The Lallantop

'इजरायल के लिए यूएस को युद्ध में मत झोंको,' ईरान से जंग के ख़िलाफ़ अमेरिकी उठाने लगे आवाज

Iran vs America Israel War: पूर्व अमेरिकी मरीन सार्जेंट ब्रायन मैकगिनिस ने युद्ध का विरोध किया है. कैपिटल हिल में सीनेट आर्म्ड सर्विसेज सबकमेटी की एक सुनवाई के दौरान उन्होंने नारा लगाया कि अमेरिका को इजरायल के लिए ईरान के साथ युद्ध नहीं करना चाहिए. पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक पकड़कर बाहर निकाल दिया. राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सांसद टिम शीही ने उन्हें बाहर निकालने में पुलिस की मदद की.

Advertisement
post-main-image
कैपिटल हिल में सुनवाई के बीच ब्रायन मैकगिनिस को रोकती कैपिटल पुलिस. (स्क्रीनग्रैब: instagram.com/youwontbelievemeofficial)

अमेरिका में ईरान के साथ जंग से खफा एक एंटी-वॉर प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई. कैपिटल हिल में एक सुनवाई के दौरान खुद को पूर्व मरीन सार्जेंट बताने वाले ब्रायन मैकगिनिस ने नारा लगाया कि अमेरिका को इजरायल के लिए ईरान के साथ युद्ध नहीं करना चाहिए. पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक पकड़कर बाहर निकाल दिया. राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के सांसद टिम शीही ने उन्हें बाहर निकालने में पुलिस की मदद की.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बुधवार, 4 मार्च को कैपिटल हिल में सीनेट आर्म्ड सर्विसेज सबकमेटी की एक सुनवाई हुई. इसमें सेना के सीनियर अधिकारियों की सेना की तैयारी को लेकर गवाही होनी थी. अमेरिकी न्यूज वेबसाइट CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सुनवाई शुरू होने के 30 मिनट के अंदर ब्रायन मैकगिनिस ने चिल्लाना शुरू कर दिया. एक जगह उन्होंने कहा,

"अमेरिका इजरायल के लिए यह युद्ध नहीं लड़ना चाहता… अमेरिका अपने बेटों और बेटियों को इजरायल के लिए युद्ध में नहीं भेजना चाहता."

Advertisement

इतना सुनते ही कैपिटल पुलिस के लोग हरकत में आए और मैकगिनिस की तरफ बढ़े. मैकगिनिस मिलिट्री की वर्दी पहने हुए थे. पुलिस उन्हें पकड़कर सुनवाई के रूम से बाहर ले जाने लगी. इस बीच उन्होंने पुलिस के साथ काफी संघर्ष किया. जब दो पुलिस ऑफिसर मैकगिनिस को घसीटकर ले जाने लगे, तो वह चिल्लाए,

"अमेरिका अपने बेटे-बेटियों को इजरायल के लिए युद्ध में नहीं भेजना चाहता! आपका उसका नाम ना लेना, नेता के तौर पर आपकी नाकाबिलियत दिखाता है."

मैकगिनिस विरोध में आगे कहते हैं, "यह गलत है, और कोई भी इजरायल के लिए लड़ना नहीं चाहता."

Advertisement

मोंटाना के रिपब्लिकन सीनेटर टिम शीही ने भी पुलिस की मदद की, तब जाकर मैकगिनिस को बाहर निकाला गया. पूरी घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस के साथ झड़प में ब्रायन मैकगिनिस का हाथ भी टूट गया. मैकगिनिस ग्रीन पार्टी की तरफ से नॉर्थ कैरोलीना सीनेट से चुनावी ताल ठोक रहे हैं.

जब मैकगिनिस और पुलिस सुनवाई वाले रूम के दरवाजे के पास थे, तो शीही ने अपनी सीट छोड़कर पुलिस की मदद की. इस दौरान मैकगिनिस का बायां हाथ दरवाजे और फ्रेम के बीच फंस गया. शीही ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, तो किसी ने आरोप लगाया कि शीही ने मैकगिनिस का हाथ तोड़ दिया. बाद में किसी ने मैकगिनिस से पूछा कि हाथ ठीक है या नहीं, तो उन्होंने कहा, "नहीं, ठीक नहीं है."

tim sheehy
टिम शीही का पोस्ट. (X @TimSheehyMT)

बाद में पुलिस ने मैकगिनिस को रूम से बाहर ले जाकर जॉर्ज वाशिंगटन यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल भेजा. यूएस कैपिटल पुलिस ने बताया कि मैकगिनिस के खिलाफ पुलिस ऑफिसर पर हमला करने के तीन, गिरफ्तारी का विरोध करने के तीन और भीड़ रोकने और रास्ते में रुकावट पैदा करने का आरोप लगाया गया है.

वीडियो: सरकारी ईरानी मीडिया पर इजरायल का हमला, ईरान ने अमेरिकी एंबेसी पर धावा बोला

Advertisement