The Lallantop

लौंडों ने दिल पर ले ली 10 रुपए की शर्त और ऑटोवाला बन गया कातिल

एक और कैंपस किस्सा. त्रिपाठी की जुबानी सीधे कानपुर की गलियों से.

Advertisement
post-main-image
representative image
अंकित त्रिपाठी
अंकित त्रिपाठी

लल्लनटॉप को एक और फायरब्रांड लौंडा मिला है. बकैती के तीर्थस्थल कानपुर से. कहिता है कि RSS के स्कूल से पढ़ा है, जिसके हिसाब से उम्र 24 है, लेकिन असल में 25 है. IIT से बीटेक किया है. मार्क्स धर्म को अफीम कह गए थे, अंकितवा गांजा कहता है. जब मूड भन्नाता है तो वेबसाइटों के पेज पर जाकर कमेंट दाग देता है.

Advertisement

रेज्यूम जीवन में सिर्फ एक बार बनाया, क्योंकि ये बनावटी काम लगता है. वनलाइनर ऐसे मारता है कि बड़के मठाधीश भी जल-भुन जाएं. आपके लिए बड़ी मोहब्बत से कैंपस किस्सा लिखकर लाया है. बांचिए. इससे आपको भी वो किस्से याद आएंगे, जब आप घरवालों को गोली दिया करते थे.



बात उन दिनों की है, जब हम भी स्कूल जाया करते थे. ग्यारहवीं में थे. कोचिंग जाते थे दीनदयाल विद्यालय. एक दिन दीनदयाल विद्यालय, एक दिन शिक्षा निकेतन. उस दिन दीनदयाल का नंबर था. दसवीं तक स्कूल पैदल ही जाया करते थे, पर कोचिंग दूर थी तो साइकिल से जाने की इजाजत मिल चुकी थी. कुल मिलाकर नई-नई रंगबाजी सीखे थे हम. साइकिल से स्किड मारने से लेकर अगला ब्रेक मारके पिछला टायर उचका लेने तक सारे पैंतरे सीख लिए थे.

Advertisement

Campus-Kisse_poster

स्किड तो ऐसी गजब की मारते थे कि सड़क पर टायर की ग्रे कलर की घिसन छूट जाती थी, जिसे देखकर लोग बोलते थे, 'बेटा, त्रिपाठी ने मारी है'. वो बात अलग है कि दो-चार बार घुटने पर पैंट भी फट गई. अब कोई पेट से थोड़े न स्किड मारना सीखकर आता है, फट गई पैंट यार. हां तो अब दीनदयाल के सीन पर वापस आ जाते हैं. उस दिन कोचिंग के बाद दीनदयाल के साइकिल स्टैंड के पास दोस्तों के साथ बकर चल रही थी.

तभी एक चिरांद ने लफ्फाजी में कहा, 'गुरू, वहां से कोई कुदा पाएगा साइकल? 10 रुपए मेरी तरफ से'. दरअसल साइकल स्टैंड के एक ओर ग्राउंड था खेलने के लिए और साइकल स्टैंड और ग्राउंड की जमीनों के बीच एक डेढ़ फुट का अंतर था. साइकल स्टैंड उच्चे पर था और ग्राउंड निच्चे पर. दूर से साइकल भगाकर लानी थी और उसी उच्चे से निच्चे में कुदानी थी. वैसे तो तब हमाये लिए 10 रुपए बड़ी चीज हुआ करती थी, लेकिन तब बात 10 रुपए से आगे बढ़ चुकी थी. अरे शान-वान भी कउनो चीज होती है कि नहीं.

Advertisement

कसम से ऐसा जोश भर गया कि फड़क-फड़ककर मन कहने लगा कि भाई, कुदा दे साइकल और दिखा दे लौंडों को कि यहां के तो बादशाह हमइ हैं. फिर क्या था. जवान खून भला रुक सकता था क्या? पीछे से हवाओं ने फड़फड़ाकर माहौल बना दिया बिल्कुल साउथ की किसी पेलम पिच्चर की तरह. पैडल पर धरी लात और जय बजरंग बली बोलकर दौड़ा दी साइकल डेढ़ फुट गहरे गड्ढे की ओर. धुक-धुक तो बहुत हो रही थी, लेकिन शायद अपनी स्टंटबाजी से कुछ ज्यादै इम्प्रेस्ड थे. आव देखा न ताव, दम बांधकर कुदा दी साइकल गड्ढे में और अगले ही पल मेरी साइकल उस पार हो गई.

इतिहास रचा जा चुका था. जो कोई नहीं कर सका था, वो त्रिपाठी ने चुटकी में कर डाला था. अब मैं सातवें आसमान पर चढ़ चुका था. इतना कि एक और लड़के को हौसला देने और कुदाने की ट्रिक बताने के लिए एक और बार साइकल कुदाकर दिखाने की हामी भर दी. इस बार फट नहीं रही थी, बल्कि गुंडई मुस्कान थी चेहरे पर. गए शेर की तरह दहाड़ते हुए, लेकिन अगले ही पल ग्राउंड पर कुत्ता की नामा मिमिया रहे थे. इस बार वो नहीं हुआ, जो पिछली बार हुआ था.

कुछ ज्यादा ही तगड़ी चीज़ हो गई थी. अलगै लेवल की. साइकल जैसे ही नीचे ग्राउंड की जमीन से टकराई, साइकल की कइंची टूट गई और पिछला टायर दो-तीन फुट हवा में उछल गया. हम भी उछलकर गिरे जाकर, घसिलते हुए, दो-तीन मीटर दूर तक. भयंकर मुंह छिल गया था. ये तो कहो चश्मा उछलकर कहीं और गिरा गया था, नहीं तो साला कांच-वांच भी घुस सकता था आंख में. अंधिया ही जाते हम तो. लेकिन बहुत बचे यार. ये देखकर दोस्तों की वैसे ही सिट्टी-पिट्टी गुम हो चुकी थी. फिर हमी उठे, पैंट झाड़ी और कहा, 'चलो बे कुछ नहीं हुआ'.


जल्दी-जल्दी मुंह धोकर बाहर भागे, लेकिन बाहर जाकर पता चला कि चोट गुरू गहरी लगी थी. एक छोटी सी डिस्पेंसरी में जाकर मरहम-पट्टी कराई और घरवालों को बताने के लिए एक मस्त कहानी बना ली कि ऑटोवाले ने पीछे से पेल दिया, आगे सड़क खुदी पड़ी थी, उलर के गिरे जाकर, सब मौरंग-गिट्टी मुंह छेल डालिस. जिसने भी ये कहानी सुनी, ऑटो वालों को गरियाया और हमें 4-5 दिन कोचिंग जाने से आराम मिल गया.

पांच दिन खातिरदारी हुई जमकर. दिनभर टीवी देखने को मिली वो अलग. चलो कुछ तो फायदा हुआ चोट लगने का. कहानी तो सुन ली यार तुमने, लेकिन एक बिनती है. ये कहानी हमाये घर में बता न देना, कुछ भी हो जाए चाहे. काहे से अइसा है न कि उनकी नज़र में कातिल आज भी ऑटो वालै है.




ये वाले कैंपस किस्से भी पढ़ लो:
हगते वक्त मेरी मुहब्बत मुझे कल्लाने लगती थी

सोनिया गांधी को गरिया पुलिस के डंडे खाने वाले क्रांतिकारी, बाबू बैनर्जी

स्टीफेंस कॉलेज में पढ़ने वाली एक बनारसी लड़की की डायरी

मां कहती थी बड़ी होकर घास काटोगी, और वो सच हो गया

‘माड़साब्ब, लड़की से मिलने नहीं, ऊंटनी खोजने गए थे’

Advertisement