The Lallantop

ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति के 500 करोड़ उड़ गए, वो भी एक दिन में

Infosys के शेयर्स ने लखनऊ से लंदन तक को हिला दिया.

Advertisement
post-main-image
ऋषि सुनक अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ. (फाइल फोटो- ट्विटर)

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक (Rishi Sunak) की पत्नी अक्षता मूर्ति (Akshata Murty) को इंफोसिस के शेयरों में गिरावट (Infosys shares loses) की वजह से  भारी नुकसान उठाना पड़ा है. 17 अप्रैल के दिन इंफोसिस के शेयरों में 9.4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी. इसके कारण अक्षता को 500 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का नुकसान हुआ है. अक्षता मूर्ति इंफोसिस की को-फाउंडर हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इंफोसिस के शेयरों में साल 2020 के बाद ये सबसे बड़ी गिरावट है. अक्षता मूर्ति के पास इंफोसिस की 0.94 फीसदी हिस्सेदारी है. एक दिन में इतने बड़े नुकसान के बाद भी मूर्ति की हिस्सेदारी चार हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा है.

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मूर्ति की संपत्ति और दूसरे हित उनके पति के राजनीतिक करियर का हिस्सा रहे हैं. पिछले साल ऐसी भी रिपोर्ट्स आई थीं कि मूर्ति अपनी विदेशी कमाई पर ब्रिटेन में टैक्स नहीं दे रही हैं. जिसके बाद अक्षता मूर्ति ने साफ किया था कि उनकी कमाई पूरी तरह से लीगल है और वो उसपर ब्रिटिश टैक्स दे रही हैं.

ऋषि सुनक पर जांच चल रही है

हाल ही में खबरें आई थीं कि ब्रिटिश प्रधान मंत्री सुनक एक बजट पॉलिसी की वजह से जांच के दायरे में आए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनक की एक पॉलिसी के कारण उनकी पत्नी को एक चाइल्ड केयर फर्म में व्यावसायिक लाभ हो सकते हैं. इसको लेकर ब्रिटेन की संसद ने एक स्वतंत्र अधिकारी द्वारा जांच शुरू की है.

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, अक्षता मूर्ति कोरू किड्स नाम की एक कंपनी की ओनर हैं. इस कंपनी का नाम ब्रिटेन के कंपनी हाउस रजिस्टर में दर्ज है. मामला सामने आने के बाद से विपक्षी पार्टियों ने सुनक की नई चाइल्ड केयर पॉलिसी पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं.

Advertisement
मार्केट खुलते ही इंफोसिस के शेयर गिरे

बीते 17 अप्रैल के दिन इंफोसिस के शेयर 1259 रुपये पर बंद हुए. शेयर 10 फीसदी से भी ज्यादा गिरे थे. 18 अप्रैल की सुबह शेयर मार्केट खुलने पर इंफोसिस के शेयर 1269.95 रुपये पर खुले थे. सुबह साढ़े 10 बजे तक इंफोसिस के शेयर 1255 रुपये के आस-पास थे, जो कि 17 अप्रैल के मुकाबले 0.21 फीसदी कम है.

वहीं सेंसेक्स 18 अप्रैल की सुबह 129 पॉइंट्स गिरकर 59 हजार 781 पॉइंट्स पर चल रहा है. इसके अलावा निफ्टी 50 सुबह साढ़े 10 बजे तक 37 पॉइंट्स गिरकर 17 हजार 669 पॉइंट्स पर चल रहा है.

वीडियो: अडानी के चाइनीज़ कनेक्शन पर हुआ खुलासा हैरान कर देगा, मॉरिस चांग का असली सच ये रहा !

Advertisement