The Lallantop

देवेंद्र फडनवीस, गुंडा एक्ट लगाकर राज ठाकरे को जेल में क्यों नहीं ठूंस देते?

क्या अब गुंडे तय करेंगे देश की दिशा-दशा?

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
भारत में अब किसी भी फिल्म का भविष्य जनता नहीं तय करेगी. पहले इस काम में बाल ठाकरे सेंसर बोर्ड के साथ मिलकर काम हल्का करते थे. अब इस काम की पूरी जिम्मेदारी राज ठाकरे ने ले ली है. यूं कहिये कि ठाकरे परिवार ने भारत में एक अलग जुगाड़ ही बना लिया है. टाइम टू टाइम याद दिलाते रहते हैं कि गुंडई अभी देश से गई नहीं है. चाहे मनमोहन सिंह की सरकार आये या नरेंद्र मोदी की. अबकी फतवा आया है 'ऐ दिल है मुश्किल' को लेकर. फवाद खान के इसमें काम करने को लेकर पहले ही बवाल मच रहा था. जैसे कि फवाद ने ही उड़ी हमले का प्लान किया था. फिल्म की रिलीज मुश्किल हो गई. लोग ये भूल गये कि फिल्म की शूटिंग उसी वक्त हो रही थी, जब प्रधानमंत्री पाकिस्तान गये थे. अनुराग कश्यप ने बाकायदा इस पर कहा भी. पर बवाल कम नहीं हो रहा था. फिर करण जौहर ने बाकायदा वीडियो बनाया. जिसमें साफ-साफ कहा कि अब से मैं पाकिस्तान के कलाकारों के साथ काम नहीं करूंगा. पर फिल्म तो बन गई है. इसके बाद मुंबई पुलिस ने करण को भरोसा दिलाया कि फिल्म की रिलीज 28 अक्टूबर को होगी. हम इसकी गारंटी लेंगे. पर इसके ठीक एक दिन बाद राज ठाकरे के गुंडों ने फिर धमकी दे दी. राज के गैंग के प्रवक्ता अमय खोपकर ने एक न्यूज चैनल से कहा कि जो भी उनको प्रोटेस्ट करने से रोकेगा, उसको पीटा जायेगा. शालिनी ठाकरे ने कहा कि अगर फिल्म रिलीज करेंगे, तो जान जायेंगे कि हम लोग क्या कर सकते हैं. देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भरोसा दिलाया है कि फिल्म की रिलीज में कोई मुश्किल नहीं आएगी. देश के संविधान-कानून के भरोसे शासन-प्रशासन ने फिल्म रिलीज की गारंटी ली है. लेकिन उसी संविधान-कानून की धज्जियां उड़ाते हुए कुछ गुंडे कह रहे हैं कि रिलीज करके तो दिखाओ. तो क्या देश एक गुंडे के कहने पर चलेगा? महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस क्या कर रहे हैं वहां पर? फिर केंद्र में बैठे नरेंद्र मोदी कैसे सुन रहे हैं ये बातें. एक गुंडा जो चुनाव में सीटें नहीं जीत सकता, जिसे बोलने तक की तमीज नहीं, जो बिहारियों को जब-तब पीटता है, जो अपने ही देश में लोगों को जगह छोड़कर भागने के लिये मजबूर करता है, वो अब अपनी कुंठा निकालने के लिये फिल्ममेकर्स को टारगेट कर रहा है. क्योंकि ये उसके लिये आसान टारगेट हैं. पर क्या ये देश बगदादी के शासन में है? अगर करण जौहर का वीडियो देखें तो बस नारंगी कपड़े और बड़े से चाकू की ही कमी रह गई है. बाकी पूरा सेटअप वही है. डेढ़ सौ लोगों की टीम में एक पाकिस्तानी कलाकार को छोटा सा रोल मिल गया, तो पहले देशभक्ति आहत हुई और अपने ही देश के लोगों का बैंड बजाने लगी. इससे पेट नहीं भरा तो गुंडे कला का ठेका ले के बैठ गये. 'सबका साथ, सबका विकास' में गुंडों को तो शामिल नहीं करना था?
जाते-जाते ये वीडियो भी देख लो:
  ये भी पढ़ लो: बाल ठाकरे और शिवसेना की कहानी: पार्ट 1

बाल ठाकरे और शिवसेना की कहानी: पार्ट 2

बाल ठाकरे और शिवसेना की कहानी: पार्ट 3

”हिंदुओं ने दिखा दिया. अब वो मारते हैं, मरते नहीं” : पार्ट 4

क्या हुआ जब बाल ठाकरे के हाथ में मुंबई का रिमोट आया?: पार्ट 5

अनुराग कश्यप ने एक और बम मारा है और सब धुआं साफ हो गया है 'ऐ दिल है मुश्किल' में ऐश्वर्या की इस बात से आप हर्ट हो सकते हैं अनुराग कश्यप, तुम सल्फ़ेट हो!

Advertisement
Advertisement