The Lallantop

जिस मॉल में धोती पहने किसान को घुसने नहीं दिया, कर्नाटक सरकार ने उसे बंद कर दिया

मॉल का नाम जीटी वर्ल्ड मॉल है. सोशल मीडिया पर जीटी मॉल का वीडियो सामने आने के बाद शहरी विकास मंत्री बिरथी सुरेश ने कहा कि इस घटना पर कार्रवाई करने के लिए कानून में प्रावधान है.

Advertisement
post-main-image
बेंगलुरू के एक शॉपिंग मॉल को एक सप्ताह के लिए बंद करने का आदेश दिया है. (फ़ोटो/सोशल मीडिया)

कर्नाटक सरकार ने बेंगलुरू के उस शॉपिंग मॉल को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया है जहां कथित तौर पर धोती पहनने की वजह से एक बुजुर्ग को एंट्री नहीं करने दी गई थी. इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया था जिसमें बुजुर्ग किसान और उनका बेटा मॉल के मेन गेट के बाहर दिखाई दे रहे हैं. अब राज्य सरकार ने टैक्स से संबंधित नियम-कानूनों के तहत मॉल को एक सप्ताह के लिए बंद करने का आदेश दिया है. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक 1.78 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने को लेकर मॉल पर कार्रवाई की गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े सगाय राज के इनपुट्स के मुताबिक मॉल का नाम जीटी वर्ल्ड मॉल है. सोशल मीडिया पर मॉल का वीडियो सामने आने के बाद कर्नाटक के शहरी विकास मंत्री बिरथी सुरेश ने कहा कि इस घटना पर कार्रवाई करने के लिए कानून में प्रावधान है. 18 जुलाई को सुरेश ने कर्नाटक विधानसभा में कहा,

“मैंने अभी-अभी हमारे पूर्व BBMP (बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका) आयुक्तों में से एक से बात की है. सरकार के पास कानून के तहत सात दिनों के लिए मॉल बंद करने का प्रावधान है.”

Advertisement

इससे पहले इस मामले में 17 जुलाई को मॉल के मालिक और सुरक्षा गार्ड के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना) के तहत मामला दर्ज किया गया था.

बेंगलुरु के जीटी मॉल में क्या हुआ?

यह घटना 16 जुलाई की शाम को हुई. एक बुजुर्ग किसान फकीरप्पा और उनके बेटे को एक फिल्म की टिकट होने के बावजूद सुरक्षाकर्मियों ने मॉल के प्रवेश द्वार पर रोक दिया. दोनों सुरक्षाकर्मियों से अंदर जाने की अपील कर रहे थे. उसी समय किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. किसान कर्नाटक के हावेरी जिले से अपने बेटे से मिलने बेंगलुरु आया था.

सुरक्षा कर्मचारी वीडियो में कह रहे हैं कि मॉल की नीति के अनुसार धोती पहने हुए व्यक्तियों को अंदर नहीं आने दिया जाता है. उनकी कई मिन्नतों के बावजूद सुरक्षाकर्मी ने उनकी बात नहीं मानी. उसने कथित तौर पर यह भी कहा कि मॉल में घुसने से पहले किसान पैंट पहन ले.

Advertisement

वीडियो वायरल हुआ तो राजनीति भी शुरू हुई. बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी को ‘किसान विरोधी’ बता दिया. पूनावाला ने X पर लिखा,

"कर्नाटक कांग्रेस सरकार के संरक्षण में, धोती पहनने के लिए किसानों को अपमानित किया जा रहा है? मॉल में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है! कर्नाटक के सीएम धोती पहनते हैं! धोती हमारा गौरव है... क्या एक किसान को मॉल में टक्सीडो पहनना चाहिए?"

उन्होंने कहा, 

"उन्होंने डीजल की कीमतें भी बढ़ा दीं और किसानों को धोखा दिया. अब वे धोती पहनकर प्रवेश न देकर किसानों का अपमान कर रहे हैं. राहुल बाबा कहां हैं? क्या यही किसानों के साथ न्याय है?"

कन्नड़ और किसान संगठनों ने भी इस घटना को लेकर गुरुवार को विरोध प्रदर्शन किया था.

वीडियो: 'भंगार लेणो है थारे' मीम से वायरल बुजुर्ग की क्यों गई जान?

Advertisement