The Lallantop

भिवानी हत्याकांड: मोनू मानेसर ने जुनैद और नासिर का नाम लेकर क्या कहा?

'हम गोरक्षा करते हैं, इसलिए...'

Advertisement
post-main-image
भिवानी केस आरोपी मोनू मानेसर (फोटो-आजतक)

हरियाणा के भिवानी से जुड़े बोलेरो हत्याकांड के आरोपी मोनू मानेसर ने खुद को निर्दोष बताया है (Bhiwani Case Accused Monu Manesar). अपनी बेगुनाही के सबूत के तौर पर पहले उसने ट्विटर पर घटना वाली रात की एक सीसीटीवी फुटेज शेयर की. ये फुटेज एक होटल की थी. मोनू ने दावा किया कि वो घटना की रात होटल में था. अब आजतक के साथ बातचीत में मोनू ने केस में CBI जांच की मांग की है. उसका कहना है कि उसे और उसके साथियों को फंसाया जा रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मोनू ने आजतक से बातचीत में खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा,  

जुनैद और नासिर को मैं जानता ही नहीं हूं. उनसे हमारा कोई लेना-देना नहीं. 14-15 की रात को मैं गुरूग्राम में ही मौजूद था. मैं और मेरे साथी एक होटल में मौजूद थे. हमारे संगठन को बदनाम किया जा रहा है.  

Advertisement

आरोपी ने आगे कहा,

मामले में सीबीआई जांच होनी चाहिए ताकि दोषियों को सजा मिले. केस में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है वो सभी बजरंग दल से जुड़े हैं. सभी को मैं जानता हूं. लेकिन हम निर्दोष हैं. हमारा नाम इसलिए डाला गया क्योंकि हम गोरक्षा करते हैं. सच कुछ दिनों में ही सामने आ जाएगा.

इससे पहले आरोपी ने ट्वीट में राजस्थान और हरियाणा पुलिस को टैग करते हुए लिखा,

Advertisement

गोपालगढ़ थाना क्षेत्र में जो घटना हुई, 14 से 15 की दोपहर तक मैं और मेरे साथी गुरुग्राम के एक निजी होटल में रुके थे. हमारा इस घटना से कोई संबंध नहीं है.

एक अन्य वीडियो में मोनू ने बजरंग दल का बचाव करते हुए कहा कि हत्याकांड का हिंदू संगठन से कोई लेना-देना नहीं है. आरोपी ने मामले की जांच में सहयोग करने की बात भी कही.

आजतक के मुताबिक, आरोपी मोनू उर्फ मोनू मानेसर ने दावा किया कि 14 फरवरी की रात उसने गुरुग्राम के होटल में एंट्री की थी. फिर 15 फरवरी की सुबह वो होटल से अपने घर कपड़े लेने गया. उसके बाद वापस होटल आ गया था.

कौन है मोनू मानेसर?

मोनू उर्फ मोनू मानेसर खुद को गोरक्षक बताता है. वो गोरक्षा दल का सदस्य है और बजरंग दल से जुड़ा हुआ है. सोशल मीडिया पर उसके काफी ज्यादा फॉलोअर हैं. वो अक्सर विवादों में रहता है. इससे पहले भी मोनू पर गोतस्करी रोकने के नाम पर मुस्लिम युवक की पिटाई करने का आरोप लग चुका है. खबरों के मुताबिक वारिस नाम के उस व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी.

गुरुवार, 16 फरवरी को हरियाणा के भिवानी में एक बोलेरो गाड़ी में दो नर कंकाल मिले. बताया गया कि जुनैद और नासिर नाम के दो मुस्लिम युवकों को मारपीट के बाद जिंदा जला दिया गया. जिस बोलेरो में उन्हें जलाया गया वो उन्हीं की थी. दोनों राजस्थान के भरतपुर के पहाड़ी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. पुलिस ने इस मामले में निमूलथान, श्रीकांत निमरोडा, लोकेश, रिंकू सैनी, मोनू मानेसर के खिलाफ केस दर्ज किया है.

वीडियो: सोशल लिस्ट: निक्की यादव की हत्या के बाद वायरल CCTV, साहिल गहलोत, लिव-इन पर क्या बातें हुईं ?

Advertisement