The Lallantop

राजस्थान के CM बोले- फिर शुरू होने वाला है सरकार गिराने का खेल, BJP ने पलटवार किया

BJP ने कहा-कांग्रेस के अंदर घर में अंदरूनी झगड़ा है जिसकी वजह से वह परेशान हैं.

Advertisement
post-main-image
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत- फाइल फोटो
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर कहा है सरकार गिराने का खेल शुरू होने वाला है. गहलोत ने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार गिराने का खेल फिर से शुरू होने वाला है. महाराष्ट्र से भी ऐसी चर्चाएं सुनने को मिल रही हैं. शनिवार 5 दिसंबर को सिरोही जिले में कांग्रेस के कार्यालय के उद्घाटन समारोह में उन्होंने ये बातें कहीं. https://twitter.com/ashokgehlot51/status/1335153989315297280 गहलोत ने कहा कि बीजेपी ऐसी कोशिशें पहले भी कर चुकी है जिसके गवाह राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी अजय माकन भी रहे हैं.गहलोत ने कहा कि अमित शाह ने हमारे विधायकों से बात की थी और पांच सरकारें गिरा देने के बाद छठी सरकार भी गिराने की बात कही थी. उन्होंने कहा,
"चाहे ये कितनी बड़ी-बड़ी बातें कर लें धनबल के आधार पर. सरकार गिराने के लिए षडयंत्र कर लें. अजय माकन जी तो हमारे साथ 34 दिन तक होटल में रहे. ये जानते हैं कि क्या क्या हो रहा था राजस्थान के अंदर. और किस प्रकार हमारे विधायकों की मुलाकात हुई अमित शाह से. वहां पर धर्मेंद्र प्रधान बैठे हुए थे. जफर इस्लाम जो अभी सांसद बन गए राज्यसभा के, BJP के... जो सीनियर को ले गए थे बीजेपी के अंदर, वो भी बैठे हुए थे और हमारे विधायक बैठे हुए थे."
इस पूरे मामले को आगे बढ़ाते हुए अशोक गहलोत ने कहा,
"एक घंटा मुलाकात उनकी हुई और वो विधायक कहते हैं आकर के मुझे कि शर्म आ रही है हमें कि, कहां तो सरदार पटेल गृहमंत्री थे और कहां ये अभी शाह गृहमंत्री के रूप में बैठे हुए हमें मिठाई खिला रहे हैं, नमकीन खिला रहे हैं. धर्मेंद्र प्रधान जजों से बात करने का नाटक कर रहे हैं, हमारा हौसला बढ़ाने के लिए. ये माहौल बना रहे थे वहां पर कि चिंता मत करो. 5 सरकार गिरा दी हैं. छठी गिरा के रहेंगे.."
अशोक गहलोत ने कहा कि जब उन्होंने नेताओं को बर्खास्त करना शुरू किया और अजय माकन, रणदीप सुरजेवाला, अविनाश पांडे आए तब जाकर सरकार बच पाई. उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसे षडयंत्र हर राज्य में कर रही है और अब महाराष्ट्र की बारी आने वाली है. हालांकि उन्होंने अपनी बात में 'ऐसा लोग कहते हैं' भी बोला. गहलोत ने कहा कि राजस्थान की जनता ने इनको सबक सिखा दिया क्योंकि जनता चाहती थी कि सरकार जानी नहीं चाहिए. कार्यकर्ता विधायकों को फोन करते थे कि चाहे दो महीने और लगें आप होटल में रहो लेकिन सरकार नहीं गिरनी चाहिए. बताया जा रहा है कि गहलोत ने BJP के बहाने सचिन पायलट पर निशाना साधा है. जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होना है, ऐसे में बिना नाम लिए सचिन पायलट पर हमले के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.

BJP का क्या कहना है?

वहीं BJP के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का कहना है कि गहलोत शासन चला पाने में अक्षम हैं इसलिए झूठा और तथ्यहीन आरोप लगा रहे हैं. कांग्रेस के अंदर घर में अंदरूनी झगड़ा है जिसकी वजह से वह परेशान हैं. वह सरकार गिराने को लेकर रोज़ भेड़िया आया- भेड़िया आया की तरह नई- नई कहानियां लेकर आ जाते हैं. इनकी सरकार में इतना झगड़ा है कि यह BJP के नेताओं को दोष दे कर अपना झगड़ा छुपाना चाहते हैं. वहीं, BJP के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा है कि कांग्रेस के अंदर इतना अंदरूनी झगड़ा है कि सरकार इनकी गिरने वाली है. कटारिया ने कहा कि मैं पहले दिन से कह रहा हूँ कि उनके पास 36 का आंकड़ा है जिससे वह 67 बना सकते हैं मगर यह 36 ही रखना चाहते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement