हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक यात्री वाहन के खाई में गिरने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है. हादसे में 10 लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. सभी पीड़ित युवा हैं. उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है. बताया गया है कि पीड़ितों में आईआईटी वाराणसी के तीन छात्र भी शामिल हैं.
हिमाचल के कुल्लू में गाड़ी ऊंचाई से खाई में गिर गई, कई लोगों की मौत!
घटनास्थल की तस्वीरों ने दहला दिया, रात 8:30 बजे हुआ हादसा!


खबरों के मुताबिक ये लोग एक ट्रैवल एजेंसी के जरिये कुल्लू घूमने आए थे. 25 सितंबर की रात यात्रियों को ले जा रहा टेंपो ट्रैवलर कुल्लू स्थित बंजार के जलोड़ा इलाके से गुजर रहा था. उसी दौरान गाड़ी बेकाबू हो कर खाई में जा गिरी.
आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों के नाम किरन, प्रियंका, प्रिया, राज, सौरभ, आदित्य और अंशिका हैं. वहीं घायलों के नाम जय अग्रवाल, ईशान, अभिनय सिंह, राहुल गोस्वामी, ऋषभ रोनी, अजय, लक्ष्य, निष्ठा और सतेजा बताए गए हैं.
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक हादसे की जानकारी देते हुए कुल्लू के एसपी गुरदेव सिंह ने कहा,
"कल रात साढ़े आठ बजे कुल्लू स्थित बंजार घाटी के घियागी इलाके में नेशनल हाईवे 305 पर एक यात्री वाहन पहाड़ी से नीचे गिर गया. इससे सात लोगों की मौत हो गई 10 घायल हो गए. इनमें से पांच को जोनल अस्पताल में शिफ्ट किया गया है. बाकी पांच घायलों का इलाज बंजार के एक अस्पताल में किया जा रहा है."
हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर ने हादसे पर अफसोस जताया है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा,
"जिला कुल्लू में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 7 लोगों की मृत्यु वाली खबर सुनकर बहुत दुःखी हूं. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति व शोकग्रस्त परिवारजनों को संबल प्रदान करें. घायलों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से ऐसी प्रार्थना करता हूं."
वहीं बंजार से बीजेपी के विधायक सुरेंदर शूरी ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि घायलों को पहले बंजार स्थित अस्पताल ले जाया गया था. बाद में उन्हें कुल्लू अस्पताल में शिफ्ट किया गया. विधायक के मुताबिक पीड़ित स्थानीय निवासी नहीं थे. वे राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से यहां घूमने आए थे. विधायक ने पीड़ितों के रेस्क्यू के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्ति किया, जिन्होंने अंधेरा होते हुए भी घायलों को निकालने में मदद की.
मध्य प्रदेश के पन्ना से यमुनोत्री जा रही बस खाई में गिरी, 25 की मौत












.webp?width=275)

.webp?width=275)







