते की सबसे इंपॉर्टेंट चीज़ नॉमिनेशन भी सोमवार को ही होना है. ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि शो खत्म होने से ऐन पहले घर से कौन-कौन बाहर होता है.

सुरभि पर अपना गुस्सा निकालती हुई श्रीसंत की वाइफ भुवनेश्वरी.
वीडियो देखें: Bigg Boss 12: टास्क से बाहर होने से भड़के रोमिल रोहित से भिड़ गए





















