एक आदमी को ट्रैफिक पुलिस ने धर लिया. चालान काट दिया उसका. क्योंकि उस आदमी ने हेलमेट नहीं लगाया था. तो इसमें कौन सी बड़ी बात है. है ना? बात दरअसल ये है कि वो आदमी वैगन आर कार चला रहा था.ये किस्सा है जम्मू के पुंछ शहर का. अब्दुल मजीद अपनी कार से जा रहे थे. ज़ाहिर सी बात है, उन्होंने हेलमेट नहीं लगाया था. कौन लगता है कार चलाते समय हेलमेट? लेकिन एक जगह ट्रैफिक पुलिस वाले विजय कुमार जी खड़े थे. उन्होंने कार रुकवा ली. और चालान काट दिया. इसलिए क्योंकि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था.
अब्दुल मजीद ने चालान लेने से मना कर दिया. बोले, ये क्या बात हुई. कार में हेलमेट पहनने का क्या तुक है. चालान लौटा दिया विजय कुमार जी को. जब विजय कुमार जी ने देखा. उनको एहसास हुआ कि गड़बड़ हो गई है. उन्होंने तुरंत चालान वापस ले लिया. और उसकी जगह दूसरा चालान काट दिया. बिना सीट बेल्ट लगाए ड्राइव करने के लिए.वैसे ये तो मामूली सी गड़बड़ थी. लेकिन जम्मू-कश्मीर में बहुत रोड एक्सीडेंट्स होते हैं. आतंकवाद से ज्यादा लोग यहां रोड एक्सीडेंट में मरते हैं. ट्रैफिक पुलिस के रिकॉर्ड के हिसाब से 2015 में रोड एक्सीडेंट में यहां 1000 लोग मरे. जबकि आतंकवाद में 176 मौतें हुईं. साल 2016 के शुरुआती दो महीनों में अब तक जम्मू-कश्मीर में 116 लोगों की जानें जा चुकी हैं. इसलिए ट्रैफिक पुलिस बहुत सारे स्ट्रिक्ट रूल बना रही है.
जम्मू-कश्मीर वालों. ज़रा आराम से गाड़ी चला लो.

























