अक्षय के साथ इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी ने ट्विंकल खन्ना के उन ट्वीट्स का ज़िक्र किया था, जिसमें उन्होंने पीएम के प्रति गुस्सा ज़ाहिर किया था.
24 अप्रैल को अक्षय कुमार ने नरेंद्र मोदी का 'नॉन-पॉलिटिकल' इंटरव्यू लिया. हर ओर इसी की चर्चा चल रही थी. चुनाव आयोग ने बायोपिक पर रोक लगाई, तो अक्षय कुमार ने इंटरव्यू कर पीएम मोदी को वहां से उबार लिया. बदले में क्या मिला? नरेंद्र मोदी ने उन्हें ही ट्रोल कर दिया. ट्विंकल खन्ना के ट्वीट का ज़िक्र करके. तब तो अक्षय कुमार बगले झांक रहे थे. इस मसले पर ट्विंकल खुद आगे आईं और बताया कि प्रधानमंत्री के इस जेस्चर वो काफी पॉज़िटिव तौर पर देखती हैं. अब इस बारे में अक्षय कुमार ने बात की है. हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में अक्षय ने बताया कि उस वक्त उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि कहां देखें. अक्षय अपने इस इंटरव्यू में कहते हैं-
''जिस मजेदार तरीके से पीएम मोदी ने ये बात कही, मैं उनकी हाज़िरजवाबी का कायल हो गया. मुझे समझ ही नहीं आया कि मैं उन्हें जवाब क्या दूं. मैं बस उलझन के मारे हंस रहा था. मैंने सोचा एक तरफ बीवी है, तो दूसरी तरफ देश का प्रधानमंत्री. दोनों ही मेरी ज़िंदगी में मजबूत जगह रखते हैं. इसलिए मुझे लगा कि ऐसे समय में चुप रहना ही सबसे बेहतर आइडिया है.''
इंटरव्यू के दौरान नरेंद्र मोदी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस और अक्षय की पत्नी ट्विंकल खन्ना के बारे में कहा था-
''मैं आपका भी और टविंकल खन्ना जी का भी ट्विटर देखता हूं और जिस तरह वो मुझ पर गुस्सा निकालती हैं तो मैं समझता हूं कि इससे आपके परिवार में बहुत शांति रहती होगी.''
इसके बाद ट्विंकल ने इसका जवाब देते हुए लिखा-
''मैं इसे बहुत पॉज़िटिव नज़रिए से देखती हूं कि न सिर्फ प्रधानमंत्री को मेरे बारे में पता है, बल्कि वो मेरा लिखा भी पढ़ते हैं.''
ट्विंकल फिलहाल एक्टिंग से दूर हैं और फिल्म प्रोडक्शन, इंटीरियर डिजाइनिंग और राइटिंग में व्यस्त हैं. वो अब तक तीन किताबें लिख चुकी हैं. साथ ही साथ अखबार और मैग्ज़ीन्स में उनके कॉलम भी छपते हैं. वहीं अक्षय आखिरी बार फिल्म 'केसरी' में नज़र आए थे और फिलहाल 'गुड न्यूज़', 'लक्ष्मी बम', 'हाउसफुल 4' और 'मिशन मंगल' जैसी फिल्मों की शूटिंग में बिज़ी हैं. नरेंद्र मोदी ने इसी इंटरव्यू में बताया था कि उन्होंने पिछले काफी समय से कोई फिल्म नहीं देखी. उन्होंने पिछली बार अनुपम खेर के साथ 'अ वेन्सडे' और अमिताभ बच्चन के रिक्वेस्ट पर उनकी फिल्म 'पा' देखने गए थे. अब इस पर अमिताभ बच्चन का जवाब आया है. पीएम मोदी के साथ फिल्म के देखने के अनुभव के बारे में अमिताभ बच्चन ने ट्वीट करते हुए बताया-
''पहली दफा और असाधारण अनुभव. फिल्म स्टार अक्षय कुमार के साथ पीए मोदी का इंटरव्यू. रिस्पेक्ट!''
वहीं अनुपम खेर ने लिखा कि उन्हें पीएम मोदी का ह्यूमर बहुत अच्छा लगा. 'अ वेन्सडे' प्रधानमंत्री की देखी आखिरी फिल्म थी, ये जानकारी उनकी ऑटोबायोग्रफी में एक और चैप्टर जोड़ेगी.
अक्षय कुमार के साथ नरेंद्र मोदी का पूरा इंटरव्यू आप यहां देख सकते हैं: