कर्नाटक (Karnataka) में बीजेपी युवा मोर्चा के नेता प्रवीण नेट्टारू की हत्या का विरोध कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र के घर में घुस गए. जिसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर उन्हें निकाला. ये कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टार के लिए 'न्याय' की मांग कर रहे थे.
कर्नाटक: प्रवीण नेट्टारू की हत्या के विरोध में गृह मंत्री के घर में घुसे ABVP वाले, लाठीचार्ज हुआ
ABVP के कार्यकर्ताओं ने 'गृह मंत्री कायर है' के नारे लगाए. बीती 26 जुलाई को हुई थी बीजेपी यूथ विंग सदस्य प्रवीण नेट्टारू की हत्या.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन के दौरान ABVP के कार्यकर्ताओं ने अरागा ज्ञानेंद्र के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने अरागा ज्ञानेंद्र को कायर बताया. उन्होंने SDPI और PFI जैसे संगठनों पर बैन लगाने की मांग की.
‘PFI पर बैन का विचार’इधर कर्नाटक के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा कि सरकार SDPI और PFI को बैन करने पर विचार कर रही है. उन्होंने कहा,
"मैं ABVP कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझता हूं. सरकार SDPI और PFI को बैन करने पर विचार कर रही है."
आरगा ज्ञानेंद्र ने ये भी कहा कि जब ABVP के कार्यकर्ता आए, उस समय वो घर पर नहीं थे. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने उनकी अनुपस्थिति में अपनी बातें रखी हैं. वो बातचीत के लिए उन्हें बुलाएंगे.
प्रवीण नेट्टारू की हत्या के बाद से कर्नाटक की बीजेपी सरकार को लगातार अपने ही संगठन और समान विचारधारा रखने वाले सदस्यों की तरफ से विरोध का सामना करना पड़ रहा है. सरकार के विरोध में सैकड़ों बीजेपी सदस्य अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं.
इधर आरगा ज्ञानेंद्र के घर के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के बारे में जानकारी देते हुए ACP संदीप पाटिल ने बताया,
"सुबह करीब साढ़े नौ बजे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने गृह मंत्री के घर के बाहर अचानक से विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. पुलिसवालों ने प्रदर्शनकारियों को गेट पर रोका. हालांकि, उन्होंने धक्का मारकर गेट खोल दिया और घर के अंदर घुसने की कोशिश की. हमने 40 लोगों को हिरासत में ले लिया."
संदीप पाटिल ने बताया कि डिविजन के DCP से एक रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इससे पहले 26 जुलाई को मैंगलोर में बीजेपी युवा मोर्चा के सदस्य प्रवीण नेट्टारू की दो लोगों ने हत्या कर दी थी. प्रवीण दुकान बंद करके लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से हत्या कर दी थी. प्रवीण की हत्या के दो दिन बाद मैंगलोर के सूरथकल में 23 साल के मोहम्मद फाजिल की हत्या कर दी गई. पुलिस के मुताबिक चार से पांच लोगों ने मुंह ढककर फाजिल पर हमला किया था. चाकू से गोदकर उसकी हत्या की गई थी.
वीडियो- जब यूपी, गोवा, कर्नाटक में महाराष्ट्र वाला हाल हुआ था तो सुप्रीम कोर्ट ने क्या किया था?


















