लेकिन आज हम इसका ज़िक्र क्यों कर रहे हैं? दरअसल, इस फिल्म का सीक्वल आ रहा है - मर्दानी 2.
मर्दानी की तरह मर्दानी 2 भी रानी के पति और यशराज फिल्म्स के मालिक आदित्य चोपड़ा ही बना रहे हैं. इस फिल्म का पहला लुक सोशल मीडिया पर रिलीज़ कर दिया गया है.
इस लुक को देखने के बाद ऐसा कह सकते हैं कि हमें इस फिल्म में भी रानी का वो खूंखार पुलिस ऑफिसर वाला रूप देखने को मिलेगा. जैसे फिल्म 'मर्दानी' में दिखा था. अपनी सुपरहिट फिल्म 'मर्दानी' में रानी ने बहुत ही कड़क और प्रभावशाली परफॉरमेंस दी थी. मतलब ऐसे समझिए कि क्लाइमेक्स वाले सीन को देखते हुए हर बंदे के मन में एक आवाज़ गूंजकर रही थी - और मार इसको! (विलेन को). ऐसी दमदार फिल्म का सीक्वल आएगा तो जनता देखने तो जाएगी ही.
मर्दानी की बात तो हो गई. अब मौका भी है और दस्तूर भी! तो आइए इस स्टोरी में आपको उन एक्ट्रेसेस के नाम भी बता देते हैं, जिन्होंने अपनी फिल्मों में ज़ोरदार पुलिस ऑफिसर्स की भूमिका निभाई है. ऐसे 12 नाम हैं, तो शुरू करते हैं:
1. रानी मुखर्जी
रानी फिल्म 'मर्दानी' (2014) में एक सख्त ऑफिसर शिवानी शिवाजी राव की भूमिका में दिखी थीं. इस रोल के लिए उनको फैंस से बहुत प्यार मिला था. ये फिल्म बाल तश्करी पर बनी थी. जिसमें रानी का किरदार तश्करी करने वाले मास्टरमाइंड को पकड़कर सबक सिखाने वाली पुलिस ऑफिसर का था.

फिल्म 'मर्दानी' का एक दृश्य.
2. प्रियंका चोपड़ा
अजय देवगन स्टारर फिल्म 'गंगाजल' (2016) के सीक्वल 'जय गंगाजल' में प्रियंका ने एसपी आभा माथुर का रोल किया था. जो अपने इलाके में जुर्म और भ्रष्टाटार को जड़ से खत्म करना चाहती हैं. फिल्म की कहानी एक भ्रष्ट जिले की है जहां नेताओं का आतंक है. लेकिन जिस दम के साथ प्रियंका चोपड़ा का किरदार उनसे लड़ने की कोशिश करता है वो देखने लायक है.

प्रियंका चोपड़ा ने 'डॉन 2' में भी एक पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाया था.
3. तबू
'कल दो अक्टूबर है.' ये बोलते ही पहले गांधी जयंती की छुट्टी याद आती है फिर अजय देवगन और तबू स्टारर फिल्म 'दृश्यम' (2015). इसी फिल्म में एक्ट्रेस तबू ने इंस्पेक्टर जनरल मीरा देशमुख की भूमिका निभाई थी. जो अपने जवान बेटे कि मौत कि तहकीकात कर रही है. मगर उसकी हर कोशिश नाकाम साबित होती है. इसके बावजूद तबू की एक्टिंग धमाकेदार है.

फिल्म 'दृश्यम' 'मलयालम फिल्म दृश्यम की रीमेक थी.
4. शेफाली शाह
हाल ही में 2012 के दिल्ली गैंगरेप पर एक वेब सीरीज़ बनी 'दिल्ली क्राइम' (2019). इसमें एक्ट्रेस शेफाली शाह ने डीसीपी वर्तिका चतुर्वेदी का किरदार निभाया था. जो निर्भया रेप केस की इन्वेस्टीगेशन में लगी हुई है. इस सीरीज में उन्हें क्रिमिनल्स से सच उगलवाते देख रोंगटे खड़े हो जाते हैं.

'दिल्ली क्राइम' सच्ची घटनाओं पर आधारित एक वेब सीरीज़ है जो नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है.
5. सुष्मिता सेन
'समय: व्हेन टाइम स्ट्राइक्स' (2003) में सुष्मिता सेन ने एसीपी मालविका चौहान का रोल किया था. जो विधवा है और उसकी एक 10 साल की बेटी है. मालविका मर्डर करने वाले को ढूंढ रही है जो सीरियल किलर है. उसने एक बिजनेसमैन और एक मशहूर हिरोइन का मर्डर किया है. भले ही ये फिल्म ज़्यादा नहीं चली थी, मगर सुष्मिता की एक्टिंग सराही गई थी.

फिल्म 'समय: व्हेन टाइम स्ट्राइक्स' का एक दृश्य.
6. डिंपल कपाड़िया
1988 में आई फिल्म 'ज़ख्मी औरत' में एक्ट्रेस डिंपल कपाड़िया ने किरण दत्त नाम की महिला इंस्पेक्टर का किरदार निभाया था, जिसका बलात्कार हो जाता है और वो अपराधियों से बदला लेती है. ये फिल्म 'आई स्प्लिट योर ग्रेव' नाम की एक्स रेटेड अंग्रेज़ी फिल्म से प्रेरित बताई जाती है.

फिल्म 'ज़ख़्मी औरत ' में अनुपम खेर और राज बब्बर जैसे एक्टर्स ने भी काम किया है.
7. हुमा कुरैशी
हुमा कुरैशी ने फिल्म 'डी डे ' (2013) में रॉ एक्सप्लोसिव एक्सपर्ट ज़ोया रहमान का रोल किया था. हुमा की पर्सनालिटी के साथ ये रोल एक्सपेरिमेंट था, जो कि सफल रहा था. हालांकि बात रोल की डेप्थ की करें तो उनके पास इसमें ज़्यादा कुछ करने को था नहीं.

हुमा इन दिनों फिल्ममेकर दीपा मेहता के साथ एक अंतरराष्ट्रीय टीवी सीरीज़ 'लीला' में काम कर रही हैं.
8. हेमा मालिनी
बॉलीवुड की ड्रीम गर्ल, हेमा मालिनी ने फिल्म 'अंधा क़ानून' में फीमेल कॉप का किरदार निभाया था. उनके किरदार का नाम दुर्गा देवी सिंह था. इस मूवी में हेमा के साथ अमिताभ बच्चन और रजनीकांत भी थे. मतलब दो पावरफुल मेल एक्टर के होने के बावजूद हेमा दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रही थीं. इसलिए उनका ये रोल हर किसी को याद है.

हेमा मालिनी ने फिल्म में रजनीकांत की बहन का रोल किया था.
9. ऋचा चड्ढा
यूथ फिल्म स्टूडियो ऑफ़ यशराज फिल्म्स (Y films) की एक सीरीज़ 'इट्स मैन्स वर्ल्ड' (2015) आई थी. इसमें परिणिति चोपड़ा, कल्कि केक्लां, भूमि पेडनेकर और ऋचा चड्ढा ने छोटे-छोटे रोल किए थे. इनमें से ऋचा ने पुलिस ऑफिसर का रोल किया था.

अगर औरतें पुरुषों के साथ वैसी ही हरकतें या बर्ताव करने लग जाएं जैसा वो औरतों के साथ करते हैं, तो क्या होगा पुरुषों का हाल. 'इट्स मैन्स वर्ल्ड' फिल्म सीरीज़ इसी सब्जेक्ट को डील करती है.
10. ईशा गुप्ता
2012 में आई प्रकाश झा की फिल्म 'चक्रव्यूह' में एक्ट्रेस ईशा गुप्ता ने अपने ग्लैमर अवतार से डी ग्लैम होने की कोशिश की थी. इस फिल्म में वो एक तेज़ तर्रार पुलिस ऑफिसर के रोल में नज़र आई थीं. इसमें उन्होंने आईपीएस अधिकारी रिया मेनन की भूमिका निभाई थी.

'जन्नत 2' और 'राज़ 3डी' में ग्लैमरस रोल करने बाद ईशा की 'चक्रव्यूह तीसरी फिल्म थी.
11. रेखा
एक्ट्रेस रेखा ने 1991 में आई फिल्म 'फूल बने अंगारे' में पुलिस अधिकारी नम्रिता सिंह का रोल किया था. इसमें वो अपने इंस्पेक्टर पति के मर्डर का बदला लेती हैं. इस रोल में रेखा के अभिनय की बहुत तारीफ हुई थी. ये फिल्म, उन चुनिंदा हिंदी फिल्मों में एक है जिसमें सुपरस्टार रजनीकांत ने लीड रोल निभाया था.

फिल्म 'फूल बने अंगारे' में रजनीकांत ने रेखा के पति इंस्पेक्टर रंजीत की भूमिका निभाई थी.
12. माधुरी दीक्षित
माधुरी दीक्षित और संजय दत्त की कल्ट सुपरहिट फिल्म 'खलनायक' याद है? उस फिल्म में माधुरी ने एक पुलिस कॉन्सटेबल का रोल अदा किया था. इसके अलावा वो फिल्म 'प्रेम दीवाने' में भी इंस्पेक्टर बनी थीं.

माधुरी दीक्षित की फिल्म 'प्रेम दीवाने' का एक सीन.
Video: अक्षय कुमार की ये फिल्म देखकर आपको समझ नहीं आएगा कि हंसे या डरें










