The Lallantop

अशरफ को पता था हत्या होने वाली है, वकील ने पुलिस अधिकारी का जिक्र कर सनसनीखेज दावा किया

सीनियर पुलिस अधिकारी ने अशरफ से कहा था- "15 दिन में तेरा काम तमाम कर देंगे."

Advertisement
post-main-image
वकील विजय मिश्रा ने बताया कि अशरफ़ को एक पुलिस अधिकारी ने जान से मारने की धमकी दी थी. (फोटो: आजतक)

अतीक अहमद के साथ मारे गए अशरफ अहमद को एक पुलिस अधिकारी ने ‘जान से मारने की धमकी’ दी थी. ये कहना है कि अतीक और अशरफ के वकील विजय मिश्रा का. उनका दावा है कि कुछ समय पहले अशरफ अहमद ने उन्हें बताया था कि उसे पुलिस से जान से मरने की धमकी मिली थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
'15 दिन में मार डालेंगे'

अतीक और अशरफ को अपनी हत्या होने का डर था. इसे लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर कर सुरक्षा मांगी थी. लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई. कोर्ट ने यूपी सरकार पर भरोसा जताते हुए अतीक से कहा कि पुलिस उनकी सुरक्षा करेगी. लेकिन यूपी पुलिस उनकी हिफाजत नहीं कर सकी. 15 अप्रैल की रात तीन हमलावरों ने अतीक अहमद और अशरफ की पुलिस सिक्योरिटी के बीच घुसकर हत्या कर दी. 

अब उनके वकील विजय मिश्रा ने इंडिया टुडे से बातचीत में बताया है कि जब अशरफ़ को प्रयागराज से बरेली ले जाया जा रहा था, तब एक पुलिस अधिकारी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी. वकील विजय मिश्रा के अनुसार,

Advertisement

"अशरफ को कहा गया था कि 15 दिनों के भीतर उसकी हत्या कर दी जाएगी. हालांकि, अशरफ़ ने पुलिस अधिकारी का नाम नहीं बताया, लेकिन कहा कि अगर हत्या हुई तो एक सीलबंद लिफाफा सुप्रीम कोर्ट और मुख्यमंत्री तक पहुंचेगा."

इंडिया टुडे के अभिषेक मिश्रा को विजय मिश्रा ने आगे बताया,

“28 मार्च को जिला जेल बरेली से उन्हें प्रयागराज लाया गया था. उसके बाद जब उनकी वापसी हुई. जाने से पहले उनको पुलिस लाइन ले जाया गया था और वहां किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ये कहा था कि ‘इस बार तो बचे हो, लेकिन 15 दिन में तुम्हें निकालकर, तुम्हारा काम तमाम कर दिया जाएगा’. इस बात पर अशरफ़ ने खुद मीडिया से कहा था कि पुलिस अधिकारी ने मुझे धमकी दी है. और इस चीज़ की जानकारी हम बंद लिफाफे के द्वारा CJI, सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और माननीय मुख्यमंत्री को देंगे. अगर मेरे साथ ऐसी कोई घटना घटित होती है तो बंद लिफाफे में वो प्रार्थना पत्र पहुंच जाएगा.”

Advertisement

विजय के मुताबिक अशरफ को शक था कि ये सब कौन करवाने वाला है, लेकिन उसने उस आदमी या आदमियों का नाम नहीं लिया. विजय ने आगे बताया कि जब वो जिला जेल बरेली अशरफ़ से मिलने गए थे तो उन्होंने इस घटना के बारे में अशरफ़ से पूछा था. विजय के मुताबिक अशरफ ने उनसे कहा था, 

“आप मेरे वकील हैं. मैं आपको नहीं बताऊंगा. आपको परेशानी हो सकती है. लेकिन मुझे धमकी पुलिस लाइन में दी गई थी.”

विजय मिश्रा ने कहा कि उन्हें नहीं पता अशरफ पत्र में क्या लिखने वाला था. उन्होंने सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें अशरफ ने पहले से ही कहा था कि उसे जान का खतरा है और जेल से निकालकर उनको मार दिया जाएगा.

वीडियो: Atique Ahmed के खौफ की कहानी रिटायर्ड DSP धीरेंद्र राय ने सुनाई

Advertisement