“कोतवाली कासगंज में 363 और 366 IPC के एक प्रकरण के संदर्भ में अल्ताफ पुत्र चांद मियां को पूछताछ के लिए लाया गया था. उसने टॉयलेट जाने का अनुरोध किया जिसके बाद उसे हवालात में बने टॉयलेट में भेजा गया. अल्ताफ ने टॉयलेट के अंदर लगे नल में अपने जैकेट के हुड में लगी डोरी को फंसा कर गला घोंटने की कोशिश की. काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला तो पुलिसकर्मी अंदर गए और बेहोशी की हालत में उसे सीएचसी अशोक नगर कासगंज पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.”थ्योरी गले क्यों नहीं उतर रही? कासगंज पुलिस के मुखिया रोहन प्रमोद बोत्रे की थ्योरी किसी के गले नहीं उतर रही है. उनके दावे पर सवाल उठने लगे हैं. वजह है लॉकअप के टॉयलेट की वो तस्वीर जिसमें साफ दिख रहा है कि जिस नल के पाइप से डोरी बांधकर अल्ताफ के आत्महत्या करने का दावा किया गया, वो जमीन से केवल 2 फीट की ऊंचाई पर है. जबकि अल्ताफ के परिजनों ने उसकी लंबाई साढ़े पांच फीट बताई है. सवाल उठता है कि साढ़े पांच फीट का व्यक्ति दो फीट ऊंचे नल पर लटककर कैसे फांसी लगा सकता है.
आजतक की टीम जब कोतवाली पहुंची तो उसने हवालात और उसमें बने टॉयलेट के विजुअल्स भी लिए थे. इसके कुछ देर बाद सोशल मी़डिया पर एक और तस्वीर वायरल हुई. इसमें अल्ताफ का शव नल के पास पड़ा दिख रहा है. उसके गले और नल के पाइप में एक डोरी भी बंदी दिख रही है. पाइप दीवार से अलग हुआ पड़ा है. इस तस्वीर के सामने आने के बाद पुलिस पर क्राइम सीन में फेरबदल करने का भी आरोप लग गया है.

हवालात के अंदर बने वाशरूम में लगा नल | फोटो : आजतक
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक हवालात के अंदर सीसीटीवी कैमरा लगा है, जिसकी फुटेज अभी पुलिस ने नहीं दी है.
"मेरा नाम चांद मियां है. पहले मैंने मीडिया वालों को गुस्से में आकर बोल दिया था. जब मैंने डॉक्टरों से पूछा तो उन्होंने बताया कि आपके बच्चे ने फांसी लगा ली है. मेरे सामने ही पुलिस वाले मेरे बेटे को इलाज के लिए अस्पताल लाए. लेकिन वह नहीं बचा. उन्होंने मेरे साथ अच्छा व्यवहार भी किया."इस वीडियो में एक व्यक्ति चांद मियां से पूछता है कि क्या आप (पुलिस) की कार्रवाई से संतुष्ट हैं, तो वे जवाब देते हैं, ''हां, मैं कार्रवाई से संतुष्ट हूं."
हालांकि अल्ताफ की मां फातिमा और उसके चाचा हुसैन का कहना है कि हो सकता है चांद मियां को पुलिस ने डराया हो. आजतक से जुड़े आयेंद्र यादव से बातचीत में फातिमा ने कहा, "मुझे नहीं पता अब उन्होंने ऐसा क्यों कहा है. हमें इंसाफ नहीं मिला है... उन्हें डराया होगा, धमकाया गया होगा. लड़की के पिता ने (पुलिस को) पैसा भरा होगा.''
वहीं अल्ताफ के चाचा हुसैन ने कहा, "अगर पुलिस धमकाएगी तो आप वही कहोगे...आत्महत्या का आरोप गलत है. अल्ताफ की हत्या की गई है.''














