The Lallantop

'GST और पेट्रोल-डीजल के पैसे बढ़ा BJP खरीद रही विधायक'- अरविंद केजरीवाल ने कहा

केजरीवाल ने कहा कि BJP ने अबतक 277 विधायक खरीदे, इसलिए बढ़ रही महंगाई.

Advertisement
post-main-image
अरविंद केजरीवाल के मुताबिक उनके विधायकों 20-20 करोड़ में खरीदने की कोशिश की जा रही है | फोटो: आजतक

दिल्ली विधानसभा (Delhi Assembly) में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने BJP पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) के गुजरात चुनाव लड़ने के कारण CBI इस समय छापेमारी कर रही है. केजरीवाल ने दावा किया कि बीजेपी दिल्ली में भी ऑपरेशन लोटस (Operation Lotus) चलाने की कोशिश में है, जिसके लिए एक बड़ी रकम अलग रख ली गई है. आप विधायकों (AAP MLAs) को खरीदने की कोशिश हो रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
‘BJP ने 277 MLA खरीदे’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने BJP पर देशभर में 277 विधायक खरीदने का आरोप लगाया. उन्होंने भाजपा को राज्य सरकारों का सीरियल किलर बताते हुए कहा,

'ऑपरेशन लोटस के लिए 800 करोड़ रुपये अलग रखे गए हैं. आज मैं उस व्यवस्था के बारे में बताऊंगा. अगर आज AAP ये घोषणा कर दे कि हम गुजरात चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, तो ये छापे तुरंत बंद हो जाएंगे...ऑपरेशन लोटस के तहत अब तक वे 277 विधायकों का शिकार कर चुके हैं. मैंने महाराष्ट्र में सुना, वे 50 करोड़ रुपये में विधायक खरीद रहे थे और दिल्ली में उन्होंने 20 करोड़ रुपये की पेशकश की है.'

Advertisement
'गरीबों का खून चूसकर विधायक खरीदे जा रहे हैं'

अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि चीजों के दाम बढ़ाकर विधायकों को खरीदने के लिए पैसे इकट्ठे किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा,

'आज मैं ये भी बताऊंगा कि ये पैसा कहां से आ रहा है. जब उन्हें महाराष्ट्र सरकार गिरानी पड़ी, तो उन्होंने GST बढ़ा दिया. जब अपने कॉरपोरेट दोस्तों का कर्ज माफ करना चाहा, तो उन्होंने पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए. वे गरीबों का खून चूसते हैं और अपने अरबपति दोस्तों की मदद करते हैं. अब वे चर्चा कर रहे हैं कि वे झारखंड सरकार को गिरा देंगे. मैं शर्त लगा सकता हूं कि 10 दिनों के भीतर किसी चीज की कीमतें बढ़ा दी जाएंगी.'

‘Manish Sisodia को AAP तोड़ने के लिए ऑफर दिया’

केजरीवाल ने दवा किया कि मनीष सिसोदिया को आम आदमी पार्टी को तोड़ने का ऑफर दिया गया. केजरीवाल के मुताबिक,

Advertisement

'मनीष सिसोदिया के घर छापा पड़ने के अगले ही दिन उन्हें एक ऑफर दिया गया. इसमें केस वापस लेने और आप सरकार गिराकर मुख्यमंत्री की कुर्सी की पेशकश की गई. जब सिसोदिया ने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया तो 12 और विधायकों को 20-20 करोड़ रुपये की पेशकश की गई...जो लोग नहीं चाहते हैं कि देश तरक्की करे, वो लोग साजिश करने में लग गए हैं. इसलिए इन देशविरोधी ताकतों ने दिल्ली सरकार गिराने की साजिश रची और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पर आरोप लगा दिया कि शराब के पैसे खा गए. मगर, सच तो सच होता है.'

Arvind kejriwal सरकार विश्वास मत प्रस्ताव लाएगी

इंडिया टुडे के अमित भारद्वाज की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है. अब अगली कार्यवाही सोमवार 29 अगस्त को होगी. इसी दिन दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार विश्वास मत प्रस्ताव लाएगी. दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में ये भी कहा कि उनकी सरकार विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव लाना चाहती है, ताकि दिल्ली के मतदाताओं को यह स्पष्ट हो जाए कि भाजपा का ऑपरेशन लोटस दिल्ली में 'कीचड़' बन गया है. उन्होंने कहा कि एक भी विधायक AAP नहीं छोड़ेगा.

वीडियो देखें : रेप विक्टिम की मदद के चक्कर में नेता ने बड़ी गलती कर दी!

Advertisement