The Lallantop

"अगर राम राज्य आया तो बीजेपी को देश छोड़कर जाना पड़ेगा"

कांग्रेस के राशिद अल्वी ने मुख्तार अब्बास नकवी से पूछा लव जिहाद की बात पर दिल पर क्या बीतती है?

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
'एक खिलाड़ी सब पर भारी.'
ये साउथ की किसी फिल्म का नहीं बल्कि दिल्ली के ताज पैलेस होटल में चल रहे 'एजेंडा आजतक' के एक सेशन का नाम है. जिस खिलाड़ी का ज़िक्र है वो है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. क्या वो वाकई सब पर भारी हैं? क्या बाकी की तमाम पार्टियां वर्सेस अकेले मोदी ऐसा ही मैच चलता है? इन सब चीज़ों पर बात करने के लिए इस सेशन में चार नेता आमंत्रित थे.
# मुख्तार अब्बास नक़वी - भाजपा # राशिद अल्वी - कांग्रेस # मोहम्मद सलीम - सीपीआई (एम) # चिराग पासवान  - एलजेपी
चारों से सवाल पूछे आज तक चैनल की एंकर अंजना ओम कश्यप ने. ये एक दिलचस्प सेशन रहा जिसमें कांग्रेसी नेता राशिद अल्वी ज़्यादातर वक्त हमलावर नज़र आए. पेश है इस सेशन की कुछ चुनिंदा बातें:
शुरुआती सवालों में से एक था कि सज्जन कुमार को जो सज़ा हुई वो 2019 के चुनावों में असर डालेगी? 84 जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण रहेंगे?
इस पर मुख्तार अब्बास नक़वी बोले,
"84 के ज़ख्म आज भी ताज़ा है. कांग्रेस सरकार में दोषियों को क्लीन चीट मिली थी. हमारी सरकार ने दोषियों को सज़ा दिलवाकर लोगों के ज़ख्मों पर मरहम लगाया."
एजेंडा आजतक के सेशन में चारों नेता.
एजेंडा आजतक के सेशन में चारों नेता.

सज्जन कुमार वर्डिक्ट पर अरुण जेटली ने कहा है कि कांग्रेस के माथे पर लगा ये दाग कभी नहीं जाएगा. ये जानकारी कांग्रेस के राशिद अल्वी को दी गयी तो वो बोले,
"बीजेपी को हमेशा कांग्रेस के दाग ही नज़र आते हैं. अपने दाग नहीं दिखते. अमित शाह भी जेल में रहे हैं. काला धब्बा चौरासी भी था, काला धब्बा गुजरात भी था. काला धब्बा जज लोया मारे गए, वो भी था. बीजेपी का दामन बहुत दागदार है. 84 के लिए ज़िम्मेदार लोगों को हमने टिकट नहीं दिया."
एक अन्य सवाल था, अगर बीएसपी और अन्य पार्टियों ने कांग्रेस से गठबंधन कर लिया तो कैसे बचेगी बीजेपी? जिस पर नकवी का जवाब था, "जिस गाड़ी के ड्राइवर के पास लर्निंग लाइसेंस भी नहीं है वो कैसे गाडी चला लेंगे."
आगे वो बोले, "राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े हुए संवेदनशील मुद्दे पर कांग्रेस राजनीति कर रही है. इसकी सुपारी उसे कहां से मिली है, मुझे पता नहीं."
इस पर एंकर अंजना ने पूछ ही लिया कि क्या पाकिस्तान से मिली है?
मुख्तार अब्बास नकवी.
मुख्तार अब्बास नकवी.

पाकिस्तान का ज़िक्र छिड़ा तो राशिद अल्वी बोले,
"इन्हें तो हर मामले में पाकिस्तान नज़र आता है. हर चुनाव में अमित शाह कहते हैं कि कांग्रेस जीतेगी तो पाकिस्तान में तालियां बजेंगी, पटाखे फूटेंगे. आप ये बताइये आपने क्या किया? इनका मैनिफेस्टो लीजिए और एक-एक मुद्दे पर बात कीजिए. पंद्रह लाख पर सवाल पूछिए. ब्लैक मनी का क्या हुआ? सिवाय कम्युनिलिस्म के, फिरकापरस्ती के इन्होंने और क्या किया है? ऐसे-ऐसे नारे दिए जो हमने कभी सुने ही नहीं. लव जिहाद, घर वापसी! मुझे नहीं पता जब लव जेहाद की बात चलती है तो नकवी साहब के दिल पर क्या बीतती है."
आगे बोले,
"दुनिया का चौथा मुल्क है इंडिया जो बीफ का एक्सपोर्ट करता है. कहां से होता है? गोवा से, नॉर्थ ईस्ट से."
उन्होंने एक शेर भी सुनाया,
है जनाब-ए-शेख का फलसफा, है अजीब सारे जहान से जो यहां पियो तो हराम है, जो वहां पियो तो हलाल है
नॉर्थ इंडिया में कोई और पॉलिसी है, साउथ में और पॉलिसी है. आज तक ये जवाब नहीं मिला कि नोटबंदी से क्या मिला? जीएसटी से क्या नतीजा निकला? आपने देश को साढ़े चार साल के अंदर तबाह करके रख दिया है. आप देश को उस दिशा में ले जा रहे हैं जो नफरत की बात करता है.
आप कहते हैं कि हम राम राज्य लाएंगे. राम राज्य तो हम भी चाहते हैं. तुलसीदास ने लिखा है कि राम राज्य में नफरत की कोई गुंजाइश नहीं है. बकरी और शेर एक घाट पर पानी पीते हैं. राम राज्य आ गया तो इनको देश छोड़कर जाना पड़ेगा."
राशिद अल्वी.
राशिद अल्वी.

राशिद अल्वी की इस आक्रामकता पर नकवी ने जवाब दिया,
"हमने दिल्ली से दलालों की नाकेबंदी की है. इसी का नतीजा है कि मिशेल जैसा बिचौलिया इंडिया लाया गया. हमने बिना भेदभाव के काम किए गए हैं. इसका नतीजा लोकसभा चुनाव में दिखाई देगा."
जब सीपीआई के मोहम्मद सलीम से पूछा गया, "क्या वाकई ड्राइविंग सीट पर राहुल गांधी हैं?"
उन्होंने कहा,
"सेशन के नाम पर जाएं मोदी एक खिलाड़ी ज़रूर हैं लेकिन सब पर भारी हो ऐसा नहीं है. कई जगह बिना गठबंधन के मोदी को हराया जा चुका है. बीजेपी म्युनिसिपल्टी जीतती है तो मोदी की कामयाबी बताती है, एमपी हारती है तो कहती है शिवराज का मामला है. अकाली दल छोड़कर NDA के साथ और कोई नहीं है."
मोहम्मद सलीम.
मोहम्मद सलीम.

इस बीच चिराग पासवान ने कहा, "हम अब भी NDA के साथ हैं और आगे भी रहेंगे. विपक्ष जितना भी कोशिश कर ले उनका कुनबा धाराशायी होगा. मोदी में मुझे ईमानदार नेता दिखता है. आप उनकी नीयत पर सवाल नहीं उठा सकते. राजस्थान, एमपी के नतीजे बताते हैं कि एंटी-इंकम्बैंसी के बावजूद कांग्रेस को बहुत मेहनत करनी पड़ी. इससे दिखता है कि 2019 में NDA को कोई मुश्किल नहीं आएगी."
राशिद अल्वी के शेर का जवाब नकवी ने भी एक शेर से ही दिया,
"वक़्त बहुत ही नाज़ुक है, हम पर हमले दर हमले हैं दुश्मन का दर्द यही है कि हम हर हमले पर संभले हैं
इन इन साढ़े चार साल में क्या कोई आतंकवादी हमला हुआ? क्या कोई सांप्रदायिक हमला हुआ? एक दो छोटी-मोटी घटनाएं हुईं उनमें तुरंत गिरफ्तारी हुई."
राशिद अल्वी - "संसद हमला, कश्मीर असेंब्ली हमला, अक्षरधाम सब आपके वक्त हुआ. बुलंदशहर में क्या हुआ? एसएचओ को मार दिया गया. आरएसएस, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के लड़के निकल आए और मार दिया. यूपी का डीजी बयान दे रहा है कि इंसान से पहले ये पता करेंगे कि गाय को किसने मारा? जितने लोग आपके ज़माने में मारे गए इतने तो कभी नहीं मारे गए."
नकवी ने दावा किया कि हमने तीन करोड़ से ज़्यादा अल्पसंख्यंक बच्चों को स्कॉलरशिप दी है. कागज़ पर दिखाने की बात करने पर बोले कि कागज़ पर आप देते थे. हमने सीधे अकाउंट में दिया है. अल्वी बोले इसमें भी स्कैम निकलेगा.
चिराग पासवान.
चिराग पासवान.

सेशन के दौरान चिराग पासवान ने राशिद अल्वी की तरफ एक गूगली सवाल भी फेंका. पूछा,
"दलित समाज के लोग, मुस्लिम समाज के लोग आज भी मुख्यधारा के साथ नहीं जुड़ पाए उसके लिए क्या सिर्फ साढ़े चार साल की NDA सरकार ज़िम्मेदार है?"
अल्वी ने फ्रंट फुट खेलते हुए कहा,
"सारी सरकारें ज़िम्मेदार हैं. हममें कुछ कमियां रही होंगी तभी तो हमारे 44 एमपी हैं. ज़रूर हमारी कमियों की वजह से जनता ने हमें नकार दिया. आप अपना बताओ. हमारी गलतियां मत गिनाओ. आपने देश का माहौल ऐसा कर दिया है कि आपका वापस सत्ता में आने का कोई सवाल ही नहीं उठता. कोई ज़माना था जब मोदी जी टीवी पर आते थे तो सब सुनते थे, मैं भी. अब जनता टीवी बंद कर देती है."

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement